Home विश्व समाचार कनाडा में कर्नाटक के सॉफ्टवेयर इंजीनियर की दिनदहाड़े हत्या, गोलियों से कार...

कनाडा में कर्नाटक के सॉफ्टवेयर इंजीनियर की दिनदहाड़े हत्या, गोलियों से कार छलनी

8
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

संक्षेप:

थ्यामागोंडलु गांव में चंदन के माता-पिता अपने इकलौते बेटे की मौत की खबर से पूरी तरह टूट चुके हैं। चंदन के पिता नंदकुमार ने मीडिया को बताया कि हमने पिछले शुक्रवार को उससे बात की थी।

कनाडा के टोरंटो शहर में कर्नाटक के रहने वाले 37 साल के एक भारतीय सॉफ्टवेयर पेशेवर की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने इस वारदात को शनिवार दोपहर टोरंटो के एक व्यस्त शॉपिंग मॉल के पार्किंग लॉट में अंजाम दिया। इससे पूरे भारतीय प्रवासी समुदाय में हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान चंदन कुमार राजा नंदकुमार के रूप में हुई है, जो टोरंटो के ग्रेटर टोरंटो एरिया में ब्रैम्पटन का निवासी थे। मूल रूप से वह कर्नाटक के बैंगलोर ग्रामीण जिले के नेलमंगला के पास स्थित थ्यामागोंडलु गांव के रहने वाले थे। चंदन पिछले छह साल से कनाडा में रह रहे थे और L&T की सहायक कंपनी LTI Mindtree में काम कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने बैंगलोर में कॉग्निजेंट के साथ काम किया था।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे की है। चंदन अपनी कार के अंदर बैठे थे। तभी हमलावरों ने वुडबाइन शॉपिंग सेंटर के प्रवेश द्वार के पास अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। टोरंटो पुलिस सेवा (TPS) के अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलने पर जब वे मौके पर पहुंचे तो चंदन को कई गोलियां लगी हुई थीं। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्होंने दम तोड़ दिया। वारदात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, जिनमें चंदन की सफेद कार बुलेट के निशानों से छलनी नजर आ रही है।

टोरंटो पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे ‘टारगेटेड अटैक’ माना है। फिलहाल अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। टोरंटो पुलिस सेवा के इंस्पेक्टर एरोल वॉटसन ने कहा, “यह एक गंभीर घटना है, खासकर एक मॉल में इस तरह की गोलीबारी सार्वजनिक सुरक्षा के लिए चिंता का विषय है। हमारी टीम हत्यारों की तलाश कर रही है।”

थ्यामागोंडलु गांव में चंदन के माता-पिता अपने इकलौते बेटे की मौत की खबर से पूरी तरह टूट चुके हैं। चंदन के पिता नंदकुमार ने मीडिया को बताया, “हमने पिछले शुक्रवार को उससे बात की थी। उसने कहा था कि वह इस गर्मी में छुट्टी लेकर घर आएगा। हम उसकी शादी की योजना बना रहे थे। हम पूरी तरह से तबाह हो गए हैं।” परिजनों ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि चंदन बार-बार भारत लौटने की योजना टाल रहा था। पिता ने अफसोस जताते हुए कहा, “अगर उसने हमारी बात मान ली होती और वापस आ गया होता, तो वह आज हमारे साथ होता।”

परिवार के कुछ रिश्तेदारों ने चंदन की हत्या के पीछे एक अलग ही आशंका जताई है। परिजनों का मानना है कि चंदन टोरंटो में एक कन्नड़ एसोसिएशन बनाने के प्रयासों में सक्रिय रूप से लगा हुआ था, जो हत्या का कारण हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस संबंध में किसी स्पष्ट मकसद का संकेत नहीं दिया है।

इस घटना पर कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, “यह घटना बेहद परेशान करने वाली है। हमने एक कन्नडिगा (कर्नाटक का निवासी) को खो दिया है। हमारे पुलिस विभाग ने पहले ही शव को वापस लाने के लिए विदेश मंत्रालय (MEA) से सहायता मांगी है।” वहीं, चिक्काबल्लापुर के सांसद डॉ. के. सुधाकर ने कहा कि वह विदेश मंत्रालय के अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे हैं ताकि चंदन के शव को भारत वापस लाने की प्रक्रिया को तेज किया जा सके।

आपको बता दें कि यह टोरंटो में इस साल की तीसरी हत्या है, जिसने कनाडा और कर्नाटक दोनों जगह कन्नडिगा समुदाय के बीच शोक और आक्रोश को जन्म दिया है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN