Home विश्व समाचार ईरान में जंग के बीच निकला पाकिस्तान का ‘तेल’, शटडाउन जैसे हालात;...

ईरान में जंग के बीच निकला पाकिस्तान का ‘तेल’, शटडाउन जैसे हालात; स्कूल और दफ्तर थमे

13
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सरकारी महकमों के वाहनों में पेट्रोल भत्ता घटाने से लेकर वर्क फ्रॉम होम तक का ऐलान कर दिया है। इसके अलावा शिक्षण संस्थानों पर ताला लगने की तैयारी हैं और ऑनलाइन क्लासेज शुरू करने के आदेश दिए गए हैं।

अमेरिका और ईरान के युद्ध का खामियाजा दूर बैठे पाकिस्तान को भुगतना पड़ रहा है। मिडिल ईस्ट में तनाव से पैदा हुए तेल संकट के बीच मुल्क में शटडाउन जैसे हालात हो गए हैं। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सरकारी महकमों के वाहनों में पेट्रोल भत्ता घटाने से लेकर वर्क फ्रॉम होम तक का ऐलान कर दिया है। इसके अलावा शिक्षण संस्थानों पर ताला लगने की तैयारी हैं और ऑनलाइन क्लासेज शुरू करने के आदेश दिए गए हैं।

पीएम शरीफ ने सोमवार को देश के नाम संबोधन दिया था, जिसमें पूरे क्षेत्र पर युद्ध के खतरे की बात कही थी। उन्होंने कहा कि युद्ध का प्रभाव सीमाओं से परे होता और अन्य देशों पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था खाड़ी से तेल आपूर्ति पर निर्भर है और तेल की कीमतें बढ़ने के कारण देश को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

पाकिस्तान ने किए ये उपाय

पाकिस्तान के जियो टीवी के अनुसार, अगले दो महीनों के लिए सरकारी विभागों के वाहनों के ईंधन में 50% की कटौती की जाएगी। ईंधन बचाने के लिए सभी सरकारी विभागों के 60% वाहन दो महीने तक सड़कों से दूर रहेंगे।

वेतन काटा

कैबिनेट के सदस्यों, सलाहकारों और विशेष सहायकों को अगले दो महीनों तक वेतन नहीं मिलेगा। संसद सदस्यों के वेतन में दो महीने के लिए 25% की कटौती की जाएगी। सभी सरकारी विभाग अपने खर्चों में 20% की कमी करेंगे। 3,00,000 रुपये प्रति माह से अधिक कमाने वाले ग्रेड-20 और उससे ऊपर के अधिकारियों के वेतन से दो दिन की कटौती की जाएगी।

विदेश यात्राओं में कमी

मंत्रियों, सलाहकारों, विशेष सहायकों और सरकारी अधिकारियों की विदेशी यात्राओं पर प्रतिबंध रहेगा; केवल जरूरी राष्ट्रीय हित की यात्राओं की अनुमति होगी। टेलीकांफ्रेंसिंग और ऑनलाइन बैठकों को प्राथमिकता दी जाएगी।

वर्क फ्रॉम होम और आधिकारिक इफ्तार पार्टियों पर रोक

आधिकारिक रात्रिभोज और इफ्तार पार्टियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। लागत कम करने के लिए सेमिनार और आधिकारिक कार्यक्रम केवल सरकारी स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे। आवश्यक सेवाओं को छोड़कर, सार्वजनिक और निजी दोनों क्षेत्रों के 50% कर्मचारी वर्क फ्रॉम होम करेंगे। सरकारी कार्यालय सप्ताह में चार दिन काम करेंगे, हालांकि यह निर्णय बैंकों पर लागू नहीं होगा।

स्कूल तक बंद

उपायों के तहत इस सप्ताह के अंत से सभी स्कूल दो सप्ताह के लिए बंद रहेंगे। सभी उच्च शिक्षण संस्थानों में ऑनलाइन कक्षाएं शुरू होंगी।

अफगानिस्तान युद्ध के कारण IMF किस्त पर खतरा

पाकिस्तान और अफगानिस्तान की सीमा पर चल रहे युद्ध के कारण पाकिस्तान को मिलने वाली IMF फंडिंग की अगली किस्त खतरे में पड़ गई है। एक मीडिया रिपोर्ट में यह बात कही गई है। IMF की एक टीम इस समय पाकिस्तान के दौरे पर है और वह देश की अर्थव्यवस्था की तीसरी समीक्षा कर रही है। इस समीक्षा के बाद ही अगली फंडिंग जारी होगी। टीम यह देख रही है कि पाकिस्तान सरकार की ओर से लिए जा रहे आर्थिक फैसले उन शर्तों के अनुसार हैं या नहीं, जो IMF ने तय की हैं, ताकि पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था सुधर सके और वह कर्ज चुका सके।

अफगानिस्तान के साथ चल रहा युद्ध और बढ़ता सैन्य खर्च इन शर्तों को पूरा करना मुश्किल बना रहा है। इससे देश में निवेश का माहौल खराब हुआ है और महंगाई भी बढ़ गई है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN