Home व्यापार समाचार एक साल में सिर्फ 20 रुपये का निवेश, सरकार 2 लाख रुपये...

एक साल में सिर्फ 20 रुपये का निवेश, सरकार 2 लाख रुपये तक का देती है कवरेज

9
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में 18 से 70 वर्ष तक का कोई भी बैंक खाता धारक व्यक्ति शामिल हो सकता है। खास बात है कि योजना से जुड़ने के लिए आपको हर साल 20 रुपये खर्च करने होंगे। आइए डिटेल जान लेते हैं।

केंद्र सरकार की कई ऐसी योजनाएं हैं जिसे नरेंद्र मोदी के पहले कार्यकाल में शुरू किया गया था। इनमें से एक प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना भी है। इस योजना में 18 से 70 वर्ष तक का कोई भी बैंक खाता धारक व्यक्ति शामिल हो सकता है। खास बात है कि योजना से जुड़ने के लिए आपको हर साल 20 रुपये खर्च करने होंगे। आइए डिटेल जान लेते हैं।

क्या है योजना की डिटेल

प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का वार्षिक प्रीमियम मात्र 20 रुपये है। योजना के तहत दुर्घटना में मृत्यु या पूर्ण स्थायी विकलांगता की स्थिति में 2 लाख रुपये तथा आंशिक स्थायी विकलांगता की स्थिति में 1 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाती है। जन-धन खातों के माध्यम से बड़ी संख्या में लोग इस योजना से जुड़े हैं। किसी व्यक्ति की ओर से एक या विभिन्न बैंकों/ डाकघरों में कई बैंक/ डाकघर खाते रखने की स्थिति में, वह व्यक्ति केवल एक बैंक/ डाकघर खाते के माध्यम से ही इस योजना में शामिल होने के लिए पात्र है। बता दें कि कवर 1 जून से 31 मई तक एक वर्ष की अवधि के लिए होगा, जिसके लिए निर्धारित प्रपत्रों पर नामित व्यक्तिगत बैंक/ डाकघर खाते से ऑटो-डेबिट द्वारा शामिल होने/ भुगतान करने का विकल्प हर साल 31 मई तक देना होगा।

प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना

प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा की तरह प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना को भी वर्ष 2015 में शुरू किया गया। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एक वार्षिक नवीकरणीय टर्म लाइफ इंश्योरेंस योजना है। इस योजना के तहत 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग का कोई भी भारतीय नागरिक, जिसके पास बचत बैंक खाता हो, नामांकन करा सकता है। बीमा कवर 55 वर्ष की आयु तक जारी रह सकता है, बशर्ते प्रीमियम का नियमित भुगतान होता रहे।

इस योजना में बीमित व्यक्ति की किसी भी कारण से मृत्यु होने पर नामित व्यक्ति को 2 लाख रुपये की राशि दी जाती है। इसका वार्षिक प्रीमियम 436 रुपये है, जो हर वर्ष 1 जून से 31 मई तक की अवधि के लिए लागू होता है। कम प्रीमियम और सरल प्रक्रिया के कारण यह योजना बड़ी संख्या में लोगों के लिए जीवन बीमा का सुलभ विकल्प बन गई है। सरकार के अनुसार, इन दोनों योजनाओं ने देश में वित्तीय समावेशन को बढ़ावा दिया है और करोड़ों लोगों को औपचारिक बीमा सुरक्षा के दायरे में लाया है। जन-धन खातों के माध्यम से बड़ी संख्या में लोग इन योजनाओं से जुड़े हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN