Home विश्व समाचार ट्रंप ने उड़ाया मैक्रों दंपति का मजाक, फ्रांस के राष्ट्रपति बोले- जवाब...

ट्रंप ने उड़ाया मैक्रों दंपति का मजाक, फ्रांस के राष्ट्रपति बोले- जवाब देने लायक भी नहीं

7
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

 अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान संघर्ष के मुद्दे पर नाटो सहयोगियों की आलोचना करते हुए मैक्रों दंपति का मजाक बनाया। अब इस पर फ्रांस के राष्ट्रपति की ओर से भी बयान सामने आ गया है। उन्होंने साफ-साफ कहा कि ये जवाब देने लायक भी नहीं हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की खिल्ली उड़ाते हुए उनकी पत्नी ब्रिगिट मैक्रों पर भी तंज कसा है। बुधवार को वाइट हाउस में आयोजित एक निजी दोपहर के भोजन के दौरान ट्रंप ने ईरान संघर्ष के मुद्दे पर नाटो सहयोगियों की आलोचना करते हुए मैक्रों दंपति का मजाक बनाया। अब इस पर फ्रांस के राष्ट्रपति की ओर से भी बयान सामने आ गया है। उन्होंने साफ-साफ कहा कि ये जवाब देने लायक भी नहीं हैं।

दरअसल, ट्रंप ने फ्रांसीसी लहजे की नकल करते हुए कहा कि मैक्रों की पत्नी ब्रिगिट उनके साथ ‘बहुत बुरा बर्ताव’ करती है। उन्होंने यह भी कहा कि मैक्रों अभी भी जबड़े पर लगे दाहिने मुक्के से उबर नहीं पाए हैं। ट्रंप ने एक पुरानी घटना का जिक्र करते हुए कहा कि मैंने फ्रांस को फोन किया, मैक्रों, जिनकी पत्नी उनके साथ बेहद बुरा सलूक करती है। वे अभी भी उस जोरदार मुक्के से उबर रहे हैं।

ट्रंप ने आगे कहा कि ईरान के खिलाफ युद्ध में मदद मांगने पर मैक्रों ने मना कर दिया। उन्होंने कहा कि मुझे उनकी जरूरत नहीं थी, लेकिन मैंने फिर भी मदद मांगी। मैंने कहा कि इमैनुएल, खाड़ी में हमें बहुत मदद की जरूरत है। अगर आप कर सकते हैं तो तुरंत जहाज भेज दो। ट्रंप ने मैक्रों के कथित जवाब की नकल करते हुए कहा कि नहीं, नहीं, हम ऐसा नहीं कर सकते, डोनाल्ड। हम युद्ध जीतने के बाद कर सकते हैं। इस पर ट्रंप ने जवाब दिया कि नहीं, मुझे युद्ध जीतने के बाद नहीं चाहिए। इस दौरान ट्रंप ने नाटो की भी आलोचना की और कहा कि अगर कोई बड़ा संकट आया तो नाटो का कोई अस्तित्व नहीं रहेगा।

फ्रांस की ओर से तीखा पलटवार

वहीं, ट्रंप की इन टिप्पणियों पर फ्रांस की ओर से तीखा पलटवार हुआ है। दक्षिण कोरिया पहुंचे इमैनुएल मैक्रों ने गुरुवार को पत्रकारों से कहा कि ट्रंप की टिप्पणियों में न तो शालीनता है और न ही कोई मर्यादा। मैक्रों ने आगे कहा कि इसीलिए मैं इनका जवाब नहीं दे रहा हूं, क्योंकि ये जवाब देने लायक भी नहीं हैं।

दूसरी ओर फ्रांस में राजनीतिक नेताओं ने भी ट्रंप के बयान की निंदा की है। फ्रांसीसी संसद के निचले सदन की मध्यमार्गी अध्यक्ष याएल ब्रौन-पिवेट ने कहा कि ईमानदारी से कहूं तो यह उचित नहीं है। हम दुनिया के भविष्य पर चर्चा कर रहे हैं, ईरान में लाखों लोगों की जान जा रही है, और हमारे पास एक ऐसा राष्ट्रपति है जो हंस रहा है और दूसरों का मजाक उड़ा रहा है।

वहीं, कट्टर वामपंथी पार्टी ला फ्रांस इंसौमिसे के राष्ट्रीय समन्वयक मैनुअल बोम्पार्ड ने कहा कि ट्रंप का मैक्रों और उनकी पत्नी के बारे में इस तरह बात करना बिल्कुल अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि उनके और मैक्रों के बीच मतभेद भले ही हों, लेकिन ट्रंप की ऐसी टिप्पणियां सहन नहीं की जा सकती।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN