Source :- LIVE HINDUSTAN
संक्षेप:
मार्केट कैपिटल के मामले में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने आईटी दिग्गज TCS को पछाड़ दिया है। बीएसई पर SBI का शेयर 3.40 प्रतिशत बढ़कर 1183 रुपये पर बंद हुआ जबकि एनएसई पर यह 3.23 प्रतिशत चढ़कर 1181.10 रुपये पर पहुंच गया।
मार्केट कैपिटल के मामले में देश की सबसे बड़ी सार्वजनिक क्षेत्र की बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने आईटी दिग्गज टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) को पछाड़ दिया है। मजबूत तिमाही नतीजों के बाद आई तेजी के दम पर बुधवार को SBI मार्केट कैपिटल के लिहाज से देश की चौथी सबसे मूल्यवान सूचीबद्ध कंपनी बन गई है।
शेयर का परफॉर्मेंस
बीएसई पर SBI का शेयर 3.40 प्रतिशत बढ़कर 1183 रुपये पर बंद हुआ जबकि एनएसई पर यह 3.23 प्रतिशत चढ़कर 1181.10 रुपये पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान यह शेयर लगभग चार प्रतिशत चढ़कर अपने 52 सप्ताह के उच्चतम स्तर बीएसई पर 1187.70 रुपये और एनएसई पर 1187.50 रुपये तक पहुंच गया। कारोबार के अंत में SBI का मार्केट कैपिटल 10.92 लाख करोड़ रुपये रहा, जो बीएसई पर टीसीएस के 10.52 लाख करोड़ रुपये के बाजार पूंजीकरण से अधिक है। इस बीच टीसीएस का शेयर 2.5 प्रतिशत टूटकर बीएसई और एनएसई पर क्रमश: 2,909.40 रुपये और 2,909 रुपये के भाव पर बंद हुए।
टॉप 3 कंपनियों का मार्केट कैप
मार्केट कैप के लिहाज से रिलायंस इंडस्ट्रीज सबसे मूल्यवान कंपनी बनी हुई है। इसके बाद एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, एसबीआई, टीसीएस, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फाइनेंस, इन्फोसिस, हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड और लार्सन एंड टुब्रो का स्थान रहा। मार्केट कैप के लिहाज से शीर्ष तीन कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर 19.87 लाख करोड़ रुपये के साथ, HDFC बैंक दूसरे स्थान पर 14.16 लाख करोड़ रुपये के साथ और भारती एयरटेल तीसरे स्थान पर 11.47 लाख करोड़ रुपये के साथ बनी हुई हैं।
कैसे रहे तिमाही नतीजे?
SBI ने तीसरी तिमाही में 21,028 करोड़ रुपये का मुनाफा हासिल किया। बैंक की नेट इंटरेस्ट इनकम साल-दर-साल आधार पर 9 प्रतिशत बढ़कर 45,190 करोड़ रुपये रही। मार्जिन 2.99 प्रतिशत पर स्थिर रहे जबकि घरेलू मार्जिन बढ़कर 3.12 प्रतिशत हो गए। प्रबंधन ने FY26 और आगे भी 3 प्रतिशत से ऊपर मार्जिन बनाए रखने का भरोसा जताया है। लोन बुक में 15.6 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दर्ज की गई, जो डिपॉजिट ग्रोथ 9 प्रतिशत से कहीं अधिक रही, इससे मजबूत क्रेडिट डिमांड का संकेत मिलता है।
क्या कहा ब्रोकरेज ने?
तिमाही नतीजों के बाद ब्रोकरेज हाउसेज भी SBI को लेकर सकारात्मक बने हुए हैं। जेफरीज ने शेयर के लिए 1300 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है। नोमुरा ने बेहतर RoE आउटलुक को दिखाते हुए अपना लक्ष्य बढ़ाकर 1,235 रुपये कर दिया है जबकि जेपी मॉर्गन ने 1,250 रुपये के लक्ष्य के साथ ओवरवेट रुख बनाए रखा है। BofA सिक्योरिटीज ने 1100 रुपये के लक्ष्य के साथ तटस्थ रुख अपनाते हुए कहा कि मौजूदा मल्टीपल्स पर जोखिम-लाभ का अनुपात काफी हद तक संतुलित प्रतीत होता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



