Source :- LIVE HINDUSTAN
ईरान के सैन्य कमांडर-इन-चीफ अमीर हतामी ने गुरुवार को सरकारी मीडिया को दिए बयान में कहा कि देश के ऑपरेशनल मुख्यालय को दुश्मन की हर गतिविधि पर अत्यंत सतर्कता और सटीक नजर रखनी चाहिए।
मध्य पूर्व में अमेरिका-ईरान संघर्ष चरम पर पहुंच गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया बयान के बाद साफ हो गया है कि ईरान के खिलाफ चल रहा सैन्य अभियान ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ फिलहाल समाप्त होने वाला नहीं है। इस बीच ईरान के सैन्य कमांडर-इन-चीफ अमीर हतामी ने गुरुवार को सरकारी मीडिया को दिए बयान में कहा कि देश के ऑपरेशनल मुख्यालय को दुश्मन की हर गतिविधि पर अत्यंत सतर्कता और सटीक नजर रखनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार के हमले का मुकाबला करने के लिए सेना पूरी तरह तैयार रहे।
हतामी ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर दुश्मन जमीनी कार्रवाई की कोशिश करता है तो कोई भी शत्रु सैनिक जीवित नहीं बचना चाहिए। यह बयान ऐसे वक्त में आया है जब खाड़ी क्षेत्र में अतिरिक्त अमेरिकी सैनिकों की तैनाती से जमीनी अभियान की आशंका बढ़ गई है। सरकारी मीडिया ने हतामी के साथ तीन अन्य वरिष्ठ कमांडरों की बैठक का एक वीडियो फुटेज भी जारी किया, जिसमें वे वीडियो कॉल के जरिए दर्जन भर अधिकारियों से चर्चा करते दिख रहे हैं। इस फुटेज की तारीख की पुष्टि नहीं हो सकी है।
ट्रंप का दावा: संघर्ष समाप्ति के करीब
दूसरी ओर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को राष्ट्र के नाम संबोधन में दावा किया कि ईरान के खिलाफ चल रहा संघर्ष ‘समाप्ति के करीब’ है और कुछ हफ्तों में यह पूरा हो सकता है। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ के तहत अमेरिकी सेना के मुख्य रणनीतिक लक्ष्य लगभग पूरे हो चुके हैं। ट्रंप ने कहा कि जैसा मैंने ऑपरेशन एपिक फ्यूरी की घोषणा करते समय कहा था, हमारे लक्ष्य बहुत सरल और स्पष्ट हैं। हम व्यवस्थित रूप से उस शासन की अमेरिका को धमकाने या अपनी सीमाओं के बाहर ताकत दिखाने की क्षमता को खत्म कर रहे हैं।
उन्होंने ईरान की नौसेना को पूरी तरह नष्ट होने, वायु सेना और मिसाइल कार्यक्रम को भारी नुकसान पहुंचाने तथा रक्षा औद्योगिक आधार को तबाह करने का दावा किया। ट्रंप ने आगे कहा कि मुझे खुशी है कि ये मुख्य रणनीतिक लक्ष्य अब पूरे होने के करीब हैं।
ईरान को पाषाण युग में धकेल देंगे
इस दौरान ट्रंप ने चेतावनी देते हुए कहा कि अमेरिका अगले दो से तीन हफ्तों में ईरान पर अपने हमले और तेज करेगा। उन्होंने कहा कि हम अमेरिका के सभी सैन्य लक्ष्यों को बहुत जल्द पूरा करने की राह पर हैं। हम उन पर बहुत जोरदार हमला करने जा रहे हैं। अगले दो-तीन हफ्तों में हम उन्हें वापस पाषाण युग में धकेल देंगे, जहां उनकी असली जगह है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



