Source :- LIVE HINDUSTAN
नेतन्याहू ने कहा कि हम पूरी ताकत, सटीकता और दृढ़ संकल्प के साथ हिज्बुल्लाह पर हमले जारी रखे हुए हैं। हमारा संदेश साफ है, जो कोई भी इजरायली नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई करेगा, हम उस पर हमला करेंगे।
ईरान-अमेरिका के बीच दो हफ्ते के लिए हुए युद्धविराम के बाद भी इजरायल का लेबनान में हवाई हमला जारी है। ईरान का दावा है कि 10 सूत्रीय योजना में एक प्वाइंट लेबनान में हमले रोकना भी शामिल है, लेकिन अमेरिका व इजरायल इससे इनकार कर रहे हैं। इस बीच, प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार को कहा कि इजरायल, ईरान समर्थित हिज्बुल्लाह पर जहां भी जरूरी होगा हमला करता रहेगा। यह बयान लेबनान पर इजरायल के घातक हमलों के ठीक एक दिन बाद आया है।
नेतन्याहू ने अपने निजी एक्स अकाउंट पर कहा, “हम पूरी ताकत, सटीकता और दृढ़ संकल्प के साथ हिज्बुल्लाह पर हमले जारी रखे हुए हैं।” उन्होंने आगे कहा, “हमारा संदेश साफ है, जो कोई भी इजरायली नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई करेगा, हम उस पर हमला करेंगे। हम हिज्बुल्लाह पर जहां भी जरूरी होगा, हमला करते रहेंगे। जब तक कि हम इजरायल के उत्तरी इलाके के निवासियों के लिए सुरक्षा पूरी तरह से बहाल नहीं कर लेते।”
इजरायल की सेना ने कहा कि वह दक्षिणी लेबनान में जमीनी अभियान जारी रखे हुए है। इस इलाके में सेना के जवान मार्च की शुरुआत से ही हिज्बुल्लाह से लड़ रहे हैं और अपनी स्थिति मजबूत किए हुए हैं। एक अलग बयान में सेना ने कहा कि उसने रात के समय दो अहम रास्तों पर हमला किया। इन रास्तों का इस्तेमाल हिज्बुल्लाह के आतंकवादी और कमांडर लेबनान में लिटानी नदी के उत्तर से दक्षिण की ओर आने-जाने के लिए करते थे, ताकि वे हजारों हथियार, रॉकेट और लॉन्चर एक जगह से दूसरी जगह पहुंचा सकें।
इजरायली हमले में लेबनान में 200 से ज्यादा की मौत
इसमें आगे कहा गया कि उसने लेबनानी सशस्त्र समूह से जुड़ी लगभग 10 हथियार भंडारण सुविधाओं, लॉन्चरों और कमांड सेंटरों पर हमला किया है। लेबनानी स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि बुधवार को इजरायली हमलों ने लेबनान को बुरी तरह से निशाना बनाया, जिसमें 200 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई और एक हजार से ज्यादा लोग घायल हो गए। लेबनानी प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि गुरुवार उन ‘शहीदों’ और घायलों के लिए राष्ट्रीय शोक दिवस होगा, जो इजरायली हमलों का शिकार हुए, और जिनमें सैकड़ों बेकसूर, निहत्थे नागरिक शामिल थे।” उन्होंने सरकारी दफ्तरों को बंद करने और झंडे झुकाने का आदेश दिया। कुछ घंटों बाद, हिज्बुल्लाह ने कहा कि उसने इजरायल की ओर रॉकेट दागे हैं। हिज्बुल्लाह ने इसे अमेरिका-ईरान संघर्ष-विराम का उल्लंघन बताया। इस दौरान, उत्तरी इजरायली इलाकों में सुबह भर कई बार सायरन बजते रहे।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



