Home राष्ट्रीय समाचार टी-20 वर्ल्ड कप: पाकिस्तान अब भी सेमीफ़ाइनल में पहुंच सकता है बशर्ते…

टी-20 वर्ल्ड कप: पाकिस्तान अब भी सेमीफ़ाइनल में पहुंच सकता है बशर्ते…

15
0

Source :- BBC INDIA

इंग्लैंड से हार के बाद हताश पाकिस्तानी टीम

इमेज स्रोत, Ishara S. KODIKARA / AFP via Getty Images

एक घंटा पहले

पढ़ने का समय: 4 मिनट

टी-20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान दोनों ही इस वक़्त एक जैसी स्थिति में हैं.

दोनों ही टीमों को सेमीफ़ाइनल में पहुंचने के लिए दूसरी टीमों के परफ़ार्मेंस पर निर्भर रहना पड़ रहा है.

सुपर-8 के तहत मंगलवार को कैंडी में खेले गए मैच में इंग्लैंड ने जीत हासिल की.

रोमांचक मुक़ाबले में पाकिस्तान को दो विकेट से हराकर इंग्लैंड सेमीफ़ाइनल में पहुंच गया और पाकिस्तान को ऐसी स्थिति में पहुंच दिया कि अब उसे सेमीफ़ाइनल में पहुंचने के लिए न्यूज़ीलैंड पर निर्भर रहना होगा.

पहले बैटिंग करते हुए पाकिस्तान ने 20 ओवर में 9 विकेट के नुक़सान पर 164 रन बनाए.

ओपनर बल्लेबाज़ साहिबज़ादा फ़रहान ने सबसे अधिक 63 रन बनाए. उनके अलावा बाबर आज़म और फ़ख़र ज़मान ने 25-25 रन की पारी खेली.

जवाब में इंग्लैंड की पारी शुरुआत में लड़खड़ाई लेकिन तीसरे नंबर पर बैटिंग करने उतरे कप्तान हैरी ब्रूक ने इनिंग्स को संभाला भी और रफ़्तार भी दी.

ब्रूक ने सिर्फ़ 51 गेंदों पर 4 छक्के और 10 चौके लगातर 100 रन बनाए और इंग्लैंड को जीत के नज़दीक पहुंचा दिया.

पाकिस्तान पर इस जीत के साथ ही इंग्लैंड इस वर्ल्ड कप में सेमीफ़ाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है.

क्या कह रहे हैं एक्सपर्ट

इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने शानदार शतक बनाकर इंग्लैंड को मैच जिताने में अहम भूमिका निभाई

इमेज स्रोत, MB Media/Getty Images

हालांकि मैच इंग्लैंड ने जीता लेकिन पाकिस्तान ने भी पिछले मैचों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया और एक वक़्त तो मैच में उसका पलड़ा भारी था.

एक्सपर्ट जहां हैरी ब्रूक की पारी को ‘मैच विनिंग’ क़रार दे रहे हैं वहीं पाकिस्तान की आलोचना इस बात के लिए हो रही है कि उसने मौक़ों को बेहतर तरीक़े से नहीं भुनाया.

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद यूसुफ़ ने एक्स पर लिखा,”पाकिस्तान ने सिर्फ तीन विशेषज्ञ गेंदबाज़ और बल्लेबाज़ों के साथ भी मैच को आख़िरी ओवरों तक पहुँचा दिया. यह हैरान करने वाली बात है कि भारत के खिलाफ अहम मैच में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले उस्मान ख़ान को इतनी नीचे बल्लेबाज़ी के लिए भेजा गया. कप्तान सलमान अली आगा गेंदबाज़ी भी नहीं कर रहे हैं, और वे अचानक विशेषज्ञ बल्लेबाज़ कैसे बन गए, यह अब भी एक रहस्य है. वहीं दूसरी ओर, फ़रहान का शानदार प्रदर्शन भी बेकार चला गया.”

क्रिकेट एक्सपर्ट और पूर्व क्रिकेटर शोएब मलिक ने हार के लिए पाकिस्तानी टीम के ‘कमज़ोर होमवर्क’ को ज़िम्मेदार ठहराया.

उन्होंने कहा, “बुनियादी चीज़ें सही किए बिना मॉडर्न क्रिकेट खेलने की कोशिश करना ऐसा है जैसे नर्सरी में पढ़े बिना सीधे 10वीं की परीक्षा देने बैठ जाना.”

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने कप्तान हैरी ब्रूक की ज़बरदस्त तारीफ़ की और उनके नंबर तीन पर बैटिंग करने के फ़ैसले को सही ठहराया.

उन्होंने कहा, “ब्रूक की पारी साबित करती है कि इंग्लैंड टीम में हमारे पास एक प्रतिभाशाली जीनियस मौजूद है.”

पाकिस्तानी क्रिकेटर अहमद शहज़ाद के मुताबिक़ इंग्लैंड की टीम अपने बेस्ट फ़ॉर्म में नहीं थी उसके बावजूद पाकिस्तान उसे हरा नहीं पाया.

शहज़ाद ने एक्स पर लिखा, “पाकिस्तान ने खराब प्लानिंग, गलत शॉट सिलेक्शन और कनफ़्यूज़्ड प्लेइंग इलेवन की वजह से यह सुनहरा मौका गंवा दिया.”

शहज़ाद ने बाबर आज़म की धीमी बैटिंग, सैम अयूब की नाकामी, और आख़िरी ओवरों में पाकिस्तान की कमज़ोर बॉलिंग को हार का ज़िम्मेदार ठहराया.

क्रिकेट कमेंटेटेर हर्षा भोगले ने हैरी ब्रूक की पारी का ज़िक्र करते हुए कहा, “बिना किसी शक के, यह टी-20 विश्व कप के इतिहास के महान शतकों में से एक है. यह हैरी ब्रूक के करियर में एक मील का पत्थर साबित होगा.”

क्या पाकिस्तान अब भी पहुंच सकता है सेमीफ़ाइनल में?

पाकिस्तानी क्रिकेट टीम

इमेज स्रोत, MB Media/Getty Images

पत्रकार फ़ैज़ान लखानी ने टिप्पणी की कि ‘पाकिस्तान के लिए अब अगर-मगर का खेल शुरू हो चुका है.’

टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 स्टेज में पाकिस्तान का अभियान उस मोड़ पर पहुंच गया है जहां अब किस्मत का दरवाज़ा उसके हाथ में नहीं रहा.

इंग्लैंड के खिलाफ हार के बाद से सेमीफाइनल तक पहुंचने का रास्ता संकरा हो गया है, और अब पाकिस्तानी क्रिकेट फ़ैंस न्यूज़ीलैंड के मैचों पर टकटकी लगाए हुए हैं.

न्यूजीलैंड के पास अभी दो मैच बाकी हैं. पाकिस्तान के लिए सेमीफ़ाइनल का दरवाज़ा खुला रखने के लिए जरूरी है कि किस्मत उसका साथ दे और न्यूजीलैंड का परफ़ार्मेंस भी पाकिस्तान के पक्ष में जाए.

पहला समीकरण: न्यूजीलैंड दोनों मैच हारे

अगर न्यूज़ीलैंड ने अपने दोनों बचे हुए मैच हारे, तो पाकिस्तान के लिए रास्ता आसान हो जाएगा.

सिर्फ़ श्रीलंका के खिलाफ एक जीत ही पाकिस्तान को सेमीफाइनल तक पहुंचा सकती है. यह वो समीकरण है जिसकी दुआ हर पाकिस्तानी फ़ैन कर रहा है.

दूसरा समीकरण: न्यूजीलैंड एक मैच हारे, एक जीते

यह वह मोड़ है जहाँ कहानी में रोमांच बढ़ जाता है. ऐसी स्थिति में पाकिस्तान को न सिर्फ़ श्रीलंका को हराना होगा बल्कि बड़े अंतर से जीतना होगा ताकि नेट रन रेट बेहतर हो सके. यह वह चरण है जहाँ हर चौका, हर छक्का, हर विकेट अहम हो जाता है.

तीसरा समीकरण: अगर न्यूजीलैंड दोनों मैच जीते

अगर ऐसा हुआ तो पाकिस्तान की कहानी यहीं खत्म. पाकिस्तान का वर्ल्ड कप अभियान सेमीफाइनल से पहले ही ख़त्म हो जाएगा. और ये वो रिज़ल्ट होगा जो कोई भी पाकिस्तानी फ़ैन नहीं चाह रहा होगा.

बीबीसी के लिए कलेक्टिवन्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

SOURCE : BBC NEWS