Source :- LIVE HINDUSTAN
तेज धूप के कारण अक्सर पैरों पर टैनिंग की समस्या हो जाती है। ऐसे में सैंडल पहनने पर पट्टे के निशान भी पड़ जाते हैं, जो आसानी से नहीं जाते। अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं, तो एक घरेलू तरीका अपनाकर देखें।
गर्मियों और तेज धूप के कारण पैरों पर टैनिंग और सैंडल के निशान आम समस्या बन जाते हैं। कई बार ये निशान इतने जिद्दी हो जाते हैं कि सामान्य क्रीम या लोशन से भी नहीं जाते। साथ ही ये पैरों के लुक को खराब कर देते हैं और फिर कोई भी हील्स या सैंडल पहनने में शर्मिंदगी होती है। ऐसे में कुछ घरेलू और नैचुरल उपाय ज्यादा सेफ और असरदार माने जाते हैं। आज हम आपको एक ऐसा ही 3 चीजों वाला फुट पैक के बारे में बताने जा रहे हैं, जो पैरों की टैनिंग को हल्का करने और स्किन टोन को सुधारने में मदद करेगा। इसे लगाने से पैरों की स्किन को कोई नुकसान भी नहीं होगा।
पैरों की टैनिंग क्यों होती है-
तेज धूप में मौजूद यूवी किरणें स्किन में मेलानिन को बढ़ा देती हैं और इसी वजह से त्वचा का असली रंग काला पड़ जाता है। इसके अलावा तेज धूप में लगातार टाइट सैंडल पहनने, लंबे समय तक धूप में रहने और स्किन की सही देखभाल ना करने से भी पैरों पर टैनिंग हो जाती है।
पैरों की टैनिंग हटाने वाले पैक बनाने की सामग्री-
1 चम्मच बेसन
1 चम्मच दही
1 चुटकी हल्दी
कैसे बनाएं और लगाएं-
एक बाउल में सभी सामग्री को अच्छी तरह मिलाकर एक स्मूद और गाढ़ा पेस्ट तैयार कर लें। ध्यान रखें कि पेस्ट न ज्यादा पतला हो और न ही बहुत ज्यादा गाढ़ा, ताकि इसे आसानी से पैरों पर लगाया जा सके और यह त्वचा पर अच्छे से चिपक सके। अब इस तैयार पेस्ट को पैरों पर हल्के हाथों से अच्छे से लगाएं, खासकर उन हिस्सों पर जहां टैनिंग ज्यादा है या सैंडल के निशान गहरे पड़ गए हैं। इसे लगाने के बाद लगभग 15–20 मिनट तक सूखने के लिए छोड़ दें, ताकि इसके प्राकृतिक तत्व त्वचा में अच्छी तरह काम कर सकें और डेड स्किन को हल्का करने में मदद मिल सके। जब पेस्ट सूख जाए, तो हल्के हाथों से गोल-गोल घुमाते हुए मसाज करें और फिर सामान्य पानी से धो लें। धोने के बाद पैरों को साफ और सूखा कर लें। बेहतर और जल्दी रिजल्ट के लिए इस पैक को हफ्ते में 2-3 बार नियमित रूप से इस्तेमाल करें। साथ ही, इसके बाद हल्का मॉइश्चराइजर लगाने से स्किन ज्यादा सॉफ्ट और ग्लोइंग बनी रहती है।
इस पैक को लगाने के फायदे-
- डेड स्किन हटाने में मदद करता है
- स्किन को नेचुरल तरीके से ब्राइट बनाता है
- टैनिंग धीरे-धीरे हल्की होती है
- सैंडल के निशानों को कम करने में मददगार
ब्यूटी टिप्स-
धूप में निकलने से पहले पैरों पर भी सनस्क्रीन लगाएं। अगर सनस्क्रीन सूट नहीं करती हैं, तो मोजे या स्टॉकिन्स पहनें। इससे धूप से पैरों का रंग काला नहीं पड़ेगा। ज्यादा जरूरी न हो तो सैंडल के बजाय जूते पहनें, इससे टैनिंग और निशान दोनों से बचेंगे।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN


