Home राष्ट्रीय समाचार कप्तान सलमान आग़ा की ये ग़लती पड़ गई भारी, बोले पाकिस्तानी एक्सपर्ट

कप्तान सलमान आग़ा की ये ग़लती पड़ गई भारी, बोले पाकिस्तानी एक्सपर्ट

10
0

Source :- BBC INDIA

शाहिद अफ़रीदी और रमीज़ रज़ा

इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

एक घंटा पहले

पढ़ने का समय: 6 मिनट

आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप के 27वें मैच में भारत के हाथों अपनी टीम की हार पर पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटरों ने सलमान आग़ा के फ़ैसलों पर ख़ासी नाराज़गी ज़ाहिर की है.

रविवार को कोलंबो में हुए इस मैच में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हरा दिया और इस के साथ ही भारतीय टीम सुपर-8 राउंड में पहुंच गई.

भारत की ओर से मिले 176 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम शुरू से ही लड़खड़ाती नज़र आई और पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाई. 18 ओवरों में 114 रन पर ही पाकिस्तान की पूरी टीम ऑल आउट हो गई.

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफ़रीदी, कामरान अकमल, बासित अली, रमीज़ रज़ा समेत कई पूर्व क्रिकेटरों ने जहां भारतीय टीम की तारीफ़ की, वहीं पाकिस्तान की हार को ‘एक और शर्मनाक हार’ बताया.

पाकिस्तान टी20 के कप्तान सलमान आग़ा के कई फ़ैसलों पर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं और कहा जा रहा है कि मैच में शुरुआती सफलता मिलने के बाद भी टीम उसे क़ायम रखने में नाकाम रही.

इसके अलावा अपने स्पिनर्स का भारतीय बल्लेबाज़ों के ख़िलाफ़ ठीक से इस्तेमाल न करने के लिए भी सलमान आग़ा की आलोचना हो रही है.

कप्तान के फ़ैसलों पर भड़के अफ़रीदी

सलमान आग़ा

इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफ़रीदी ने कहा, “अगर आप इंडिया की बॉलिंग, बैटिंग, फ़ील्डिंग देखें तो वो इसके हक़दार (जीत के) दिखते हैं. एक तो ग़लतियां होती हैं, लेकिन हमने ब्लंडर्स किए हैं.”

कप्तान के फ़ैसलों पर नाराज़गी जताते हुए अफ़रीदी ने कहा, “पहले ओवर के अलावा कप्तान के बाकी फ़ैसले बिल्कुल भी मुझे समझ नहीं आए. हमारा जो ट्रंप बॉलर था तारिक उस्मान, जिसे हमने छुपाकर रखा हुआ था उससे पहले 10 ओवर तक गेंद नहीं कराई गई. शाहीन (अफ़रीदी) जो शुरू में बहुत कॉन्फ़िडेंट नहीं दिख रहा था उससे हमने आखिरी ओवर करा दिया. फ़हीम अशरफ़ ने एक या दो ओवर किये और उसकी जगह शाहीन को लगा दिया.”

“जहां तक भारतीय गेंदबाज़ी की बात करें तो उसने पाकिस्तान के शीर्ष बल्लेबाज़ी क्रम की कमज़ोरी को उजागर कर दिया है. जहां गेंद थोड़ा सा बाउंस, थोड़ी स्विंग करती है, हमारे बल्लेबाज़ों की तकनीक वगैरह सब धरी की धरी रह गई.”

इस मैच में पाकिस्तान ने सात गेंदबाज़ आजमाए, इस पर शाहिद अफ़रीदी सवाल करते हैं, “इस मैच में पाकिस्तान की टीम ‘साढ़े आठ बॉलर्स’ के साथ उतरी. क्या अच्छा नहीं होता कि पांच गेंदबाज़ और एक ऑलराउंडर के साथ टीम उतरती.”

पाकिस्तान ने इस मैच में छह स्पिनर्स से गेंदबाज़ी कराए और शाहीन से दो ओवर गेंदबाज़ी कराई. टी20 वर्ल्ड कप में 18 ओवर स्पिनर से कराने का एक तरह से ये एक रिकॉर्ड भी है.

फ़ख़र ज़मान को टीम में शामिल करने के बाद भी नहीं खिलाने पर भी शाहिद अफ़रीदी भड़के, “जब आप एक सीनियर खिलाड़ी को टूर पर ले जाते हैं और उसे नहीं खिलाते हैं तो ये कुछ ग़लतियां हैं जो हमसे हुई हैं.”

बाबर आज़म जिस तरह आउट हुए, उस पर शाहिद अफ़रीदी ख़ासे नाख़ुश दिखे और कहा, “हार जीत लगी रहती है लेकिन पाकिस्तान की इस तरह हार समझ से परे है. सीनियर खिलाड़ियों को अपनी ज़िम्मेदारी निभानी चाहिए थी.”

‘हारने से अच्छा तो बारिश हो जाती’

पाकिस्तान की टीम

इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

कप्तान सलमान आग़ा के फ़ैसलों से बासित अली भी ख़ासे ख़फ़ा दिखे.

यूट्यूब चैनल गेम प्लान के साथ एक बातचीत में बासित अली ने हा, “इस पिच पर पहले तीन मैच हुए और जिसने शुरू में बल्लेबाज़ी की वो जीता. लेकिन पाकिस्तान टॉस जीतने के बाद भी गेंदबाज़ी चुनता है और इसका कारण ये बताया कि उसका स्पिन डिपार्टमेंट बहुत अच्छा है. इसके बाद भी जब पहले ही ओवर में अभिषेक शर्मा जैसे प्लेयर आउट हो जाते हैं, वो भी सलमान आग़ा की गेंद पर. फिर कप्तान क्यों डिफ़ेंसिव हो गए. माफ़ी के साथ कहूंगा कि कप्तान इतने डरपोक निकले कि पहले ओवर में आउट किया और दूसरे ओवर में भी सिर्फ़ एक चौका लगा. दो ओवर में कुल 10 रन दिए फिर भी आग़ा ने खुद को हटा लिया.”

बासित अली ने कहा, “और तारिक़ उस्मान का हौवा था उसे तो बिल्कुल सुला दिया और बाद में गेंदबाज़ी कराई. जिन्हें ये पता नहीं कि पहले बल्लेबाज़ी करनी चाहिए या गेंदबाज़ी वो पाकिस्तान के हेड कोच बने हुए हैं.”

उन्होंने कहा, “हार जाने से बेहतर होता, बारिश हो जाती, कम से एक एक प्वाइंट तो मिलता. अब नामीबिया वाला मैच अहम हो गया है.”

बाबर आज़म को लेकर बासित अली ने कहा, “जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाए वो बैटिंग ऑर्डर में चौथे नंबर पर आ रहे हैं.”

ईशान किशन के प्रदर्शन को उन्होंने ‘टॉप क्लास’ बल्लेबाज़ी कहा.

टॉस पर उठे सवाल

ईशान किशन

इमेज स्रोत, Getty Images

क्रिकेट समीक्षक सामी चौधरी ने पाकिस्तानी कप्तान सलमान आग़ा के टॉस जीतकर पहले फ़ील्डिंग करने के फ़ैसले की आलोचना की है.

उन्होंने कहा कि एक ऐसे खेल में जहां सारा ध्यान हालात के मुताबिक़ टॉस पर लिए गए फैसले पर टिका होता है, सलमान आग़ा के कान में कौन सा मंत्र फूंका गया था कि टॉस जीतने के बाद उन्हें पहले बल्लेबाज़ी करने का मौका सूर्यकुमार यादव को देना चाहिए?

उन्होंने कहा कि जब श्रीलंकाई परिस्थितियों में पहली पारी में पुरानी गेंद से ही रन बनाना मुश्किल है, तो दूसरी पारी में और भी पुरानी पिच पर इतने बड़े लक्ष्य का पीछा कौन कर सकता है?

सामी चौधरी ने कहा कि इस पिच का पहले भी इस्तेमाल हो चुका है और इस पर खेला गया पिछला मैच भी इस बात का गवाह है कि यहां दूसरी पारी में लक्ष्य का पीछा करना बेहद मुश्किल होगा. भले ही पाकिस्तान को अपने स्पिनरों पर गर्व हो, लेकिन भारतीय स्पिनर भी टी20 क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज़ों में शुमार हैं.

ऐसी स्थिति में, यह सोचना मूर्खता से कम नहीं था कि भारतीय गेंदबाज़ी के ख़िलाफ़ टारगेट का पीछा करना आसान हो जाएगा, सिर्फ़ इसलिए कि कोलंबो में अचानक बारिश शुरू हो जाएगी और गेंद गेंदबाज़ों के हाथों से फिसलने लगेगी.

गेम प्लान पर बातचीत में हिस्सा लेते हुए कामरान अकमल का कहना था, “पाकिस्तान को एक अच्छा मौका मिला था कि वो टॉस जीत गया. अगर वो पहले बल्लेबाज़ी करता तो आराम से 160 से 170 तक रन बना लेते. टॉस के फ़ैसले से ही आप एक अहम मौका चूक गए. उस्मान तारिक़ ने चार ओवर में 24 रन दिए वो भी इंडिया जैसी टीम के ख़िलाफ़. उस्मान के साथ ज़्यादती हुई है.”

कामरान अकमल ने कहा, “मुझे पता नहीं कि क्या सोचकर पाकिस्तान की टीम ने पहले गेंदबाज़ी चुनी. पाकिस्तान की टीम के पास कोई रणनीति नहीं दिखाई दी, जो कुछ सकारात्मक रहा वो था पहला ओवर.”

रमीज़ रज़ा ने भी कहा कि टीम की कोई योजना नहीं दिखी, कोई रणनीति नहीं थी और “एक और शर्मनाक हार” का सामना करना पड़ा.

अपने यूट्यूब चैनल रमीज़ स्पीक्स पर उन्होंने कहा, “पाकिस्तान की बैटिंग एक डिज़ास्टर थी. भारतीय टीम पिछले तीन साल से यही बॉलिंग अटैक खिला रही है लेकिन पाकिस्तान की टीम ने कुछ नहीं सबक लिया. कुलदीप को कैसे खेलना है, बुमराह को कैसे खेलना है, अक्षर पटेल को कैसे खेलना है.”

उन्होंने कहा, “बुमराह भारत के एक ख़तरनाक़ हथियार हैं, वो विकेट लेते हैं, वो मैच विनर हैं. आपको कुछ तो उन्हें रिस्पेक्ट देनी थी.”

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद यूसुफ़ ने भी एक्स पर शाहीन, बाबर और शादाब की आलोचना की.

मोहम्मद यूसुफ़ ने लिखा, “शाहीन, बाबर और शादाब के लिए समय खत्म़ होता दिख रहा है. पाकिस्तान की टी20 टीम को ऐसे नए खिलाड़ियों की ज़रूरत है जो कमज़ोर प्रतिद्वंद्वियों के ख़िलाफ़ खोखली जीत हासिल करने के बजाय वास्तविक प्रदर्शन कर सकें.”

मोहम्मद यूसुफ़ की तरह, पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर साहिब मकसूद ने एक्स पर लिखा, “पाकिस्तान क्रिकेट की सबसे बड़ी समस्या तब शुरू हुई जब देश में क्रिकेट की वापसी हुई, लेकिन शुरुआत में मजबूत टीमें पूरी टीम के साथ नहीं आईं. जब ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड पाकिस्तान में खेलने आए, तो वे अक्सर अपने सात या आठ प्रमुख खिलाड़ियों के बिना आए. हमने सिरीज़ जीती और समझा कि हमारा क्रिकेट सही दिशा में जा रहा है.”

उन्होंने आगे कहा, “दरअसल, वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंटों में, जहां सभी टीमें अपनी पूरी ताक़त के साथ मैदान में उतरती हैं, हमारी कमज़ोरियां उजागर हो जाती हैं. आज के मैच में भी सलमान आग़ा की कप्तानी बुरी तरह से उजागर हुई और दबाव में नाकाम रही.”

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

SOURCE : BBC NEWS