Source :- LIVE HINDUSTAN
Chutney Making Tips: सिलबट्टे वाली चटनी का देसी स्वाद अगर आपको भी पसंद है, तो ये टिप्स आपके बड़े काम आएंगी। मिक्सर में चटनी बनाते हुए आपको बस इन टिप्स का ध्यान रखना है, फिर देखिएगा कैसे सिलबट्टे जैसी चटनी बनकर तैयार होगी।
आजकल मिक्सर ग्राइंडर लगभग हर घर मौजूद है। जब भी चटनी खाने का मन हो, फटाफट से धनिया-पुदीना और टमाटर डालो और चटनी बनकर तैयार हो जाती है। लेकिन एक बात तो आप भी मानेंगे कि मिक्सर में बनी चटनी में वो स्वाद मिसिंग रहता है, जो सिलबट्टे वाली चटनी में आता है। उसमें एक अलग ही खुशबू, दरदरापन और देसी फ्लेवर होता है, जो मिक्सर वाली चटनी में नहीं आ पाता। हालांकि सिलबट्टे पर चटनी पीसना आसान भी नहीं होता और आजकल ये हर घर में मौजूद हो, ये भी जरूरी नहीं। लेकिन अच्छी बात ये है कि आप मिक्सर में भी ठीक सिलबट्टे जैसी चटनी पीस सकते हैं, अगर कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखा जाए। आइए जानते हैं।
मिक्सर में सिलबट्टे जैसा टेक्चर कैसे लाएं
आप नोटिस करेंगे कि सिलबट्टे वाली चटनी थोड़ी दरदरी सी होती है, जबकि मिक्सर में ये एकदम स्मूद पेस्ट जैसी हो जाती है। इसे ठीक करने के लिए सबसे जरूरी है कि चटनी को एक साथ ज्यादा देर तक ग्राइंड ना करें। मिक्सर को छोटे-छोटे पल्स में चलाएं यानी कुछ सेकंड चलाकर रोक दें। इससे चटनी ज्यादा बारीक नहीं होगी और वही दरदरा सा टेक्सचर बरकरार रहेगी।
एक बार में ज्यादा पानी ना डालें
मिक्सर में चटनी बनाते हुए अक्सर हम एक साथ ज्यादा पानी डाल देते हैं, जिस वजह से वो फीकी और पतली हो जाती है। वहीं जब सिलबट्टे में चटनी पीसी जाती है तो लगभग नहीं के बराबर पानी डाला जाता है, जिससे चटनी का टेक्सचर और खुशबू दोनों अच्छे आते हैं। इसलिए जब भी मिक्सर में चटनी पीसें, बिल्कुल काम पानी डालें। इससे चटनी गाढ़ी और फ्लेवरफुल बनेगी।
मिक्सर में इस ट्रिक से पीसें चटनी
एक बार में सारी चीजें मिक्सर ना डालें। उदाहरण के लिए अगर आप हरी चटनी बना रहे हैं तो हरा धनिया, पुदीना, हरी मिर्च या अदरक जैसी चीजों को भारी मात्रा में ना डालें। पहले छोटे मसाले जैसे अदरक और मिर्च को हल्का क्रश कर लें, फिर धीरे-धीरे बाकी की सामग्री डालें। इससे मिक्सर वाली चटनी में बिल्कुल सिलबट्टे जैसा टेक्चर और स्वाद आएगा।
चटनी को ज्यादा पीसने से बचें
कई बार लोग मिक्सर में डालकर चटनी को ज्यादा पीस देते हैं। इसी ओवरग्राइडिंग की वजह से वो एकदम पतली और फीकी हो जाती है, जिसे रोटी के साथ खाने में बिल्कुल मजा नहीं आता। इसलिए हमेशा ध्यान रखें कि आपको चटनी को ज्यादा ओवरग्राइंड नहीं करना है। टेक्सचर हल्का दरदरा रखें, ताकि हर बाइट में फ्रेश स्वाद आए।
ऊपर से लगाएं स्वाद का तड़का
चटनी के ऊपर हल्का सा तड़का लगाकर वही गांव वाला देसी स्वाद आता है। सरसों के तेल में जरा सी राई, करी पत्ता और साबुत लाल मिर्च का तड़का तैयार कर के चटनी में लगाएं, वही ऑथेंटिक देसी फ्लेवर मिलेगा जो सिलबट्टे वाली चटनी में आता है।
(Images Credit- Pinterest, Shutterstock)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



