Home  लाइफस्टाइल समाचार Quote for the Day: महिलाएं खुद को चुनें, अपने सपनों पर विश्वास...

Quote for the Day: महिलाएं खुद को चुनें, अपने सपनों पर विश्वास करें- सुधा मूर्ति

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

लेखिका और समाजसेवी सुधा मूर्ति अपने सरल लेकिन गहरे विचारों के लिए जानी जाती हैं। महिलाओं के आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और जीवन में आगे बढ़ने को लेकर उनके विचार आज भी लाखों लोगों को प्रेरित करते हैं।

प्रसिद्ध लेखिका, समाजसेवी और इंफोसिस फाउंडेशन से जुड़ी सुधा मूर्ति अपने जीवन अनुभवों और सादगी भरे विचारों के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने हमेशा शिक्षा, आत्मनिर्भरता और समाज में सकारात्मक बदलाव पर जोर दिया है। खासकर महिलाओं के लिए उनके विचार बेहद प्रेरणादायक माने जाते हैं। उनके अनुसार, एक महिला की असली ताकत उसके आत्मविश्वास, आत्मसम्मान और अपने फैसले खुद लेने की क्षमता में होती है। आइए जानते हैं महिलाओं के लिए सुधा मूर्ति की कुछ ऐसी सीखें जो जीवन को नई दिशा दे सकती हैं।

1. खुद को चुनना सीखें

सुधा मूर्ति कहती हैं, ‘खुद को बिना अपराधबोध या माफी के चुनें। अपनी शांति की रक्षा करें, क्योंकि वही आपकी असली शक्ति है।’ अक्सर महिलाएं परिवार, काम और समाज की जिम्मेदारियों के बीच खुद को पीछे रख देती हैं। लेकिन अपनी खुशी और मानसिक शांति को महत्व देना भी उतना ही जरूरी है। जब आप खुद का ख्याल रखती हैं, तभी दूसरों के लिए भी बेहतर बन पाती हैं।

2. आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें

उनका एक बेहद महत्वपूर्ण संदेश है कि ‘एक महिला को हमेशा आर्थिक रूप से स्वतंत्र बनने की कोशिश करनी चाहिए। अगर आप कमाई नहीं भी कर रही हैं, तो भी कुछ बचत जरूर रखें।’ आर्थिक स्वतंत्रता महिलाओं को आत्मविश्वास देती है और जीवन के फैसले लेने की ताकत भी।

3. खुद पर विश्वास रखें

सुधा मूर्ति का मानना है कि आत्मविश्वास सफलता की पहली सीढ़ी है। वे कहती हैं, ‘आपको खुद पर और अपनी क्षमताओं पर विश्वास होना चाहिए। अगर आप खुद पर विश्वास नहीं करेंगे, तो कोई और भी नहीं करेगा।’ जब कोई व्यक्ति अपनी क्षमताओं पर भरोसा करता है, तो वह मुश्किल परिस्थितियों में भी आगे बढ़ने का साहस रखता है।

4. सपनों के साथ मेहनत भी जरूरी

सिर्फ बड़े सपने देखना ही काफी नहीं होता, उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत भी उतनी ही जरूरी है। सुधा मूर्ति कहती हैं, ‘सिर्फ दृष्टि (विजन) बिना काम के एक सपना है और काम बिना लक्ष्य के सिर्फ समय बिताना है। लेकिन जब लक्ष्य और काम साथ होते हैं, तो दुनिया बदल सकती है।’ इसलिए सपनों को हकीकत बनाने के लिए लगातार प्रयास करना जरूरी है।

5. सच बोलने का साहस रखें

कई बार सच बोलना आसान नहीं होता, लेकिन अपने विचारों और सच्चाई के साथ खड़े रहना जरूरी है। उनका कहना है, ‘अपनी सच्चाई कहें, चाहे आपकी आवाज कांप ही क्यों ना रही हो।’ यह संदेश महिलाओं को अपनी आवाज उठाने और अपने अधिकारों के लिए खड़े होने की प्रेरणा देता है।

6. बदलती सोच की जरूरत

आज की महिलाएं दया या सहानुभूति नहीं चाहतीं, बल्कि बराबरी और सम्मान चाहती हैं। सुधा मूर्ति का कहना है, ‘आज की महिलाएं सहानुभूति या दया नहीं चाहतीं, वे बदलाव चाहती हैं- खासकर सोच में बदलाव।’ समाज में असली बदलाव तब आता है जब लोगों की सोच बदलती है और महिलाओं को बराबरी का अवसर मिलता है।

जीवन मंत्र: सुधा मूर्ति के विचार सिंपल जरूर हैं, लेकिन उनमें जीवन की गहरी समझ छिपी है। उनका संदेश स्पष्ट है- महिलाओं को खुद पर विश्वास करना चाहिए, आर्थिक रूप से मजबूत बनने की कोशिश करनी चाहिए और अपने सपनों को पूरा करने के लिए साहस के साथ आगे बढ़ना चाहिए। जब महिलाएं आत्मविश्वास और स्वतंत्रता के साथ अपने जीवन के फैसले लेती हैं, तभी वे सच मायनों में सशक्त बनती हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN