Home विश्व समाचार बीबी ने दुनिया को किया ब्लैकमेल, नेतन्याहू तीसरा विश्व युद्ध चाहते हैं;...

बीबी ने दुनिया को किया ब्लैकमेल, नेतन्याहू तीसरा विश्व युद्ध चाहते हैं; जानें पूरा दावा किसका है

17
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच अमेरिकी टिप्पणीकार कैंडेंस ओवेन्स ने इजरायल और उसके प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि उन्होंने दुनिया को ब्लैकमेल किया। ओवेन्स ने अमेरिका-ईरान संघर्ष में एपस्टीन फाइलों का कथित संबंध बताते हुए तीसरे विश्व युद्ध की चेतावनी दी है।

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच रूढ़िवादी अमेरिकी टिप्पणीकार कैंडेंस ओवेन्स ने रविवार को इजरायल और उसके प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि उन्होंने ‘दुनिया को ब्लैकमेल’ किया। ओवेन्स ने अमेरिका-ईरान संघर्ष में जेफरी एपस्टीन फाइलों का कथित संबंध बताते हुए तीसरे विश्व युद्ध की चेतावनी दी है। ओवेन्स ने सोशल मीडिया एक्स लिखा कि इजरायल, जिसके लिए जेफरी एपस्टीन काम करता था, ने दुनिया को ब्लैकमेल किया है। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं इजरायल या उनके तथाकथित ‘रेड हीफर’ युद्ध का बिल्कुल समर्थन नहीं करती। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि इजरायल और नव-रूढ़िवादी तत्व तीसरे विश्व युद्ध को भड़काना चाहते हैं, ताकि ईरान में रॉथ्सचाइल्ड बैंकिंग स्थापित की जा सके और वैश्विक स्तर पर सूदखोरी के माध्यम से लोगों को गुलाम बनाया जा सके।

ओवेन्स ने ईरानी स्कूली छात्राओं पर हुए कथित हमले का जिक्र करते हुए कहा कि हमने बिना किसी तत्काल खतरे या उकसावे के 250 ईरानी स्कूली छात्राओं की हत्या कर दी। यह इसलिए किया गया क्योंकि बीबी (नेतन्याहू) और नव-रूढ़िवादी तीसरा विश्व युद्ध चाहते हैं। उन्होंने अमेरिका को कर्ज, जुआ, अश्लीलता और कभी न खत्म होने वाले युद्धों से तबाह होने का दावा किया। बता दें कि कुछ दिन पहले ओवेन्स ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर निशाना साधते हुए कहा था कि ट्रंप ‘गुस्से में’ हैं और इस युद्ध का समर्थन केवल ट्रंप-विरोधी तथा इजरायल-समर्थक लोग कर रहे हैं। उन्होंने लिखा कि वे युद्ध बुरी तरह हार रहे हैं और ट्रंप को यह भ्रम देने की कोशिश कर रहे हैं कि उनके समर्थक यही चाहते थे।

इस बीच, अमेरिका और ईरान के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। तेहरान ने चेतावनी दी है कि अगर वाशिंगटन राष्ट्रपति ट्रंप की बिजली संयंत्रों पर हमले की धमकी को अंजाम देता है, तो तेल निर्यात के लिए महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य को तुरंत ‘पूरी तरह बंद’ कर दिया जाएगा। ट्रंप ने शनिवार देर रात 48 घंटे की समय सीमा तय की थी कि जलडमरूमध्य खोला जाए, अन्यथा ईरान के बिजली संयंत्रों को ‘नष्ट’ कर दिया जाएगा।

दूसरी ओर ईरानी मिसाइल हमलों में इजरायल के दक्षिणी इलाकों में कई लोग घायल हुए हैं, जिसमें एक गुप्त परमाणु अनुसंधान स्थल के पास का क्षेत्र शामिल है। नेतन्याहू ने इसे ‘चमत्कार’ बताया कि किसी की जान नहीं गई। इजरायल ने दावा किया है कि वह और अमेरिका अपने लक्ष्यों ( ईरान के परमाणु एवं मिसाइल कार्यक्रम को कमजोर करना, प्रॉक्सी समर्थन रोकना तथा ईरानी जनता को धर्मतंत्र से मुक्त करने ) की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN