Source :- BBC INDIA
इमेज स्रोत, Getty Images
9 घंटे पहले
पढ़ने का समय: 6 मिनट
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की डिनर पार्टी के दौरान हुई फ़ायरिंग के बाद दुनिया भर के नेताओं की प्रतिक्रिया आनी शुरू हो गई हैं.
भारत और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने भी इस घटना पर अपना बयान जारी किया है.
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में हिंसा की जगह नहीं है.
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने इस घटना पर हैरानी जताई है और कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप समेत वहां मौजूद लोगों के अच्छे स्वास्थ्य की दुआ की है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक होटल में व्हाइट हाउस के पत्रकारों के साथ शनिवार रात साढ़े आठ बजे (अमेरिकी समयानुसार) डिनर (कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर) कर रहे थे, तभी गोली चलने की आवाज़ें आईं. इसके बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को उनके सुरक्षाकर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाला.
वहां मौजूद सुरक्षा अधिकारी के मुताबिक़ कार्यक्रम में सात से आठ गोलियां चलीं. गोलियां चलाने के एक आरोप में एक शख़्स को हिरासत में लिया गया है.
पीएम मोदी ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, JIM WATSON/AFP via Getty Images
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा, “वॉशिंगटन डीसी के एक होटल में हालिया घटना के बाद यह जानकर राहत मिली कि राष्ट्रपति ट्रंप, फ़र्स्ट लेडी और उपराष्ट्रपति सुरक्षित हैं और उन्हें कोई नुक़सान नहीं पहुंचा है.”
उन्होंने कहा, “मैं उनकी लगातार सुरक्षा और कुशल मंगल की कामना करता हूं. लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं है और इसकी स्पष्ट तौर पर निंदा की जानी चाहिए.”
पाकिस्तान ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, Harun Ozalp/Anadolu via Getty Images
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने इस घटना पर दुख जताया है.
उन्होंने एक्स पर लिखा, “वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स एसोसिएशन के डिनर के दौरान हुई परेशान करने वाली गोलीबारी की घटना से गहरा सदमा पहुंचा है.”
शहबाज़ शरीफ़ ने कहा, “यह जानकर राहत मिली कि राष्ट्रपति ट्रंप, फ़र्स्ट लेडी और अन्य मौजूद लोग सुरक्षित हैं… मैं उनके लगातार सुरक्षित और स्वस्थ रहने की कामना करता हूं.”
पाकिस्तान के डिप्टी पीएम और विदेश मंत्री इसहाक़ डार ने भी इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि हमारी दुआएं राष्ट्रपति ट्रंप और अमेरिकी आवाम के साथ हैं.
इमेज स्रोत, Getty Images
इसराइली पीएम नेतन्याहू ने घटना को ट्रंप की ‘हत्या की कोशिश’ बताया
इमेज स्रोत, Getty Images
इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने भी बयान जारी किया. उन्होंने इस घटना को ट्रंप की ‘हत्या की कोशिश’ बताया है
बिन्यामिन नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, “सारा (पत्नी) और मैं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर वॉशिंगटन डीसी में हुई हत्या की कोशिश से स्तब्ध हैं. हमें इस बात की राहत है कि राष्ट्रपति और फर्स्ट लेडी सुरक्षित और स्वस्थ हैं.”
उन्होंने लिखा, “हम घायल पुलिस अधिकारी के जल्दी और पूरी तरह ठीक होने की कामना करते हैं और यूएस सीक्रेट सर्विस को उनके तेज और सख्त कदमों के लिए सलाम करते हैं.”
वहीं, इसराइल के राष्ट्रपति इसहाक हर्ज़ोग ने एक्स पर लिखा, “यह जानकर राहत महसूस हुई कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, मेलानिया ट्रंप, उप राष्ट्रपति जेडी वेंस, अमेरिकी नेता और व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर में मौजूद मेहमान उस हमलावर से सुरक्षित रहे जिसने इवेंट हॉल के बाहर गोलीबारी की.”
“हम आभारी हैं कि हमले में घायल अधिकारी सुरक्षित है और ठीक होने की राह पर हैं. पवित्र भूमि से हम अमेरिका और उसके नेताओं की सुरक्षा और सलामती के लिए प्रार्थना करते हैं.”
ऑस्ट्रेलिया और कनाडा के नेता क्या बोले
इमेज स्रोत, Dan Mullan/Getty Images
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ ने एक्स पर लिखा, “मुझे खुशी है कि राष्ट्रपति और फ़र्स्ट लेडी, साथ ही व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर में मौजूद सभी लोग सुरक्षित हैं.
“हम सीक्रेट सर्विस और एजेंसियों के तेज़ और प्रभावी काम की सराहना करते हैं.”
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने एक्स पर लिखा, “मुझे इस बात की राहत है कि व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर के दौरान गोलीबारी के बाद राष्ट्रपति, फ़र्स्ट लेडी और सभी मेहमान सुरक्षित हैं.”
“राजनीतिक हिंसा का किसी भी लोकतंत्र में कोई स्थान नहीं है और मेरी संवेदनाएँ उन सभी लोगों के साथ हैं जो इस परेशान करने वाली घटना से प्रभावित हुए हैं.”
जापान की प्रधानमंत्री सनाय ताकाइची ने भी घटना के बाद एक्स पर पोस्ट किया. उन्होंने लिखा, “यह जानकर राहत हुई कि गोलीबारी के बाद राष्ट्रपति ट्रंप सुरक्षित हैं. हिंसा को दुनिया में कहीं भी बर्दाश्त नहीं किया जा सकता.”
आगे लिखा, “हिंसा को कभी भी स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए.”
पार्टी में मौजूद ब्रिटिश राजदूत का क्या कहना है?
इमेज स्रोत, CTurnerFCDO
अमेरिका में ब्रिटिश राजदूत क्रिश्चियन टर्नर ने यूएस सीक्रेट सर्विस के लिए को धन्यवाद किया है.
टर्नर इस डिनर पार्टी में मौजूद थे, साथ ही ब्रिटिश एंबेसी के अन्य अधिकारी भी वहां थे.
उन्होंने लिखा, “आज रात व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर में शामिल एंबेसी की टीम सीक्रेट सर्विस की तेज़ और पेशेवर प्रतिक्रिया के लिए आभारी है.”
उन्होंने आगे कहा, “हम आभारी हैं कि राष्ट्रपति और सभी मौजूद लोग सुरक्षित रहे और हमारी दुआएं घायल अधिकारी के साथ हैं.”
गौरतलब है कि व्हाइट हाउस के पत्रकारों के साथ डोनाल्ड ट्रंप के डिनर कार्यक्रम में फ़ायरिंग के बाद संदिग्ध शख़्स को हिरासत में ले लिया गया है.
बीबीसी के अमेरिकी मीडिया पार्टनर सीबीएस न्यूज़ ने बताया है कि कथित हमलावर ने अधिकारियों से कहा है कि वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से जुड़े अधिकारियों को निशाना बना रहा था.
सीबीएस ने नाम न ज़ाहिर करते हुए दो सूत्रों के हवाले से यह भी कहा है कि घटना के दौरान कम से कम पांच से आठ गोलियां चलाई गईं.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
SOURCE : BBC NEWS



