Home विश्व समाचार कैमरे पर लाइव रिपोर्टिंग कर रहा था पत्रकार, तभी इजरायल ने दाग...

कैमरे पर लाइव रिपोर्टिंग कर रहा था पत्रकार, तभी इजरायल ने दाग दी मिसाइल; देखें भयावह VIDEO

19
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

रशिया टुडे ने वीडियोज पोस्ट करते हुए लिखा कि वह समय जब इजरायल ने सीधे आरटी क्रू पर हमला किया। दक्षिणी लेबनान में इजरायली हमले में आरटी के संवाददाता स्टीव स्वीनी और उनके कैमरामैन घायल हो गए। सामने आए वीडियो में पत्रकार पर हवाई हमला होता देखा जा सकता है।

Israel Attack Reporter on Camera: इजरायल ने गुरुवार को लेबनान में कई हवाई हमले किए, जिसकी चपेट में रशिया टुडे का एक ब्रिटिश पत्रकार आते-आते बचा। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में पत्रकार स्टीव स्वीनी को उस समय इजरायली मिसाइल से निशाना बनाया गया, जब वह कैमरे के सामने लाइव रिपोर्टिंग कर रहे थे। सोशल मीडिया पर पूरी घटना का वीडियो वायरल हो गया है। रशिया टुडे ने भी हमले के कई वीडियो पोस्ट किए हैं। एक वीडियो में स्टीव प्रेस की जैकेट पहने हुए रिपोर्टिंग कर रहे थे। युद्ध की जानकारी दे रहे थे, तभी उन पर आसमान से हवाई हमला हो गया। स्टीव ने समय रहते हुए ऊपर से आ रहे हमले को देख लिया और तेजी से प्रतिक्रिया देते हुए वहां से हट गए। राहतभरी बात रही कि हमले में स्टीव की जान बच गई और ज्यादा चोट नहीं आई।

रशिया टुडे ने वीडियोज पोस्ट करते हुए लिखा, ”वह समय जब इजरायल ने सीधे आरटी क्रू पर हमला किया। दक्षिणी लेबनान में इजरायली हमले में आरटी के संवाददाता स्टीव स्वीनी और उनके कैमरामैन घायल। जब वे एक सैन्य अड्डे के पास से पुल पार कर रहे थे, तब एक इजरायली विमान ने उनके वाहन पर मिसाइल दागी। दोनों होश में हैं और छर्रों से लगी चोटों का इलाज करवा रहे हैं।”

स्टीव ने हमले के बाद सुरक्षित जगह से वीडियो बनाते हुए दावा किया कि इजरायल ने यह हमला जानबूझकर किया। उन्होंने प्रेस की जैकेट भी पहन रखी थी, फिर भी निशाना बनाया गया। आरटी ने एक और वीडियो शेयर किया, जिसमें पत्रकार हंसते हुए बात कर रहे हैं और बता रहे हैं कि वह सुरक्षित हैं। कोई भी डरने की बात नहीं है। आरटी कैमरामैन अली रिदा ने कहा कि आज पता चला कि जब मिसाइल आपकी तरफ उड़कर आती है, तो आप उसे सुन सकते हैं। हमले के बाद भी आरटी की टीम के हौसले बुलंद है।

लेबनान में जारी हैं हवाई हमले

इससे पहले, इजरायल रक्षा बलों (आईडीएफ) ने बुधवार को कहा था कि उसने दक्षिणी लेबनान में हिज़्बुल्लाह के ठिकानों पर हमला किया। आईडीएफ ने टेलीग्राम पर कहा, “दक्षिणी लेबनान के टायर क्षेत्र में नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के बाद और इजरायल पर रॉकेट हमले के जवाब में आईडीएफ ने हिज़्बुल्लाह के आतंकी ठिकानों पर हमला शुरू किया।” वहीं, दूसरी ओर इजरायल अमेरिका के साथ मिलकर लगातार ईरान पर भी हवाई हमले कर रहा है, जिसकी वजह से मिडिल ईस्ट में तनाव चरम पर पहुंच गया है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN