Source :- LIVE HINDUSTAN
Hug Day 2026 : गले मिलना तन और मन, दोनों के लिए किसी टॉनिक से कम नहीं है। जब हम किसी को पूरे दिल से गले लगाते हैं, तो वह सिर्फ दो शरीरों का मिलन नहीं, बल्कि सुकून और भरोसे का एक ऐसा लेन-देन होता है जो तनाव को पल भर में गायब कर सकता है।
वेलेंटाइन वीक का सातवां दिन, यानी ‘हग डे’, सिर्फ एक रस्म नहीं बल्कि दिल में छिपी भावनाओं को बिना कहे जाहिर करने का सबसे खूबसूरत जरिया भी होता है। एक जादू की झप्पी में वो ताकत होती है जो हजार शब्दों के बोझ को हल्का करके बिखरे हुए रिश्तों को फिर से समेट लेती है। हालांकि किसी को गले लगाना अक्सर एक कैजुअल मुलाकात या रस्म मान लिया जाता है, लेकिन विज्ञान और मनोविज्ञान दोनों मानते हैं कि गले मिलना तन और मन, दोनों के लिए किसी टॉनिक से कम नहीं है। जब हम किसी को पूरे दिल से गले लगाते हैं, तो वह सिर्फ दो शरीरों का मिलन नहीं, बल्कि सुकून और भरोसे का एक ऐसा लेन-देन होता है जो तनाव को पल भर में गायब कर सकता है।
सीके बिरला अस्पताल की आंतरिक चिकित्सक डॉ. मनीषा अरोरा कहती हैं कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हम सब किसी न किसी तनाव से गुजर रहे हैं। कभी काम का प्रेशर, कभी रिश्तों की उलझन, तो कभी मन की बेचैनी। ऐसे में अगर कोई आपसे कहे कि इस तनाव का इलाज बहुत आसान है, और वो भी बिल्कुल फ्री, तो शायद आपको यकीन न हो। लेकिन सच ये है कि एक सच्चा, दिल से किया गया हग आपके शरीर और दिमाग दोनों के लिए किसी थेरेपी से कम नहीं है।
लव हार्मोन होता है रिलीज
हग करना सिर्फ एक इमोशनल एक्सप्रेशन नहीं है, बल्कि इसके पीछे कई मेडिकल कारण भी छिपे हुए रहते हैं। जब हम किसी अपने को गले लगाते हैं, तो हमारे शरीर में एक खास हार्मोन रिलीज होता है जिसे ऑक्सिटोसिन कहते हैं। यह हार्मोन ‘कडल हार्मोन’ या ‘लव हार्मोन’ के नाम से भी जाना जाता है। जो व्यक्ति के भीतर अपनापन, भरोसा और सुकून की भावना बढ़ाता है। यही वजह है कि गले लगते ही मन को शांति और सुरक्षा का एहसास होता है।
तनाव से राहत
हग करने से शरीर में कॉर्टिसोल का स्तर कम होता है। कॉर्टिसोल वही हार्मोन है जो तनाव और ‘फाइट या फ्लाइट’ रिएक्शन के लिए जिम्मेदार होता है। जब इसका स्तर घटता है, तो हमारा तनाव भी कम होने लगता है। इसके साथ ही हग करने से वागस नर्व एक्टिव होती है, जो दिल की धड़कन और ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में मदद करती है। इसलिए हग करने के बाद अक्सर दिल की धड़कन सामान्य महसूस होती है और शरीर रिलैक्स हो जाता है।
नैचुरल पेनकिलर
हग करने से शरीर में एंडोर्फिन रिलीज होते हैं, जिन्हें नेचुरल पेनकिलर और मूड लिफ्टर माना जाता है। यही कारण है कि उदासी या बेचैनी के समय किसी अपने का हग तुरंत मन को हल्का कर देता है।
रिश्तों में गर्माहट भरती है हग
इमोशनल लेवल पर देखें तो हग रिश्तों को मजबूत बनाता है। इससे भरोसा, अपनापन, सहानुभूति और जुड़ाव बढ़ता है। बच्चों, बुजुर्गों, पार्टनर या दोस्तों, हर किसी के साथ एक प्यारा सा हग रिश्तों में गर्माहट भर देता है।
वेलनेस टूल
सबसे खास बात ये है कि ये एक बहुत ही सिंपल वेलनेस टूल है। इसमें कोई खर्च नहीं, कोई दवा नहीं, बस सच्ची भावना चाहिए। इसलिए अगली बार जब आप तनाव महसूस करें, तो किसी अपने को दिल से गले लगाइए। यकीन मानिए, ये छोटा सा कदम आपके मन और शरीर दोनों को बड़ा सुकून देगा। वाकई, हग करना आसान, असरदार और दिल से जुड़ा हुआ एक नेचुरल स्ट्रेस बस्टर है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



