Source :- LIVE HINDUSTAN
Cooking Tips: शेफ रणवीर बरार ने रोटी और पराठे के बीच का अंतर बताया है। इस तरह से आटा लगाएंगी तो रोटी एकदम सॉफ्ट बनेंगी, वहीं पराठे में एक खस्तापन आएगा जो काफी टेस्टी लगता है।
हमारे भारतीय घरों में या तो रोटी या फिर पराठा, लगभग रोजाना ही बनते हैं। बच्चे टिफिन में पराठा ले जाना पसंद करते हैं, वहीं रोज लंच के लिए रोटी एक परफेक्ट ऑप्शन है। वैसे क्या आपको इन दोनों के बीच का फर्क पता है? जी नहीं, पराठे पर तेल लगाकर सेंका जाता है, सिर्फ यही एक फर्क नहीं है। इन दोनों का आटा भी अलग तरह से गूंथा जाता है। अगर आप सेम तरीके से ही रोटी या पराठा बना रही हैं, तो ये फर्क आपको जरूर जानना चाहिए क्योंकि तभी अच्छे पराठे और रोटी बनती हैं। कुछ चीजें अलग से मिलाई जाती हैं, जिससे रोटी मुलायम बनती है वहीं पराठे में एक कुकुरापन आता है। शेफ रणवीर बरार ने दोनों (रोटी-पराठे) के आटे के बीच का फर्क बताया है और साथ ही गूंथने का सही तरीका भी बताया है। आइए जानते हैं-
रोटी के आटे में क्या क्या मिलाया जाता है?
सिंपल रोटी के लिए आटा भी बिल्कुल सादा लगाया जाता है। इसके लिए एक परात में गेहूं का आटा लें और उसमें थोड़ा सा स्वादानुसार नमक मिला लें। कितना पानी डालना है, इसका फॉर्मूला सिंपल है। आपको सिर्फ 1/3 पानी का इस्तेमाल करना है। यानी अगर 1 किलो आटा है तो लगभग 300 ml पानी यूज करना है। अब आटे को अच्छी तरह दबा-दबाकर गूंथे, तभी सही टेक्सचर आता है।
टिप: शेफ रणवीर बताते हैं कि किसी भी चीज को अगर मुलायम बनाना है तो उसमें घी मिलाएं। घी में नेचुरल मॉइश्चर होता है तो नर्म बनाने का काम करता है। इसलिए रोटी का आटा लगाने के बाद उसमें एक चम्मच देसी घी भी जरूर मिलाएं और दोबारा से एक बार गूंथ लें। अब एक गीले कपड़े से आटे को कवर करें और लगभग 5 मिनट के लिए यूं ही छोड़ दें। इससे आटा सेट हो जाएगा और रोटी काफी सॉफ्ट बनेंगी।
पराठे के आटे में क्या-क्या मिलाया जाता है?
पराठे का आटा रोटी से अलग इसलिए होता है क्योंकि पराठे में दोनों टेक्सचर होते हैं, सॉफ्टनेस भी और हल्का खस्तापन भी। इसलिए यहां आपको तेल या घी सिर्फ बाद में नहीं बल्कि गूंथने से पहले भी डालना है। सबसे पहले एक परात में गेहूं का आटा लें, उसमें स्वादानुसार नमक डालें और थोड़ा सा घी या तेल मिलाएं। बहुत ज्यादा नहीं मिलाना है, अगर 1 कप आटा है तो उस हिसाब से सिर्फ आधा चम्मच घी या तेल काफी रहेगा।
टिप: सादा पराठा और भी टेस्टी लगे इसके लिए आप थोड़ा सा अजवाइन भी मिला सकती हैं। इससे पराठे में काफी अच्छी खुशबू और स्वाद आता है।
रोटी से सख्त लगेगा पराठे का आटा
पराठे का आटा हमेशा रोटी के आटे से थोड़ा सख्त लगता है। क्योंकि इसमें लेयरिंग होगा और बाद में और घी भी जाएगी, जिससे ये सॉफ्ट हो ही जाएगा। इसे परात में अच्छी तरह फैलाकर गूंथ लें, फिर 1 चम्मच घी और मिलाएं और दोबारा अच्छी तरह गूंथ लें। इसे भी गीले कपड़े से ढककर 5 मिनट रेस्ट के लिए रख दें।
(Images Credit- Pinterest)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



