Home विश्व समाचार ईरान जंग के बीच बुरा फंसा पाकिस्तान, UAE ने मांगे अपने 3.5...

ईरान जंग के बीच बुरा फंसा पाकिस्तान, UAE ने मांगे अपने 3.5 अरब डॉलर; चुकाने जा रहा पड़ोसी

14
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

पाकिस्तान को UAE ने बड़ा झटका देते हुए 3.5 अरब डॉलर का कर्ज तुरंत वापस मांगा है। ईरान-इजरायल युद्ध और मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच UAE के इस फैसले से पाकिस्तान की आर्थिक मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

पाकिस्तान ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की मांग पर उसका 3.5 अरब अमेरिकी डॉलर का कर्ज वापस चुकाने का फैसला किया है। यह फैसला तब लिया गया है जब मध्य पूर्व में जारी जंग के चलते UAE अपने फंड्स वापस मांग रहा है। यूएई ने पाकिस्तान को यह फंड ‘भुगतान संतुलन’ को स्थिर रखने में मदद करने के लिए मुहैया कराया था। हाल तक इस कर्ज को यूएई द्वारा ‘रोल ओवर’ किया जा रहा था। यानी यूएई कर्ज चुकाने की अवधि को बार-बार आगे बढ़ा दे रहा था।

शुक्रवार को आई एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ईरान पर अमेरिका-इजरायल युद्ध के बाद मिडिल ईस्ट में पैदा हुई स्थिति के मद्देनजर यूएई ने इस फंड की तत्काल वापसी की मांग की है। अब पाकिस्तान ने इसी महीने संयुक्त अरब अमीरात को उसका 3.5 अरब डॉलर का पूरा कर्ज लौटाने का फैसला किया है।

कहां रखी गई थी यह राशि

‘जियो न्यूज’ ने सूत्रों के हवाले से बताया कि यह भारी-भरकम राशि स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान (SBP) के पास एक ‘सेफ डिपॉजिट’ के रूप में रखी गई थी। पाकिस्तान इस महीने के अंत तक अबू धाबी को यह 3.5 अरब अमेरिकी डॉलर की राशि लौटा देगा।

अंदरूनी सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तान इस रकम पर लगभग 6 प्रतिशत का ब्याज चुकाता आ रहा है। पहले, यूएई इस जमा राशि को सालाना आधार पर रोल ओवर कर देता था। हालांकि, दिसंबर 2025 में इस राशि को पहले एक महीने के लिए और फिर दो महीने के लिए बढ़ाकर 17 अप्रैल तक किया गया था।

चालू वित्त वर्ष के लिए, पाकिस्तान को बाहरी जमा (एक्सटर्नल डिपॉजिट) के रूप में लगभग 12 अरब अमेरिकी डॉलर के रोलओवर की आवश्यकता थी। इसमें सऊदी अरब से 5 अरब डॉलर, चीन से 4 अरब डॉलर और यूएई द्वारा रखे गए 3.5 अरब डॉलर शामिल थे।

वर्तमान वित्तीय स्थिति

मौजूदा समय में पाकिस्तान के पास विदेशी मुद्रा भंडार (रिजर्व) में 21 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक की राशि है। इस कारण वह फिलहाल यूएई को यह कर्ज चुकाने में सक्षम है, लेकिन आने वाले महीनों में देश को बाहरी वित्तीय मदद की आवश्यकता पड़ सकती है।

क्या सऊदी डील कर बुरा फंसा पाकिस्तान?

सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान की सऊदी अरब के साथ हालिया स्ट्रैटेजिक म्यूचुअल डिफेंस एग्रीमेंट (SMDA) ने UAE को नाराज कर दिया है, जिसकी वजह से अमीरात ने 3.5 अरब डॉलर के लोन की तुरंत वापसी की मांग कर दी। सितंबर 2025 में साइन हुई इस डिफेंस डील के तहत पाकिस्तान ने सऊदी अरब का खुलकर साथ दिया, जबकि UAE और सऊदी के बीच क्षेत्रीय प्रतिस्पर्धा को देखते हुए इस नजदीकी को दुबई ने ‘धोखा’ माना। UAE ने पहले 2 अरब डॉलर के रोलओवर को सिर्फ 30 दिन का समय दिया था, अब पूरा कर्ज अप्रैल में चुकाने का फैसला लिया गया क्योंकि पाकिस्तान सऊदी की सैन्य मदद और ईरान संघर्ष में रियाद के पक्ष में खड़ा दिख रहा है। इससे पाकिस्तान दो मोर्चों पर फंस गया- एक तरफ सऊदी डिफेंस डील की ‘कीमत’ चुकानी पड़ रही है, दूसरी तरफ UAE जैसे पुराने सहयोगी से आर्थिक नुकसान हो रहा है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN