Source :- LIVE HINDUSTAN
अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान झूठी खबरें फैला रहा है। उन्होंने अमेरिकी मीडिया पर भी निशाना साधा है। ट्रंप ने पांच लड़ाकू विमानों को मार गिराने की बात का खंडन किया है।
अमेरिकी युद्धपोत और लड़ाकू विमानों पर हमले की खबरों का खंडन करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि इस तरह से एआई वाले वीडियो और झूठी खबरों को प्रचारित करवाकर ईरान अपना ही सत्यानाश करवा रहा है। उन्होंने कहा कि अमेरिका के पांच लड़ाकू विमानों को मार गिराने की खबर एकदम झूठी थी। ट्रंप ने कहा कि एआई से बनाए गए वीडियो को प्रचारित करवाकर झूठी खबरें फैलाई जा रही हैं। इस काम में वॉल स्ट्रीट जर्नल जैसे अखबार भी सहयोग कर रहे हैं।
प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें
ट्रंप ने कहा, ईरान मीडिया मैनिपुलेशन में मास्टर कर चुका है। उनकी सेना कमजोर है लेकन झूठी खबरें प्रचारित करवा रहे हैं। अब तो एआई के जरिए खूब झूठ फैलाया जा रहा है। ऐसा करके वे रोज के रोज अपना ही सत्यानाश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ईरान ने बताया कि अमेरिका के पांच रीफ्यूलिंग एयरक्राफ्ट मार गिराए गए हैं। वॉल स्ट्रीट जर्नल ने झूठी रिपोर्टिंग की। ये सभी विमान सुरक्षित हैं और जल्द ही उड़ान भरेंगे। जिन इमारतों और शिप को तबाह करने की बात कही गई है वह भी पूरी तरह से झूठ है।
ट्रंप ने अमेरिकी मीडिया पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग इस तरह की झूठी खबरें फैला रहे हैं उन्हें राजद्रोह का सामना करना पड़ेगा। भ्रष्ट मीडिया संगठन बता रहे हैं कि ईरान जंग जीत रहा है। ट्रंप ने कहा कि इस तरह के मीडिया संगठनों के लाइसेंस कैंसल किए जाएंगे। उन्हें अमेरिका से फ्री में एयरवेव्स मिलती हैं और इसका इस्तेमाल वे झूठ फैललाने में करते हैं। उन्होंने कहा कि लेट नाइट मोरन्स समेत कई ऐसे शो हैं जिनकी हाई रेटिंग है और पत्रकार मोटा पैसा लेते हैं।अगर वे झूठी खबरें फैलाते हैं तो उनपर कार्रवाई होगी।
ईरान युद्ध से खड़ा हो गया बड़ा संकट
इजराइल और अमेरिका ने 28 फरवरी को यह कहते हुए ईरान पर हमला किया था कि वे ईरान के परमाणु व सैन्य ठिकानों को निशाना बना रहे हैं और ईरान के लोगों से भी अपने नेताओं के खिलाफ खड़े होने का आह्वान किया था। इसके जवाब में ईरान ने इजराइल और फारस की खाड़ी के आसपास के पड़ोसी देशों पर हमले किए।
इस संघर्ष के कारण वैश्विक विमानन सेवाएं अस्त-व्यस्त हो गई हैं, तेल निर्यात बाधित हुआ है और दुनियाभर में ईंधन की कीमतों में वृद्धि हुई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्हें आशा है कि तेल व गैस के निर्यात पर निर्भर देश हॉर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा के लिए अपने युद्धपोत भेजेंगे। हालांकि रविवार तक किसी भी देश ने इसके लिए प्रतिबद्धता नहीं जताई, लेकिन कुछ देशों ने कहा कि वे इस पर विचार कर रहे हैं।
इजराइल ने कहा कि उसने रविवार को भी ईरान पर हमले जारी रखे। बहरीन, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात ने रविवार को अपने निवासियों को चेतावनी दी कि वे उनकी ओर आ रहीं मिसाइल रोकने की दिशा में कदम उठा रहे हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



