Source :- LIVE HINDUSTAN
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अभी भी जारी है। इस टेंशन के बीच मंगलवार को मध्य ईरान में एक ईरानी सैन्य हेलीकॉप्टर फल और सब्जी के बाजार में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें कम से कम चार लोगों की मौत हो गई।
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अभी भी जारी है। इस टेंशन के बीच मंगलवार को मध्य ईरान में एक ईरानी सैन्य हेलीकॉप्टर फल और सब्जी के बाजार में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें कम से कम चार लोगों की मौत हो गई। ईरानी सरकारी टेलीविजन के अनुसार, यह हादसा ईरान की राजधानी तेहरान से लगभग 330 किलोमीटर (205 मील) दक्षिण में स्थित दोरचेह कस्बे में हुआ। इस्फहान प्रांत में ईरान का एक प्रमुख हवाई अड्डा है, साथ ही एक परमाणु केंद्र भी स्थित है, जिस पर जून में ईरान-इजराइल युद्ध के दौरान अमेरिका ने हमला किया था।
सरकारी टीवी के मुताबिक, सेना का यह हेलीकॉप्टर प्रशिक्षण उड़ान पर था। हादसे में पायलट और सह-पायलट की मौत हो गई। बाजार से मलबा और धुआं उठता हुआ दिखाई दिया। ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी फार्स ने बताया कि बाजार में मौजूद दो लोगों (व्यापारियों) की भी इस दुर्घटना में मौत हो गई। रिपोर्ट के अनुसार, स्थानीय समयानुसार सुबह 9:09 बजे विमान बाजार के स्टाल से टकराया, जिससे पायलट, सह-पायलट और दो विक्रेताओं की मौत हो गई।
प्रांतीय आपातकालीन चिकित्सा सेवा संगठन के प्रमुख अली नसीरी के हवाले से फार्स ने बताया कि घटना के तुरंत बाद चार एम्बुलेंस मौके पर भेजी गईं। इस्फहान के संकट प्रबंधन विभाग के महानिदेशक मंसूर शिशेफरोश ने आधिकारिक संवाद समिति इरना को बताया कि यह घटना तकनीकी खराबी के कारण हुई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
गौरतलब है कि ईरान में एक सप्ताह से भी कम समय में यह दूसरी बड़ी दुर्घटना है। इससे पहले ईरान के पश्चिमी शहर हमादान के पास एक एफ-4 लड़ाकू विमान क्रैश हो गया था, जिसमें एक पायलट की जान चली गई थी।
बता दें कि ईरान में घातक हवाई हादसों का लंबा इतिहास रहा है। पश्चिमी प्रतिबंधों के कारण ईरान को विमानों और हेलीकॉप्टरों के स्पेयर पार्ट्स की आपूर्ति नहीं हो पाती, जिससे वह पुराने बेड़े पर निर्भर है, यह समस्या सरकारी और वाणिज्यिक दोनों एयरलाइनों के लिए है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



