Home राष्ट्रीय समाचार यूपी: कानपुर में लेम्बोर्गिनी कार चालक ने कई लोगों को मारी टक्कर,...

यूपी: कानपुर में लेम्बोर्गिनी कार चालक ने कई लोगों को मारी टक्कर, तीन घायल

7
0

Source :- BBC INDIA

कानपुर की घटना

इमेज स्रोत, AMIT KUMAR

उत्तर प्रदेश के कानपुर में दिल्ली रजिस्टर्ड लेम्बोर्गिनी कार ने कई लोगों को टक्कर मार दी. इसमें कम से कम तीन व्यक्तियों के घायल होने की ख़बर है.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक़ रविवार शाम को ग्वालटोली थाने के रेव के पास काले रंग की कार ने पहले ऑटो फ़िर बाइक सवार एक व्यक्ति को टक्कर मार दी थी.

इसके बाद कार डिवाइडर पर चढ़ गई, जिसमें कुछ और लोगों को चोट लगी है.

घटना में घायल विशाल त्रिपाठी ने मीडिया को बताया, “हम बाइक स्टैंड पर लगाकर खड़े थे. तभी पीछे से आवाज़ आई, पलटकर देखा तो गाड़ी पहले ऑटो से टकराई.”

“फ़िर हमारी बाइक को टक्कर मारते हुए आगे खड़े लोगों से टकरा गई. दो लोग अस्पताल गए हैं. बाकी हम लोगों को चोट लगी है. हमने थाने में तहरीर दी है.”

उन्होंने कहा, “शीशा तोड़कर कार चालक को निकाला गया है. ये कार शिवम मिश्रा चला रहे थे.”

कानपुर के पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने मीडिया से कहा, “कानपुर के ग्वालटोली थाना क्षेत्र का मामला है. कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मारते हुए कई गाड़ियों से टकरा गई.”

उन्होंने बताया कि कार को जब्त कर लिया गया है और घायलों का इलाज चल रहा है.

पुलिस की मुताबिक़ मामले की जांच चल रही है. हालांकि, कार चालक के घर वालों का दावा है कि मिर्गी का दौरा पड़ने की वजह से कार अनियंत्रित हो गई थी.

फ़िलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.

पुलिस का कहना है कि कोई भी व्यक्ति गंभीर रूप से घायल नहीं है.

SOURCE : BBC NEWS