Home व्यापार समाचार जिस कंपनी ने बनाई कोरोना की वैक्सीन, अब शेयर बाजार में होगी...

जिस कंपनी ने बनाई कोरोना की वैक्सीन, अब शेयर बाजार में होगी लिस्ट

13
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

भारत बायोटेक इंटरनेशनल लिमिटेड 500 मिलियन डॉलर का आईपीओ लाने पर विचार कर रही है। साल 1996 में स्थापित कंपनी भारत बायोटेक को कोविड-19 महामारी के दौरान वैश्विक पहचान मिली थी, जब उसने स्वदेशी वैक्सीन विकसित कर सुर्खियां बटोरीं। 

Bharat Biotech ipo: कोवैक्सीन बनाने वाली कंपनी-भारत बायोटेक इंटरनेशनल लिमिटेड शेयर बाजार में लिस्ट होने की योजना बना रही है। यह कंपनी 500 मिलियन डॉलर का आईपीओ लाने पर विचार कर रही है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया कि इस संबंध में मंथन का दौर शुरू हो चुका है। हालांकि इश्यू का साइज, स्ट्रक्चर और समय-सीमा अभी तय नहीं हुई है। वहीं, कंपनी की ओर से भी कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है और बाजार की परिस्थितियों तथा निवेशकों की रुचि के आधार पर प्रस्ताव में बदलाव संभव है।

कंपनी लिस्टिंग की तैयारी ऐसे समय में कर रही है जब भारतीय प्राथमिक बाजार रिकॉर्ड फंड जुटाने के बाद अब अधिक सतर्क रुख में है। शेयर बाजार की बिकवाली के बीच हेल्थकेयर और फार्मा क्षेत्र में निवेशकों की लॉन्ग टर्म रुचि बनी हुई है। हालांकि, शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव और विदेशी संस्थागत निवेशकों की सावधानी के कारण बड़ी कंपनियों के लिए मूल्य निर्धारण और सही समय का चयन महत्वपूर्ण हो गया है।

कोवैक्सीन बनाकर चर्चा में आई कंपनी

बता दें कि साल 1996 में स्थापित कंपनी भारत बायोटेक को कोविड-19 महामारी के दौरान वैश्विक पहचान मिली थी, जब उसने स्वदेशी वैक्सीन विकसित कर सुर्खियां बटोरीं। कंपनी का पोर्टफोलियो हेपेटाइटिस-बी, टाइफॉयड, रोटावायरस, जापानी इंसेफेलाइटिस और इन्फ्लुएंजा सहित कई बीमारियों के टीकों और बायोथेरेप्यूटिक्स तक फैला हुआ है। वह 100 से अधिक देशों को वैक्सीन की आपूर्ति करती है और वैश्विक टीकाकरण कार्यक्रमों में एक अहम भूमिका निभा रही है।

क्या है कंपनी का प्लान?

भारत बायोटेक आईपीओ से जुटाई गई रकम का उपयोग कंपनी अनुसंधान एवं विकास (R&D) के विस्तार में करेगी। इसके अलावा, मैन्युफैक्चरिंग कैपिसिटी बढ़ाने और अगली पीढ़ी के टीकों, बायोलॉजिक्स के विकास में भी पैसे खर्च किए जाएंगे।

जानकारी के मुताबिक बाजार में उतरने के साथ भारत बायोटेक को अधिक खुलासे, तिमाही नतीजों की समीक्षा और निवेशकों की कड़ी जांच का सामना करना पड़ सकता है।

आईपीओ मार्केट में आ सकता है उछाल

इस साल आईपीओ के बाजार में 32 प्रतिशत की तेज वृद्धि हो सकती है और कुल इश्यू साइज बढ़कर 2.50 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। कोटक इन्वेस्टमेंट बैंकिंग (केआईबी) ने जनवरी महीने की एक रिपोर्ट में कहा कि यह वृद्धि मुख्य रूप से एक अरब डॉलर (करीब 8,000 करोड़ रुपये) से अधिक मूल्य के बड़े आईपीओ की संख्या बढ़ने की वजह से होने की उम्मीद है। केआईबी ने कहा कि वर्ष 2025 आईपीओ के लिहाज से अच्छा रहा, जिसमें भारतीय बाजार में आईपीओ निर्गम 13 प्रतिशत बढ़कर 1.89 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN