Home विश्व समाचार ‘फोन नहीं दिया तो बंदूक निकल जाएगी’, दिल्ली में पत्रकार से क्या...

‘फोन नहीं दिया तो बंदूक निकल जाएगी’, दिल्ली में पत्रकार से क्या बोले रूसी विदेश मंत्री

13
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

वीडियो में दिखाई देता है कि सर्गेई लावरोव ने पत्रकार को अंग्रेजी में सख्त लहजे में कहा, ‘क्या आप हमें जारी रखने देंगे? मैं मजाक नहीं कर रहा हूं।’ इसके तुरंत बाद उन्होंने वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों की ओर देखते हुए कहा, ‘इसे यहां से बाहर निकालो।’

भारत दौरे पर आए रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव की प्रेस कॉन्फ्रेंस उस वक्त विवादों में घिर गई, जब एक पत्रकार का मोबाइल फोन कार्यक्रम के बीच में बज उठा। यह घटना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और इसे लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकार ने फोन रिसीव कर धीमी आवाज में बात करने की कोशिश की, लेकिन उसकी आवाज हॉल में सुनाई दे गई। इसी दौरान लावरोव ने अपनी बात बीच में रोक दी और नाराजगी जताई।

वीडियो में दिखाई देता है कि सर्गेई लावरोव ने पत्रकार को अंग्रेजी में सख्त लहजे में कहा, ‘क्या आप हमें जारी रखने देंगे? मैं मजाक नहीं कर रहा हूं।’ इसके तुरंत बाद उन्होंने वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों की ओर देखते हुए कहा, ‘इसे यहां से बाहर निकालो।’ कुछ सेकंड बाद उन्होंने एक और टिप्पणी की, जिसने विवाद को और बढ़ा दिया। लावरोव ने कहा, ‘अगर यह फोन नहीं देगा तो सिक्योरिटी गन निकाल लेगी।’ इस बयान के बाद हॉल में मौजूद कुछ लोगों की हंसी सुनाई दी और उस दौरान इसे मजाक के तौर पर लिया गया।

वीडियो देखने के बाद यूजर्स क्या बोले

हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को देखने वाले कई लोगों का कहना है कि सर्गेई लावरोव के चेहरे के हावभाव मजाकिया नहीं लग रहे थे। वीडियो में वह काफी गंभीर दिखाई दे रहे थे, जिसके बाद इंटरनेट पर बहस शुरू हो गई कि उनका बयान वास्तव में मजाक था या चेतावनी। कुछ यूजर्स ने इसे प्रेस की स्वतंत्रता और पत्रकारों के साथ गलत व्यवहार से जोड़कर देखा। कुछ लोगों ने कहा कि कार्यक्रम में अनुशासन बनाए रखने के लिए उन्होंने यह टिप्पणी की होगी।

यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब अंतरराष्ट्रीय मंचों पर रूस की गतिविधियों और उसके नेताओं के बयानों पर लगातार नजर रखी जा रही है। सर्गेई लावरोव अक्सर अपने तीखे और सीधे बयान देने के लिए जाने जाते हैं, लेकिन इस बार प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उनकी प्रतिक्रिया ने अलग ही बहस छेड़ दी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लोग वीडियो को शेयर कर अपनी-अपनी राय दे रहे हैं। कुछ लोगों ने इसे गलत व्यवहार बताया, जबकि कुछ ने इसे कार्यक्रम के दौरान हुई बाधा पर तत्काल प्रतिक्रिया कहा। फिलहाल इस मामले पर रूस की ओर से कोई आधिकारिक सफाई सामने नहीं आई है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN