Home राष्ट्रीय समाचार श्रेयस अय्यर को तूफ़ानी पारी के लिए मिली शाबाशी लेकिन मैच जिताने...

श्रेयस अय्यर को तूफ़ानी पारी के लिए मिली शाबाशी लेकिन मैच जिताने के बाद लगा झटका

19
0

Source :- BBC INDIA

पंजाब किंग्स की जीत में कप्तान श्रेयस अय्यर की तूफ़ानी पारी का योगदान रहा

इमेज स्रोत, ANI

एक घंटा पहले

पढ़ने का समय: 7 मिनट

होम ग्राउंड चेपॉक में शुक्रवार की रात जब चेन्नई सुपर किंग्स ने 209 का स्कोर खड़ा किया तो उसके फैन्स पूरे जोश में थे.

उन्हें लग रहा था कि पंजाब किंग्स के इस मैदान पर इस स्कोर का पीछा करना मुश्किल होगा. लेकिन पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर की तूफ़ानी फ़िफ्टी ने चेन्नई सुपर किंग्स की उम्मीदों पर पानी फेर दिया.

श्रेयस अय्यर की ताबड़तोड़ पारी के दम पर पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को पांच विकेट से हरा दिया. पंजाब किंग्स ने आईपीएल में लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की है. इससे पहले उसने गुजरात टाइटंस को हराया था.

दूसरी ओर, चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत ख़राब रही और वो लगातार दो मैच हार चुकी है. पांच बार की चैंपियंस चेन्नई सुपर किंग्स पहले राजस्थान रॉयल्स के ख़िलाफ़ हारी थी और अब पंजाब किंग्स ने उन्हें हरा दिया है.

एक वक़्त ऐसा लगा की चेन्नई सुपर किंग्स मैच में हावी है क्योंकि आयुष म्हात्रे ने ताबड़तोड़ बल्लेबाज़ी कर पंजाब किंग्स के गेंदबाज़ों में दहशत पैदा कर दी थी.

उन्होंने महज़ 43 गेंदों में 73 रन की पारी खड़ी कर दी थी. बाद में सरफ़राज़ ख़ान और शिवम दुबे ने आख़िरी ओवरों में तेज़ी से रन बटोरे और स्कोर को 200 के पार पहुंचा दिया.

210 रन के टारगेट का पीछा करते हुए पंजाब किंग्स ने धमाकेदार शुरुआत की. प्रियांश आर्या ने 11 बॉल में 39 रन बनाए.

प्रियांश आर्या वैभव सूर्यवंशी की तरह बिल्कुल युवा बल्लेबाज़ हैं और जब वो रन बरसा रहे थे तो ऐसा लग रहा था कि पंजाब किंग्स जल्दी ही इस खेल को अपने पाले में समेट लेगी. लेकिन प्रियांश आर्या 39 रन के स्कोर पर मैट हेनरी की एक गेंद पर जल्दबाज़ी में शॉट लगाने के चक्कर में बोल्ड हो गए.

प्रभसिमरन सिंह ने भी धमाकेदार शुरुआत की और 34 बॉल में 43 रन बनाए. दोनों के बीच 4.2 ओवर में 61 रन की साझेदारी हुई.

प्रियांश आर्या ने अपनी पारी में तीन चौके और चार छक्के लगाए. वहीं प्रभसिमरन सिंह ने छह चौके और एक छक्का लगाया.

कूपर कोनोली ने भी 22 बॉल में 36 रन बनाए. इनमें छह चौके शामिल थे.

पंजाब किंग्स के बल्लेबाज़ों की ओर से मज़बूत बुनियाद रखे जाने के बावजूद ऐसा लग रहा था कि चेन्नई सुपर किंग्स बाज़ी मार ले जाएगी क्योंकि उसने 200 से ज़्यादा का स्कोर खड़ा कर लिया था और होम ग्राउंड पर उसकी टीम को दर्शकों का भरपूर समर्थन हासिल था.

लेकिन पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर की बल्लेबाज़ी टर्निंग प्वाइंट साबित हुई. पंजाब किंग्स के कप्तान ने तेज़ फ़िफ्टी लगाकर अपनी टीम को आईपीएल के इस सीज़न में लगातार दूसरी जीत दिला दी.

वो 29 गेंदों में 50 रन की पारी खेलकर आउट हुए. उन्होंने चार चौके और तीन छक्के लगाए.

29 गेंदों पर 50 रन की शानदार पारी

पूरी तरह फिट न होने के बावजूद  श्रेयस अय्यर ने शानदार पारी खेली

इमेज स्रोत, Getty Images

श्रेयस अय्यर की इस कप्तानी पारी की इस वजह से भी तारीफ़ हो रही है कि पूरी तरह फिट न होने के बावजूद उन्होंने ज़रूरत पड़ने पर शानदार पारी खेली.

पिछले मैच में उन्हें बैटिंग के दौरान कलाई में चोट लगी थी और वह उससे पूरी तरह उबर नहीं सके थे. इसके बावजूद उन्होंने चेन्नई के ख़िलाफ़ 29 गेंदों में 50 रन की पारी खेली.

नेहल वढेरा बड़ी पारी नहीं खेल सके. उन्होंने नौ गेंदों पर दस रन बनाए. इसके बाद शशांक सिंह और मार्कस स्टोइनिस की जोड़ी ने 18.4 ओवर में पंजाब किंग्स को जीत दिला दी.

शशांक सिंह ने छह गेंदों पर 14 रन बनाए और मार्कस स्टोइनिस तीन गेंदों पर नौ रन बनाकर नाबाद रहे.

पंजाब किंग्स का आईपीएल में यह दूसरा सबसे बड़ा रन चेज़ है.

पंजाब की टीम ने नौवीं बार टी-20 में 200 प्लस का टारगेट चेज़ किया है.

वहीं चेन्नई के खिलाफ पंजाब किंग्स की यह चौथी जीत भी है.

श्रेयस अय्यर की जमकर तारीफ़ हो रही है. सोशल मीडिया पर क्रिकेट फ़ैन्स उनकी बल्लेबाज़ी की तारीफ़ कर रहे हैं.

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने एक्स पर लिखा, ”श्रेयस सच में कमाल के खिलाड़ी हैं. मैं खास तौर पर उन्हें देखने के लिए ही टीवी चालू करता हूं.”

वहीं खेल पत्रकार विक्रांत गुप्ता ने लिखा, ”अभी भले ही कोई जगह खाली न हो, लेकिन मुझे उम्मीद है कि श्रेयस अय्यर का हाल रवि शास्त्री जैसा न हो. यानी एक बेहतरीन लीडर होने के बावजूद भारत का नियमित कप्तान बनने का मौका न मिलना.”

”हालांकि रवि शास्त्री ने 1988 में चेन्नई में एक टेस्ट मैच में टीम की कप्तानी की थी, जब उस समय के कप्तान वेंगसरकर पिछले टेस्ट में हाथ टूटने के कारण बाहर हो गए थे.”

”श्रेयस शांत रहते हैं, लेकिन साथ ही बेहद प्रभावी कप्तान भी हैं.”

राजीव नाम के एक यूजर ने एक्स पर लिखा, ” श्रेयस अय्यर ने यह काम भारतीय टीम और पंजाब किंग्स के लिए कई बार किया है.”

”जब टीम 2–3 विकेट जल्दी खो देती है, तो श्रेयस आते ही लगातार छक्के लगाकर तेज़ रन बनाते हैं.”

”उन्हें भारत की टी-20 टीम का कप्तान भी बनाया जाना चाहिए और नए नंबर चार पर बल्लेबाज़ी करने का मौका भी मिलना चाहिए. बल्लेबाज़ के रूप में भी मौका मिलना चाहिए.”

”श्रेयस अय्यर एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं, जिनकी 25 करोड़ रुपये से ज़्यादा की बड़ी कीमत को लेकर कभी सवाल नहीं उठाए गए.”

कप्तान श्रेयस को तारीफ़ मिल रही है लेकिन निजी तौर पर उन्हें झटका भी लगा है.

श्रेयस अय्यर पर क्यों लगा जुर्माना

श्रेयर अय्यर पर पंजाब किंग्स के धीमे ओवर रेट की वजह से 24 लाख रुपये का जुर्माना लगा है

इमेज स्रोत, ANI

कप्तान श्रेयस अय्यर की कप्तानी पारी की वजह से उन्हें भरपूर तारीफ़ मिल रही है लेकिन उन्होंने निजी तौर पर उन्हें झटका भी लगा है.

पंजाब किंग्स की ओर से स्लो ओवर रेट की वजह से कप्तान श्रेयस अय्यर के ख़िलाफ़ जुर्माना लगाया गया है.

यह इस सीज़न में उनकी टीम की दूसरी गलती थी, जो आईपीएल के आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 (न्यूनतम ओवर गति से संबंधित नियम) के तहत आती है.

टीम के बाकी खिलाड़ियों, जिनमें इम्पैक्ट प्लेयर भी शामिल है, पर 6 लाख रुपये या उनकी मैच फीस का 25 फ़ीसदी (जो भी कम हो) का जुर्माना लगाया जाएगा.

वहीं गुजरात टाइटंस के ख़िलाफ़ मैच में भी स्लो ओवर को लेकर श्रेयस अय्यर पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लग चुका है.

आयुष म्हात्रे और प्रियांश आर्या चमके

चेन्नई सुपर किंग्स के आयुष म्हात्रे ने 73 रन की पारी खेली

इमेज स्रोत, ANI

श्रेयस अय्यर के अलावा आईपीएल के इस मैच में जिस एक और खिलाड़ी की काफ़ी तारीफ हो रही है वो हैं पंजाब किंग्स के प्रियांश आर्या और चेन्नई सुपर किंग्स के युवा बल्लेबाज़ आयुष म्हात्रे.

प्रियांश आर्या ने 11 गेंदों में 39 रन बनाकर अपनी प्रतिभा का ज़बरदस्त प्रदर्शन किया.

वहीं पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में आयुष म्हात्रे ने ना केवल अर्धशतकीय पारी खेली बल्कि इस पारी के दम पर उन्होंने चेन्नई के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ी के तौर पर अपनी पहचान बना ली है.

आयुष म्हात्रे ने 43 गेंद में 6 चौके और 5 छक्कों की मदद से 73 रन की पारी खेली. इस पारी में उन्होंने 169.77 की स्ट्राइक रेट से बैटिंग की. म्हात्रे की इस पारी के दम पर ही चेन्नई एक बड़ा स्कोर (209 रन) बना पाई.

आईपीएल के इतिहास में म्हात्रे अब उन खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं जिन्होंने 19 साल की उम्र से पहले सबसे अधिक बार 50 रन के आंकड़ों को पार किया है.

इस लिस्ट में युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी भी शामिल हैं. सूर्यवंशी अभी सिर्फ़ 15 साल के हैं और उन्होंने तीन बार 50 से ज़्यादा स्कोर बनाया है.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़ रूम की ओर से प्रकाशित

SOURCE : BBC NEWS