Source :- LIVE HINDUSTAN
शेयर बाजार में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन तेजी रही थी। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 173.81 अंक यानी 0.21 प्रतिशत चढ़कर 83,450.96 अंक पर बंद हुआ। वहीं, पचास शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 42.65 अंक यानी 0.17 प्रतिशत बढ़कर 25,725.40 अंक पर बंद हुआ।
Stock Market Today LIVE: सप्ताह के तीसरे दिन बुधवार को भारतीय शेयर बाजार की मामूली बढ़त के साथ शुरुआत हुई लेकिन कुछ ही देर में यह रेड जोन में आ गया। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 150 अंक की बढ़त के साथ 83,600 अंक के पार ट्रेड करने लगा। हालांकि, कुछ ही मिनटों में मुनाफावसूली की वजह से सेंसेक्स 83500 अंक के नीचे कारोबार करने लगा। निफ्टी की बात करें तो 25,752 अंक पर खुला और 25,759.75 अंक तक पहुंच गया। कुछ ही देर में निफ्टी 25,725 अंक के स्तर पर आ गया। बाजार की ये हलचल कारोबार शुरू होने के 15 मिनट के भीतर देखने को मिली। यह सिलसिला आगे भी जारी रहा।
शुरुआती ट्रेडिंग में बीएसई पर टीसीएस, टेक महिंद्रा, एचसीएल, इंफोसिस और विप्रो जैसे टेक शेयर रेड जोन में कारोबार कर रहे थे। वहीं, टाटा स्टील, भेल, आईटीसी और बजाज फिनसर्व जैसे शेयर ग्रीन जोन में थे।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट?
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार डॉ. वी.के. विजयकुमार ने 18 फरवरी की सुबह के शेयर बाजार की चाल पर कहा- तीसरी तिमाही के उम्मीद से बेहतर नतीजे और आगे भी आय वृद्धि की गति जारी रहने के संकेत, बाजार को स्थिर रखने वाले सकारात्मक कारक हैं। आईटी क्षेत्र से जुड़ी खबरों के चलते आईटी शेयरों में अस्थिरता जारी रह सकती है। कुल मिलाकर, आईटी शेयर कमजोर बने रह सकते हैं क्योंकि इस क्षेत्र को लेकर अनिश्चितता बहुत अधिक है और बड़े संस्थागत निवेशक आईटी शेयरों में तब तक बड़ा निवेश नहीं करेंगे जब तक कि वैल्यूएशन आकर्षक न हो जाए।
आईटी से हटकर बैंकिंग और वित्तीय, ऑटोमोबाइल, दूरसंचार, फार्मास्यूटिकल्स आदि जैसे अन्य क्षेत्रों की ओर निवेशकों का रुझान बढ़ सकता है। यहा आय में वृद्धि की अच्छी संभावना है। यह इक्विटी में धीरे-धीरे निवेश बढ़ाने का सही समय है लेकिन कई खुदरा निवेशक सोने और चांदी के ईटीएफ में निवेश बढ़ा रहे हैं, जो मौजूदा हालात में जोखिम भरा कदम है। अब विदेशी निवेश निवेशकों (एफआईआई) की निवेश रणनीति में बदलाव के शुरुआती संकेत दिखाई दे रहे हैं। कैश मार्केट में, पिछले तेरह कारोबारी दिनों में से आठ दिनों में एफआईआई ने खरीदारी की है। यह रुझान और कंपनियों की आय में सुधार की संभावनाएं बाजार के लिए शुभ संकेत हैं।
मंगलवार को बाजार का हाल
शेयर बाजार में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन तेजी रही। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 173.81 अंक यानी 0.21 प्रतिशत चढ़कर 83,450.96 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सूचकांक ऊंचे में 83,598 अंक तक गया तथा नीचे में 82,987.43 अंक तक आया। वहीं, पचास शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 42.65 अंक यानी 0.17 प्रतिशत बढ़कर 25,725.40 अंक पर बंद हुआ। बीएसई में सूचीबद्ध शेयरों में 2447 लाभ में रहे जबकि 1756 में गिरावट रही। वहीं 149 के भाव में बदलाव नहीं हुआ। बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 1,52,688.24 करोड़ रुपये बढ़कर 4,70,11,313.57 करोड़ (5,180 अरब डॉलर) हो गया। इससे पहले, बीएसई सेंसेक्स सोमवार को 650.39 अंक चढ़ा था जबकि एनएसई निफ्टी 211.65 अंक मजबूत हुआ था।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



