Home विश्व समाचार युद्ध के बीच सेना पर भड़का इजरायल, पत्रकारों के साथ हिंसा मामले...

युद्ध के बीच सेना पर भड़का इजरायल, पत्रकारों के साथ हिंसा मामले में पूरी बटालियन सस्पेंड

8
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

वेस्ट बैंक में इजरायली सेना द्वारा पत्रकारों के साथ की गई मारपीट के मामले में इजरायल ने ऐक्शन लिया है। सेना ने पूरी बटालियन को वेस्ट बैंक से हटाकर ट्रेनिंग पर भेज दिया है। सेना की तरफ से कहा गया कि ऐसी हरकत किसी भी हालत में स्वीकार नहीं की जा सकती।

पश्चिम एशिया में कई मोर्चों पर लड़ रहे इजरायल ने अपनी सेना के ऊपर कड़ा ऐक्शन लिया है। वेस्ट बैंक में कुछ पत्रकारों के साथ हुई मारपीट के मामले में इजरायल ने पूरी रिजर्व बटालियन को सस्पेंड कर दिया है। वेस्ट बैंक में ऑपरेशनल गतिवधियों का हिस्सा बनी इस बटालियन को वहां से हटा दिया गया है। उन्हें अगले आदेश तक के लिए ट्रेनिंग पर भेज दिया गया है।

इजरायली सेना की तरफ से जारी बयान में बताया गया कि पत्रकारों के साथ घटना में शामिल यह बटालियन रिजर्व सेना का हिस्सा है। इसमें सैंकड़ों सैनिक शामिल थे। गौरतलब है कि इजरायली सेना द्वारा यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है, जब सीएनएन के पत्रकारों से साथ मारपीट की घटना सामने आई थी। इन पत्रकारों को हिरासत में भी ले लिया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, सैनिकों ने फोटो जर्नलिस्ट सिरिल थियोफिलॉस को पकड़कर गला दबाया, उन्हें जमीन पर गिराया और उनका कैमरा भी नुकसान पहुंचाया। इजराइली सेना इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि इस मामले की जांच सैन्य पुलिस द्वारा की जाएगी।

आईडीएफ ने रिजर्व बटालियन द्वारा की गई इस हरकत को गंभीर नैतिक और पेशेवर विफलता करार दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह का व्यवहार सेना के मूल आचरण के अनुरूप नहीं है।

इजरायली सेना प्रमुख इयॉल जमीर ने भी इस घटना पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा, “हथियारों का इस्तेमाल केवल मिशन को पूरा करने के लिए होता है। इसमें बदले की भावना की कोई जगह नहीं है। हम अपने बलों से ऐसी घटनाओं की उम्मीद नहीं करते हैं और न ही ऐसी हरकतों को स्वीकार किया जाएगा।

आपको बता दें, इजरायल के ऊपर पत्रकारों की हत्या और उनके साथ अपमानजनक व्यवहार का आरोप लगता रहा है। हाल ही में लेबनान में भी इजरायली एयर स्ट्राइक में कुछ लेबनानी पत्रकारों की मौत हो गई थी। हालांकि, उनमें से एक पत्रकार को इजरायल ने हिज्बुल्लाह का सहयोगी करार दिया था। इसके अलावा बाकी पत्रकारों की मौत को कोलेट्रल डैमेज कहा गया।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN