Home  लाइफस्टाइल समाचार गुब्बारे जैसी फूलेगी खस्ता कचौड़ी! आटा गूंथने से तलने तक हलवाई के...

गुब्बारे जैसी फूलेगी खस्ता कचौड़ी! आटा गूंथने से तलने तक हलवाई के 5 सीक्रेट टिप्स आपको जानने चाहिए

11
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

कचौड़ी हर तीज-त्योहार में घरों पर बनती है लेकिन कई बार ये पिचक जाती है और क्रिस्पी नहीं रहती। ऐसे में खस्ता कचौड़ी खाने में बिल्कुल मजा नहीं आता। आज हम आपको हलवाई वाली कुछ सीक्रेट टिप्स बताएंगे, जिससे आपकी खस्ता कचौड़ी गुब्बारे की तरह फूल जाएगी।

तीज-त्योहार हो या फिर घर में किसी मेहमान को आना हो, पूड़ी के साथ खस्ता कचौड़ी जरूर बनाए जाते हैं। स्नैक्स में भी कचौड़ी खाना लोग काफी पसंद करते हैं लेकिन कचौड़ी खाने का मजा तभी आता है, जब ये फूली हुई और गोल बने। कचौड़ी पिचक जाती है या फिर क्रिस्पी नहीं बनती, तो खाने का पूरा मजा किरकिरा हो जाता है। अगर आप भी कचौड़ी बनाने के लिए कई ट्रिक्स अपना चुकी हैं, तो अब हलवाई जैसी खस्ता कचौड़ी बनाने के कुछ तरीके आजमाकर देख लें। चलिए फिर जानते हैं आखिर कैसे बना सकते हैं खस्ता कचौड़ी।

1- आटा गूंथने का तरीका

खस्ता कचौड़ी बनाने के लिए आपका आटा बिल्कुल परफेक्ट और कड़ा गूंथा होना चाहिए, तभी कचौड़ी मस्त-मस्त बनेंगी। अगर आटे को गीला कर देंगे, तो ये तेल ज्यादा पी लेगी और कचौड़ी भी खस्ता नहीं होंगी। ऐसे में आपको बस सिंपल तरीका अपनाना है और वह है आटे को गूंथते समय उसमें थोड़ा सा तेल-घी और नमक मिक्स करें। ऐसा करने से आपका आटा सख्त बना रहेगा और बाद में कचौड़ी बेलने में आसानी होगी।

2- आटा सेट होने के लिए छोड़ें

कुछ लोग आटा गूंथने के तुरंत बाद ही कचौड़ी बनाना शुरू कर देते हैं, ऐसा बिल्कुल न करें। हलवाई हमेशा आटा गूंथने के बाद उसे कपड़े से कवर करके 15 मिनट के लिए सेट होने के लिए छोड़ देते हैं। ऐसा करने से आटा अपने आप सही हो जाता है और आसानी से आप इससे पूड़ी-कचौड़ी बना सकते हैं।

3- लोई बनाने का तरीका

आप कचौड़ी में जिस भी चीज की स्टफिंग कर रही हैं, फिर चाहे वह दाल हो, मटर, गोभी, आलू कुछ भी हों। उसे महीन रखना है, अगर आलू-दाल खड़ी रहेगी, तो आपकी कचौड़ी फूट जाएगी और फिर फूलेगी नहीं। हलवाई कचौड़ी के लिए हमेशा छोटी-छोटी लोई बनाते हैं, ज्यादा बड़ी लोई बनाएंगे तो कचौड़ी बड़ी बेलनी पड़ेगी। ऐसे में ये बिल्कुल फूलती नहीं है। छोटी लोई बनाएं और हल्के हाथों से गोल करें। अब स्टफिंग को हथेली में रखकर लड्डू की तरह बनाएं और फिर लोई में रखकर उसे बंद करें। ऐसे आप लोई में स्टफिंग करके रखें।

4- बेलने का सही तरीका

बेलन पर ज्यादा जोर लगाते हुए कचौड़ी बिल्कुल ना बेलें। आपको चकले पर हल्का सा आटा या मैदा लगाना है, जिससे चिकनाहट बनी रहे। फिर इस पर लोई रखें और 1-2 बार बेलन चलाकर छोटी कचौड़ी बनाएं। ज्यादा बड़ी और मोटी कचौड़ी बनाने के चक्कर में ना रहें। मोटी या बड़ी बनाने से ये फूलेगी नहीं और फट भी जाएगी।

5- तलने का तरीका भी जानें

अब आखिरी प्रोसेस है कचौड़ी को तलने का और उसके लिए आपको कढ़ाही में तेल गर्म करना है और उसमें चुटकी भर नमक डाल देना है। नमक डालने से आपकी कचौड़ी तेल कम सोखेगी और क्रिस्पी बनी रहेगी। अब 1-2 कचौड़ी को एक साथ कढ़ाही में तल लें। बस इन टिप्स की मदद से आपकी कचौड़ी गुब्बारे की तरह फूल जाएगी और क्रिस्पी भी बनेंगी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN