Source :- LIVE HINDUSTAN
अगर आप केमिकल-फ्री स्किनकेयर चाहती हैं, तो घर पर बना क्लींज़िंग मिल्क त्वचा के लिए बेहतरीन विकल्प हो सकता है। यह त्वचा को साफ करने के साथ-साथ नेचुरल ब्राइटनेस भी देता है।
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हमारी त्वचा रोजाना धूल, प्रदूषण, मेकअप और केमिकल-बेस्ड प्रोडक्ट्स के संपर्क में रहती है, जिससे उसका नेचुरल ग्लो धीरे-धीरे कम होने लगता है। चेहरे को साफ रखना स्किनकेयर का सबसे अहम स्टेप है, लेकिन हर बार महंगे और केमिकल वाले क्लींजर इस्तेमाल करना जरूरी नहीं। हमारे किचन में मौजूद कुछ साधारण चीजें त्वचा की गहराई से सफाई कर सकती हैं, बिना उसे रूखा बनाए। बादाम, दूध, गेहूं का आटा और ओट्स से बना DIY क्लींजिंग मिल्क ना सिर्फ त्वचा को मुलायम तरीके से साफ करता है, बल्कि धीरे-धीरे ब्राइटनेस बढ़ाने में भी मदद करता है। जानें इसके फायदे,कैसे बनाएं और कैसे लगाएं-
DIY Cleansing Milk के फायदे
- नेचुरल क्लींजिंग – यह त्वचा से गंदगी, धूल और मेकअप के अवशेषों को हल्के तरीके से हटाता है।
- स्किन ब्राइटनिंग में मददगार – नियमित उपयोग से त्वचा साफ और निखरी हुई दिखती है।
- डेड स्किन रिमूवल – ओट्स और गेहूं का आटा हल्का एक्सफोलिएशन करके डेड सेल्स हटाते हैं।
- मॉइश्चर बनाए रखता है – दूध और बादाम त्वचा को रूखा किए बिना साफ करते हैं।
- सभी स्किन टाइप के लिए उपयुक्त – खासकर ड्राई और नॉर्मल स्किन वालों के लिए फायदेमंद।
DIY Cleansing Milk बनाने की विधि
सामग्री: 5–6 बादाम (रातभर भिगोए हुए), 1 छोटा चम्मच गेहूं का आटा, 1 छोटा चम्मच ओट्स पाउडर, कच्चा दूध (जरूरत अनुसार)
बनाने का तरीका
- भीगे हुए बादाम को छीलकर महीन पीस लें।
- इसमें गेहूं का आटा और ओट्स पाउडर मिलाएं।
- अब धीरे-धीरे दूध डालते हुए स्मूद और क्रीमी पेस्ट तैयार करें।
- ध्यान रखें कि मिश्रण बहुत पतला या बहुत गाढ़ा ना हो।
चेहरे पर कैसे लगाएं?
- सबसे पहले चेहरा सादे पानी से धो लें। अब तैयार क्लींजिंग मिल्क को चेहरे और गर्दन पर हल्के हाथों से लगाएं।
- 1–2 मिनट तक सर्कुलर मोशन में मसाज करें।
- कॉटन पैड या गीले कपड़े से साफ करें या हल्के गुनगुने पानी से धो लें।
- बाद में हल्का मॉइश्चराइजर लगाना ना भूलें।
- इसे रोजाना या हफ्ते में 4–5 बार इस्तेमाल किया जा सकता है।
जरूरी टिप्स
घर पर बना यह DIY क्लींजिंग मिल्क ना सिर्फ त्वचा को गहराई से साफ करता है, बल्कि उसे नेचुरली ब्राइट और हेल्दी भी बनाता है। केमिकल प्रोडक्ट्स की जगह अगर आप नेचुरल विकल्प अपनाती हैं, तो आपकी स्किन आपको लंबे समय तक इसका फायदा जरूर देगी। ध्यान दें, पहली बार इस्तेमाल से पहले पैच टेस्ट जरूर करें और ऑयली स्किन वाले दूध की मात्रा कम रखें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN

