Home व्यापार समाचार LPG संकट के बीच बड़ा अपडेट: क्या अब कम गैस वाले सिलेंडर...

LPG संकट के बीच बड़ा अपडेट: क्या अब कम गैस वाले सिलेंडर मिलेंगे? सरकार ने क्या कहा? अफवाह या सच्चाई

11
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

LPG Updates: पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा है कि 14.2 किलो के सिलेंडर में कम गैस भरने जैसी कोई योजना फिलहाल लागू नहीं की जा रही है और इस तरह की खबरें पूरी तरह अटकलें हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें।

देश में एलपीजी (LPG) की उपलब्धता को लेकर बढ़ती चिंता के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि ऑयल मार्केटिंग कंपनियां (OMCs) घरेलू 14.2 किलो वाले सिलेंडर में कम गैस (करीब 10 किलो) भरकर सप्लाई कर सकती हैं, ताकि सीमित स्टॉक को ज्यादा लोगों तक पहुंचाया जा सके। हालांकि, सरकार ने इस तरह की खबरों को फिलहाल अफवाह बताया है।

सरकार ने क्या कहा? अफवाह या सच्चाई

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने इन खबरों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने साफ कहा कि 14.2 किलो के सिलेंडर में कम गैस भरने जैसी कोई योजना फिलहाल लागू नहीं की जा रही है और इस तरह की खबरें “पूरी तरह अटकलें” हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें। हालांकि, सरकारी कंपनियों के कुछ अधिकारियों ने यह जरूर संकेत दिया है कि इस तरह का प्रस्ताव विचाराधीन है, लेकिन अंतिम फैसला सरकार को ही लेना है।

क्यों खड़ा हुआ LPG संकट?

पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष, खासकर ईरान से जुड़े हालात, ने हॉर्मुज के रास्ते तेल और गैस सप्लाई को प्रभावित किया है। इससे भारत में LPG आयात पर असर पड़ा है और घरेलू स्टॉक पर दबाव बढ़ गया है। सरकार ने इस स्थिति से निपटने के लिए घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी है, जबकि कमर्शियल गैस सप्लाई में कटौती की जा रही है।

गैस बुकिंग और सप्लाई का क्या हाल?

सरकार के मुताबिक, घरेलू गैस की बुकिंग अब घटकर करीब 50 लाख के आसपास आ गई है, जिससे सप्लाई पर दबाव कुछ कम हुआ है। साथ ही, देश में LPG की सप्लाई फिलहाल सामान्य बनी हुई है और “ड्राई आउट” (गैस खत्म होने) जैसी स्थिति नहीं है।

घरेलू उत्पादन बढ़ा, आयात पर निर्भरता घटी: सरकार ने बताया कि अब LPG की 50–60% मांग घरेलू उत्पादन से पूरी की जा रही है, जो पहले करीब 40% थी। इससे आयात पर निर्भरता कुछ हद तक कम हुई है।

लोग PNG की ओर शिफ्ट हो रहे

गैस संकट के बीच पिछले 10 दिनों में करीब 2 लाख उपभोक्ताओं ने पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की ओर रुख किया है, जबकि 3.5 लाख नए PNG कनेक्शन जारी किए गए हैं। यह संकेत है कि लोग वैकल्पिक ईंधन की तरफ तेजी से बढ़ रहे हैं।

देश में LPG कनेक्शन की स्थिति: भारत में इस समय कुल 33.2 करोड़ एलपीजी कनेक्शन हैं, जो देश के ऊर्जा उपभोग में इसकी अहम भूमिका को दर्शाते हैं।

अफवाहों से सावधान रहें

हालांकि LPG सप्लाई पर दबाव जरूर है, लेकिन फिलहाल कम वजन वाले सिलेंडर की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सरकार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देने के साथ संकट से निपटने की कोशिश कर रही है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN