Home विश्व समाचार ईरान पर फिर हमला करेगा इजरायल? रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने बताया...

ईरान पर फिर हमला करेगा इजरायल? रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने बताया ट्रंप-नेतन्याहू का अगला प्लान

13
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

इजरायल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने गुरुवार को कहा कि उनके देश को ईरान के खिलाफ फिर से सैन्य कार्रवाई करनी पड़ सकती है, ताकि इस्लामी गणराज्य एक बार फिर इजरायल के लिए खतरा न बन सके।

इजरायल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने गुरुवार को कहा कि उनके देश को ईरान के खिलाफ ‘फिर से सैन्य कार्रवाई’ करनी पड़ सकती है, ताकि इस्लामी गणराज्य एक बार फिर इजरायल के लिए खतरा न बन सके। एक सैन्य समारोह के दौरान जारी बयान में काट्ज ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के समन्वय में यह अभियान चलाया जा रहा है, जिसका लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि ईरान भविष्य में इजरायल, अमेरिका और स्वतंत्र दुनिया के लिए खतरा न बने। हम इस प्रयास का पूरा समर्थन कर रहे हैं और जरूरी सहायता दे रहे हैं, लेकिन इन उद्देश्यों को हासिल करने के लिए हमें जल्द ही फिर से कार्रवाई करनी पड़ सकती है।

ट्रंप का कड़ा संदेश

वहीं एक दिन पहले यानी बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि उसे ‘बहुत जल्द समझदार’ बनना होगा। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि ईरान अपनी स्थिति संभाल नहीं पा रहा। उन्हें गैर-परमाणु समझौते पर हस्ताक्षर करना नहीं आता। उन्हें जल्द समझदार बनना होगा। ट्रंप ने पोस्ट के साथ एक व्यंग्यात्मक तस्वीर भी साझा की, जिसमें वे हथियार लेकर खड़े दिख रहे हैं और ‘No More Mr. Nice Guy’ मैसेज के साथ ‘गैर-परमाणु समझौता’ का जिक्र किया गया है।

दक्षिण लेबनान में हिजबुल्लाह के साथ ‘कोई युद्धविराम नहीं’

दूसरी ओर, इजरायल रक्षा बल (IDF) के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल ईयाल जमीर ने स्पष्ट किया कि दक्षिण लेबनान में हिजबुल्लाह के साथ कोई युद्धविराम नहीं है। लेबनान सरकार के साथ दो सप्ताह पहले लागू हुए युद्धविराम के बावजूद हिजबुल्लाह के साथ समानांतर युद्ध जारी है। चैनल 12 की रिपोर्ट के अनुसार, जमीर की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब इजरायल अमेरिका से लेबनानी सरकार के साथ प्रत्यक्ष वार्ता को दो सप्ताह तक सीमित रखने और यदि वार्ता विफल हुई तो हिजबुल्लाह के खिलाफ बड़े पैमाने पर आईडीएफ अभियान की मंजूरी मांग रहा है।

बता दें कि अमेरिका की मध्यस्थता वाला इजरायल-लेबनान युद्धविराम 17 अप्रैल को शुरू हुआ था, जिसे 24 अप्रैल को तीन सप्ताह के लिए बढ़ा दिया गया। इसके बावजूद सीमा पर तनाव और गोलीबारी जारी है। दक्षिण लेबनान के शहर तैबेह में सैनिकों को संबोधित करते हुए जमीर ने कहा कि हम दक्षिण लेबनान में बनाए गए सुरक्षा बफर जोन को तब तक नहीं छोड़ेंगे, जब तक उत्तरी इजरायली समुदायों के लिए खतरा पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाता। हम अपने समुदायों पर किसी भी हमले या गोलीबारी को बर्दाश्त नहीं करेंगे। चीफ ऑफ स्टाफ ने सेना को निर्देश देते हुए कहा कि लड़ाई के मोर्चे पर कोई युद्धविराम नहीं है। आप लड़ना जारी रखें, उत्तरी समुदायों से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष खतरों को दूर करें, आतंकी बुनियादी ढांचे को नष्ट करें और आतंकवादियों को खोज-खोजकर मार गिराएं।

इजरायली सेना ने बताया कि गुरुवार को उसने हिजबुल्लाह का एक रॉकेट लॉन्चर नष्ट कर दिया और समूह द्वारा लॉन्च किए गए दो विस्फोटक ड्रोन को मार गिराया। बुधवार को हिजबुल्लाह ने दक्षिण लेबनान में इजरायली सैनिकों पर कई ‘फर्स्ट पर्सन व्यू’ (FPV) ड्रोन दागे थे, हालांकि इन हमलों में कोई हताहत नहीं हुआ।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN