Home राष्ट्रीय समाचार फ़ारूक़ अब्दुल्लाह पर ‘जानलेवा हमला’, अब तक क्या-क्या पता है?

फ़ारूक़ अब्दुल्लाह पर ‘जानलेवा हमला’, अब तक क्या-क्या पता है?

10
0

Source :- BBC INDIA

जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फ़ारूक़ अब्दुल्लाह पर एक शादी समारोह में हमला किया गया

इमेज स्रोत, Parveen Negi/The India Today Group via Getty Images

3 घंटे पहले

पढ़ने का समय: 4 मिनट

जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ़्रेंस के अध्यक्ष फारूक़ अब्दुल्लाह पर बुधवार शाम को एक शादी समारोह में ‘जानलेवा हमला’ हुआ.

उनके साथ जम्मू-कश्मीर के डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी भी थे. दोनों इस हमले में बाल-बाल बच गए.

सोशल मीडिया पर घटना का एक वीडियो वायरल हो रहा है. जिसे फ़ारूक़ अब्दुल्लाह के बेटे और मौजूदा मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने भी शेयर किया है.

इस वीडियो में एक शख़्स फ़ारूक़ अब्दुल्लाह के बिल्कुल नज़दीक जाते हुए दिख रहा है. उसके हाथ में पिस्तौल भी दिख रही है.

इसके फ़ौरन बाद फ़ारूक़ अब्दुल्लाह के सुरक्षाकर्मी और वहां मौजूद लोग हमलावर को काबू करते दिख रहे हैं.

समाचार एजेंसी पीटीआई ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के हवाले से कहा है कि ‘फ़ारूक़ अब्दुल्लाह की जान लेने की कोशिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया गया है.’

फ़ारूक़ अब्दुल्लाह के बेटे और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने हमले की पुष्टि करते हुए कहा कि, “अल्लाह का शुक्र है कि मेरे पिता बाल-बाल बच गए.”

पुलिस ने क्या बताया?

उमर अब्दुल्लाह ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, “अल्लाह मेहरबान है. मेरे पिता बाल-बाल बच गए. इस समय घटना की पूरी जानकारी साफ़ नहीं है, लेकिन इतना पता है कि एक व्यक्ति भरी हुई पिस्तौल लेकर बिल्कुल नज़दीक तक पहुंच गया और उसने गोली चला दी.”

उन्होंने लिखा, ”सिर्फ़ नज़दीकी सुरक्षा टीम की सतर्कता की वजह से गोली का रुख़ बदल गया और हत्या की कोशिश नाकाम हो गई. फिलहाल जवाबों से ज़्यादा सवाल हैं. सबसे बड़ा सवाल यह है कि ज़ेड प्लस और एनएसजी सिक्योरिटी हासिल एक पूर्व मुख्यमंत्री के इतना क़रीब कोई व्यक्ति हथियार लेकर कैसे पहुंच गया.”

पुलिस ने बताया कि फ़ारूक़ अब्दुल्लाह जम्मू के ग्रेटर कैलाश इलाके में स्थित रॉयल पार्क में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे. उसी दौरान उन पर हमला करने की कोशिश की गई.

पुलिस ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि जब फ़ारूक़ अब्दुल्लाह शादी समारोह में मौजूद थे, तभी उनकी जान लेने की कोशिश की गई. उनकी सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई की, हमले को विफल कर दिया और अभियुक्त को मौके पर ही पकड़ लिया.

पुलिस ने बताया कि अभियुक्त जम्मू का रहने वाला है.

चश्मदीदों ने क्या बताया

जम्मू-कश्मीर के उप मुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी भी फ़ारूक अब्दुल्लाह के साथ समारोह में मौजूद थे (फ़ाइल फ़ोटो)

इमेज स्रोत, Firdous Nazir/NurPhoto via Getty Images

सुरिंदर चौधरी ने बताया कि वो फ़ारूक़ अब्दुल्लाह के साथ थे. घटना जम्मू के ग्रेटर कैलाश इलाके में हुई. हालांकि इसमें कोई जख़्मी नहीं हुआ.

उन्होंने पत्रकारों से कहा, ”पुलिस को पूछिए कि इतना बड़ी लापरवाही कैसे हुई. वहां स्थानीय पुलिस का कोई नुमाइंदा या आदमी नहीं था. जिस आयोजन में जम्मू-कश्मीर का सीएम, डिप्टी सीएम और राज्य का सलाहकार मौजूद हो और वहां एक आदमी बंदूक लेकर जा रहा है तो आप अंदाज़ा लगा सकते हैं कि वहां सिक्योरिटी का बंदोबस्त कितना था.एडवाइजर साहब पीछे वाली गाड़ी में मौजूद हैं. आप उनसे इसके बारे में विस्तार से पूछ सकते हैं.”

जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ़्रेंस के विधायक एज़ाज अहमद जान ने बताया कि फ़ारूक़ अब्दुल्लाह पर उस समय हमला हुआ जब वो एक समारोह में शामिल होने जा रहे थे.

उन्होंने बताया, “वो (फ़ारूक़ अब्दुल्लाह) एक समारोह में शामिल होने गए थे. हम सब उनके साथ थे. जब हम समारोह से निकल रहे थे, तभी पीछे से एक व्यक्ति बहुत तेज़ी से आया और उसने डॉक्टर साहब (फ़ारूक़ अब्दुल्लाह) की पीठ पर रिवॉल्वर रखकर गोली चला दी. लेकिन उसकी गोली चूक गई.”

” डॉक्टर साहब के साथ मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उसे पकड़ लिया, उसे गिरा दिया और दबोच लिया. बड़ी मुश्किल से उसके हाथ से पिस्तौल छीनी गई. इसके बाद हम वहां से निकलकर घर लौट आए.”

” यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि शादी के समारोह के अंदर तक बंदूक पहुंच गई, लेकिन शुक्र है कि सभी लोग सुरक्षित हैं. फ़ारूक़ अब्दुल्लाह बिल्कुल ठीक हैं. वे आराम करने के लिए अपने कमरे में चले गए हैं.”

उन्होंने कहा, “हमलावर इस समय पुलिस की हिरासत में है और जांच जारी है. उसके बारे में जानकारी सिर्फ पुलिस ही दे सकती है. उसके बाल थोड़े सफेद थे. अभी उसके बारे में और कुछ पता नहीं चला है. इस घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ.”

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

SOURCE : BBC NEWS