Home विश्व समाचार बांग्लादेश में नई सरकार बनते ही तुर्की ने चली चाल, आनन-फानन में...

बांग्लादेश में नई सरकार बनते ही तुर्की ने चली चाल, आनन-फानन में ढाका क्यों पहुंचे एर्दोगन के बेटे?

8
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

अब जब बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन हुआ है और रहमान के राज में भारत से संबंध सुधरने की गुंजाइश है, तो तुर्की खेल बिगाड़ने में लग गया है। एर्दोगन के बेटे बिलाल एक प्राइवेट एयरक्राफ्ट से ढाका पहुंचे।

बांग्लादेश में तारिक रहमान के नेतृत्व में नई सरकार बनते ही भारत से संबंध ठीक होने की उम्मीदें लगने लगी हैं। हालांकि, भारत के दुश्मन देशों ने भी अपनी चालें चल दी हैं और इसी कड़ी में ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान का साथ देने वाला तुर्की नए खेल की तैयारी में लग गया है। रहमान के शपथ लेने के 24 घंटे के भीतर ही तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन के बेटे बिलाल एर्दोगन आनन-फानन में बांग्लादेश के ढाका पहुंचे। इससे माना जा रहा है कि तुर्की बांग्लादेश के साथ अपने रिश्तों को बेहतर बनाए रखने की जुगत में लग गया है।

मोहम्मद यूनुस के राज में भारत और बांग्लादेश के बीच संबंध काफी खराब हो गए थे। बांग्लादेश उन देशों के करीब चला गया था, जिनके रिश्ते भारत से खराब हैं। फिर चाहे वह पाकिस्तान हो या चीन या फिर अन्य कोई देश, बांग्लादेश ने इनके साथ संबंधों को सुधारने के लिए कई कदम उठाए थे। अब जब बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन हुआ है और रहमान के राज में भारत से संबंध सुधरने की गुंजाइश है, तो तुर्की खेल बिगाड़ने में लग गया है। एर्दोगन के बेटे बिलाल एक प्राइवेट एयरक्राफ्ट से ढाका पहुंचे। उनके साथ पूर्व फुटबॉलर मेसुत ओजिल और अब्दुल्ला एरॉन भी थे। अब्दुल्ला तुर्की की एजेंसी टीका के चेयरमैन हैं।

बांग्लादेश पहुंचने पर बिलाल के नेतृत्व वाले डेलीगेशन ने ढाका यूनिवर्सिटी में एक नए बने मेडिकल सेंटर का उद्घाटन किया। इस प्रोजेक्ट को TIKA ने फंड किया था, जब जमात-ए-इस्लामी की स्टूडेंट विंग, इस्लामी छात्र शिबिर ने ढाका यूनिवर्सिटी सेंट्रल स्टूडेंट्स यूनियन इलेक्शन में जीत हासिल की थी। छात्र शिबिर के लीडर सादिक कायम ने कहा कि यह विजिट एक ऐसी दोस्ती को दिखाती है जो प्रोटोकॉल से परे है। बिलाल का कॉक्स बाजार में रोहिंग्या रिफ्यूजी कैंप का भी दौरा करने का प्लान है।

पहले पाक, चीन और अब तुर्की

यूनुस राज में बांग्लादेश ने चीन और पाकिस्तान के साथ संबंध बेहतर किए। पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच लंबे समय के बाद सीधी फ्लाइट भी शुरू हुई। इसके अलावा, दोनों देशों के अधिकारियों ने भी एक-दूसरे देश का दौरा किया। इससे दोनों देशों में खटास दूर हुई। अब तुर्की भी बांग्लादेश के साथ घनिष्ठ संबंध बनाने पर लग गया है। शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद अंकारा और ढाका के बीच करीबी आई है। डिफेंस और सिक्योरिटी में यह रिश्ते एक नए आयाम पर पहुंच गए हैं।

तुर्की में बने अटैक हेलीकॉप्टर खरीद रहा बांग्लादेश

बांग्लोदश तुर्की से बड़े पैमाने पर हथियारों की खरीद भी कर रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, बांग्लादेश ने $600 मिलियन के गवर्नमेंट-टू-गवर्नमेंट एग्रीमेंट के तहत तुर्की में बने छह T129 ATAK अटैक हेलीकॉप्टर खरीदने को मंजूरी दे दी है, जिससे रोटरी-विंग कॉम्बैट कैपेबिलिटी में काफी बढ़ोतरी होगी। बांग्लादेश मिलिट्री फोकस के मुताबिक, बांग्लादेश एयर फोर्स के अधिकारियों ने टर्किश एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज TAI के फ्लाइट टेस्टिंग डायरेक्टर आरिफ अतेस के दौरे के बाद इस खरीद की पुष्टि की, जो 13 जनवरी को ढाका कैंटोनमेंट में आर्म्ड फोर्सेज डिवीजन के प्रिंसिपल स्टाफ ऑफ़िसर लेफ्टिनेंट जनरल एस.एम. कमरुल हसन से मिले थे।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN