Home विश्व समाचार धमाकों से दहला पाकिस्तान, पुलिस स्टेशन पर आत्मघाती हमला; महिलाओं और बच्चे...

धमाकों से दहला पाकिस्तान, पुलिस स्टेशन पर आत्मघाती हमला; महिलाओं और बच्चे समेत 5 की मौत

14
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

बन्नू जिला पिछले कुछ समय से आतंकवादियों के निशाने पर रहा है। खैबर पख्तूनख्वा और बलुचिस्तान प्रांतों में हाल के महीनों में सुरक्षा बलों और पुलिस पर हमलों में तेजी देखी गई है।

पाकिस्तान के अशांत उत्तर-पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा के बन्नू जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण आत्मघाती हमले ने पूरे इलाके को दहला दिया। डोमेल तहसील में स्थित एक पुलिस स्टेशन को निशाना बनाकर किए गए कार बम धमाके में कम से कम पांच लोगों की जान चली गई है, जिनमें तीन महिलाएं और एक बच्चा शामिल है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हमलावर विस्फोटक से भरी कार लेकर पुलिस स्टेशन की दीवार से जा टकराया। धमाका इतना शक्तिशाली था कि इसकी गूंज दूर-दराज के इलाकों तक सुनी गई। इस विस्फोट की चपेट में आने से न केवल पुलिस स्टेशन की इमारत को भारी नुकसान पहुंचा, बल्कि आसपास स्थित कई घरों की छतें और दीवारें भी ढह गईं।

प्रारंभिक रिपोर्टों के मुताबिक, मलबे की चपेट में आने से निर्दोष नागरिकों की जान गई है। बचाव दल ने अब तक घटनास्थल से पांच शव बरामद किए हैं। इस हमले में कम से कम चार पुलिसकर्मी भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

विस्फोट के बाद गोलीबारी से फैला हड़कंप

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय निवासियों के अनुसार, धमाके के तुरंत बाद इलाके में भारी गोलीबारी शुरू हो गई, जिससे लोगों में भारी दहशत फैल गई। पुलिस का मानना है कि हमलावरों का मुख्य लक्ष्य पुलिस स्टेशन को पूरी तरह ध्वस्त करना और सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाना था। घटना के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और अतिरिक्त टीम बुलाई गई है।

खैबर पख्तूनख्वा में बढ़ता आतंकी साया

बन्नू जिला पिछले कुछ समय से आतंकवादियों के निशाने पर रहा है। खैबर पख्तूनख्वा और बलुचिस्तान प्रांतों में हाल के महीनों में सुरक्षा बलों और पुलिस पर हमलों में तेजी देखी गई है।

यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमावर्ती तनाव चरम पर है। इस्लामाबाद लगातार आरोप लगाता रहा है कि प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) जैसे संगठन अफगान धरती का उपयोग करके पाकिस्तान में हमले कर रहे हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN