Source :- LIVE HINDUSTAN
Making Rose Water At Home: पार्टनर ने ढेर सारे गुलाब दिए हैं और वो धीरे-धीरे सूख रहे तो इन्हें फेंकने की गलती बिल्कुल ना करें। इन प्यारे से गुलाब की पंखुड़ियों की मदद से रोज वाटर बनाकर रख लें। ये आपके स्किन केयर में बड़े काम आएंगे। स्टेप बाई स्टेप रोज वाटर बनाने की टिप्स।
वैलेंटाइन डे पर गुलाब के फूल मिले हैं या घर में पूजा के बाद बचे हुए गुलाब के फूल यूं ही फेंकने को रखें हैं। तो इन फूलों को बेकार ना जाने दें। इससे बना लें गुलाब जल। जो आपकी स्किन के लिए बड़े काम का है। स्किन केयर में रोज वाटर का इस्तेमाल खूब किया जाता है। खासतौर पर घर में जब फेस पैक बनाना हो या फिर टोनर के तौर पर इस्तेमाल करना हो। रोज वाटर हर वक्त काम आता है। अब इसे मार्केट से खरीदने की बजाय घर में बिल्कुल आसान तरीकों से बनाकर रखा जा सकता है। जान लें घर में कैसे बनाएं रोज वाटर।
रोज वाटर घर में बनाने का आसान तरीका
रोज वाटर को बनाना बहुत आसान है। घर में अगर चार-छह गुलाब के फूल हैं तो इनकी पंखुड़ियों से फटाफट रोज वाटर तैयार किया जा सकता है। बस इन स्टेप को फॉलो कर रोज वाटर तैयार करें।
- सबसे पहले कोई कड़ाही लेकर उसे गैस पर रख दें।
- कड़ाही के बीच में छोटी सी कटोरी रखें।
- और, किनारों पर गुलाब की पंखुड़ियों को तोड़कर डाल दें।
- ध्यान रहे कि गुलाब की पंखुड़ियों को निकालकर उनकी डंठल और गांठ को अलग कर दें।
- अब बीच में खाली कटोरी और किनारों पर गुलाब की पंखुड़ियों को डालें। फिर पंखुड़ियों पर एक गिलास पानी डाल दें। लेकिन बीच की कटोरी खाली ही रखें।
- अब ऊपर से किसी स्टील की प्लेट या फिर किसी ढक्कन से ढंक दें। ध्यान रहे कि इसमे किसी भी तरह का छेद ना हो। नहीं तो स्टीम बाहर निकल जाएगा।
- गैस की फ्लेम को धीमा करके ऑन कर दें।
- साथ ही ढक्कन के ऊपर ढेर सारी बर्फ रख दें।
- ऊपर से ठंडक और नीचे से गर्माहट मिलने से पानी में पड़ी गुलाब की पत्तियां पकेंगी और कटोरी में स्टीम इकट्ठा होगी।
- जब ऊपर की बर्फ गल कर खत्म हो जाए तो गैस बंद कर दें। और ढक्कन को हटा दें।
- कटोरी में आपको ढेर सारा वाटर इकट्ठा मिलेगा। यहीं गुलाब का पानी है, जिसे ठंडा हो जाने दें।
- फिर किसी स्प्रे बोतल में स्टोर करके करीब दो महीने के लिए रख लें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



