Home विश्व समाचार हवा में उछली पगड़ी, बाहर आई कृपाण; जर्मनी में गुरुद्वारे के बाहर...

हवा में उछली पगड़ी, बाहर आई कृपाण; जर्मनी में गुरुद्वारे के बाहर हिंसक झड़प, 11 घायल

7
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

जर्मनी में एक गुरुद्वारे के बाहर हुई हिंसक झड़प में 11 लोग घायल हो गए हैं। हमलावरों ने एक-दूसरे के ऊपर कृपाण, पेपर स्प्रे और चाकूओं से हमला किया।

जर्मनी के मोएर्स में एक गुरुद्वारे के बाहर रविवार को 40 से ज्यादा लोगों के बीच में हिंसक झड़प हो गई है। इस लड़ाई में हमलावरों ने पेपर स्प्रे, चाकू और कृपाण से एक-दूसरे पर हमला कर दिया। जर्मन मीडिया के मुताबिक गुरुद्वारे के प्रबंधन को लेकर दो पक्षों के बीच में यह झगड़ा हुआ था, इसमें 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

जर्मन अखबार बिल्ड की रिपोर्ट के मुताबिक यह टकराव रविवार दोपहर को हल्की बहस बाजा के साथ शुरू हुआ था, लेकिन देखते ही देखते इसने हिंसक रूप ले लिया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच में विवाद शुरू हुआ। एक पक्ष के लोग पहले से ही लड़ाई के लिए तैयार थे। उनके पास पेपर स्प्रे और चाकू थे। इन लोगों ने पहले पेपर स्प्रे का उपयोग किया उसके बाद फिर चाकूओं से हमला करना शुरू कर दिया। कथित तौर पर इस दौरान किसी ने फायरिंग भी की।

रिपोर्ट्स के मुताबिक मोएर्स के गुरुद्वारे में हुई हिंसा को समुदाय के भीतर नेतृत्व को लेकर चल रही लड़ाई का परिणाम माना जा रहा है। यहां पर मुख्य विवाद इस बात को लेकर है कि गुरुद्वारे की मुख्य कमेटी के ऊपर किसका प्रभुत्व रहेगा। इस मामले पर ज्यादा जानकारी देते हुए स्वतंत्र पत्रकार रविंद्र सिंह रोबिन ने एक्स पर पोस्ट किए एक वीडियो में बताया कि यह झड़प गुरुद्वारे की गोलक (दान पेटी) को लेकर विवाद और पहले की प्रबंधन समिति द्वारा दोबारा नियंत्रण हासिल करने की कोशिश के कारण हुई।

उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के बीच में हुई इस हिंसा से गुरुद्वारे में मौजूद भक्त घबरा गए और वहां से भागने लगे। एक गवाह ने बताया कि इस दौरान कई लोग गुरुद्वारे से बाहर निकल आए। जर्मनी की पुलिस के मुताबिक इस घटना में अभी तक 11 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है। लोगों ने पगड़ियां पहन रखी थीं, लेकिन इसके बाद भी ज्यादातर लोगों के सिर में ही चोट लगी है।

हिंसा के बाद सिख समुदाय में भी गुस्सा

गुरुद्वारे की कमेटी पर प्रभुत्व को लेकर हुई इस झड़प के बाद जर्मनी का सिख समुदाय भी नाराज है। पत्रकार रोबिन ने इस घटना को चौंकाने वाला बताया। उन्होंने लिखा, “गुरुद्वारे के अंदर सिख आपस में लड़ रहे हैं, पगड़ियां हवा में उछल रही हैं और कमजोरों की रक्षा के लिए रखी गई कृपाण एक-दूसरे पर इस्तेमाल हो रही है।” लेखक मान अमन सिंह चिन्नाह ने इसे एक शर्मनाक झड़प बताते हुए कहा कि गुरुग्रंथ साहिब की मौजूदगी में पगड़ियां उछालीं गईं और कृपाणों से हमला किया गया। यह बहुत शर्मनाक है।

इस घटना के बाद जर्मन पुलिस भी ऐक्शन में आ गई है। हिंसा की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बड़े स्तर पर ऑपरेशन चलाया। बिल्ड के अनुसार, करीब 100 भारी हथियारों से लैस पुलिसकर्मी तैनात किए गए और हेलीकॉप्टर से निगरानी की गई। गुरुद्वारे के अंदर किसी हथियारबंद व्यक्ति के होने की आशंका के चलते पुलिस ने गुरुद्वारे को सील कर दिया और सबमशीन गन से लैस SEK टीम ने अंदर प्रवेश किया। हालांकि कोई हमलावर नहीं मिला, लेकिन कम से कम एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया।

जांच एजेंसियां अब घटनाक्रम को समझने और दोषियों की पहचान करने में जुटी हैं। हथियार अभी तक बरामद नहीं हुआ है, लेकिन मौके से मिले कारतूस के आधार पर माना जा रहा है कि यह संभवतः ब्लैंक-फायरिंग (खाली गोली चलाने वाला) हथियार हो सकता है। पुलिस के अनुसार, जांच हर दिशा में जारी है। इसमें हिंसा और गुरुद्वारे के प्रबंधन व वित्त से जुड़े विवाद दोनों शामिल हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN