Source :- LIVE HINDUSTAN
इससे पहले भारतीय मिशन ने सऊदी अरब में रविवार को अपने नागरिकों के लिए परामर्श जारी किया कि वे सतर्क रहें और सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करें। उनसे यह भी कहा गया है कि वे स्थानीय अधिकारियों द्वारा जारी सलाह का सावधानीपूर्वक अनुसरण करें।
Iran-America War: ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच जारी भीषण युद्ध के बीच भारत के लिए एक राहत वाली खबर सामने आई है। रविवार को सऊदी अरब पर ईरानी मिसाइल हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत की खबरें सामने आने के बाद अब भारतीय दूतावास ने इसे खारिज कर दिया है। रियाद में स्थित भारतीय दूतावास ने सोमवार को कहा है कि सऊदी अरब के अल खर्ज शहर में एक रिहायशी इलाके पर हुए मिसाइल हमले में किसी भारतीय नागरिक की मौत नहीं हुई है।
दूतावास ने जानकारी देते हुए बताया कि हमले में घायल भारतीय का अभी इलाज चल रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में भारतीय मिशन ने लिखा, “राहत की बात है कि कल शाम अल खर्ज में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में किसी भारतीय की मौत नहीं हुई है।” दूतावास ने आगे कहा कि वह सऊदी अधिकारियों के संपर्क में है और स्थिति पर करीब से नजर रख रहा है। यह भी बताया गया कि काउंसलर वाई साबिर ने रविवार देर रात अल खर्ज का दौरा किया और घटना में घायल भारतीय नागरिक से मुलाकात की।
युद्ध के बीच भारतीय की मौत की खबर
दूतावास की तरफ से यह जानकारी उन रिपोर्ट्स के बाद सामने आई हैं जिनमें ईरानी हमले में एक भारतीय की मौत का दावा किया गया था। रिपोर्ट्स में कहा गया था कि अल खर्ज में एक रिहायशी इलाके में एक प्रोजेक्टाइल के गिरने से मारे गए 2 लोगों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल था। सऊदी सिविल डिफेंस के जनरल डायरेक्टरेट की तरफ से जारी एक बयान के मुताबिक इस घटना में दो विदेशी नागरिकों, जिनमें एक भारतीय और एक बांग्लादेशी शामिल थे, उनकी मौत हो गई, जबकि 12 बांग्लादेशी घायल हो गए। हालांकि अब भारतीय दूतावास ने इन खबरों को खारिज किया है।
भारत ने अपने नागरिकों को मदद का दिया आश्वासन
इस बीच सऊदी अरब में भारत के राजदूत सुहेल एजाज खान ने रविवार को डिजिटल माध्यम से भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की है और उन्हें मदद का आश्वासन दिया। सुहेल खान के साथ मिशन के उप प्रमुख अबू मथेन जॉर्ज और काउंसलर (सामुदायिक कल्याण) वाई साबिर भी थे। एक्स पर किए गए एक पोस्ट के अनुसार, राजदूत ने समुदाय को आश्वासन दिया कि दूतावास जरूरतमंद भारतीय नागरिकों को हरसंभव सहायता देने के लिए तैयार है। खान ने समुदाय के प्रतिनिधियों को दूतावास की हालिया पहल के बारे में भी जानकारी दी, जिसमें त्वरित सहायता प्रदान करने के लिए 24 घंटे चालू रहने वाले नियंत्रण कक्ष की स्थापना शामिल है।
सावधानी बरतने की अपील
वहीं भारतीय मिशन ने सऊदी अरब में रविवार को अपने नागरिकों के लिए परामर्श जारी किया कि वे सतर्क रहें और सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करें। उनसे यह भी कहा गया है कि वे स्थानीय अधिकारियों द्वारा जारी सलाह का सावधानीपूर्वक अनुसरण करें। परामर्श में कहा गया है कि कई विमानन कंपनियां रियाद, जेद्दा, दम्माम और भारतीय शहरों के बीच उड़ानें संचालित कर रही हैं और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। बता दें कि भारत और सऊदी अरब की विमानन कंपनियों ने जेद्दा और मदीना में अपनी सामान्य उड़ानें फिर शुरू कर दी हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



