Source :- LIVE HINDUSTAN
कंपनी ने कहा कि यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब प्रिज्म सार्वजनिक बाजारों में पहुंचने और विस्तार की दिशा में अपने निदेशक मंडल एवं कॉरपोरेट कामकाज ढांचे को और मजबूत करना चाहती है।
OYO IPO: यात्रा एवं आतिथ्य मंच ओयो की मूल कंपनी प्रिज्म ने बाजार नियामक सेबी के पूर्व चेयरमैन अजय त्यागी को अपने निदेशक मंडल में स्वतंत्र निदेशक के तौर पर नियुक्त करने की बुधवार को घोषणा की। कंपनी ने कहा कि यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब प्रिज्म सार्वजनिक बाजारों में पहुंचने और विस्तार की दिशा में अपने निदेशक मंडल एवं कॉरपोरेट कामकाज ढांचे को और मजबूत करना चाहती है।
रितेश अग्रवाल ने क्या कहा
प्रिज्म के संस्थापक रितेश अग्रवाल ने कहा, ” अजय को पूंजी बाजार विनियमन और सार्वजनिक संस्थागत नेतृत्व में गहन अनुभव हैं। प्रिज्म जब विस्तार और उच्च कामकाज मानकों के साथ दीर्घकालिक जवाबदेही को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, तब उनका अनुभव अत्यंत मूल्यवान होगा।”
अजय त्यागी के बारे में
अजय त्यागी भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 1984 बैच के अधिकारी हैं। वे भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के चेयरमैन रह चुके हैं। 2017 से 2022 तक सेबी प्रमुख के रूप में उन्होंने भारत के पूंजी बाजार की निगरानी, विनियामक एवं प्रकटीकरण ढांचे को सुदृढ़ करने, निवेशक संरक्षण एवं प्राथमिक व द्वितीयक बाजार गतिविधियों की देखरेख की जिम्मेदारी निभाई।
वर्तमान में वे कई भारतीय कंपनियों के निदेशक मंडल में स्वतंत्र निदेशक के रूप में भी कार्यरत हैं। त्यागी इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग (इलेक्ट्रॉनिक्स) में स्नातक तथा कंप्यूटर साइंस में परास्नातक हैं। उनके पास हार्वर्ड विश्वविद्यालय से ‘पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन’ में मास्टर डिग्री भी है।
आ रहा है कंपनी का IPO
बता दें कि 31 दिसंबर को ‘पीटीआई-भाषा’ ने सूत्रों के हवाले से खबर दी थी कि प्रिज्म ने बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास गोपनीय मार्ग के जरिये 6,650 करोड़ रुपये जुटाने के लिए प्रारंभिक दस्तावेज दाखिल किए हैं। प्रस्तावित आईपीओ से कंपनी का मूल्यांकन सात से आठ अरब अमेरिकी डॉलर के दायरे में होने की उम्मीद है। यात्रा एवं होटल बुकिंग से जुड़े प्रौद्योगिकी मंच के शेयरधारकों ने 20 दिसंबर, 2025 को आयोजित आम बैठक (ईजीएम) में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। ईजीएम में शेयरधारकों ने आईपीओ लाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी जिससे कंपनी को उपयुक्त समय पर सार्वजनिक बाजारों से पूंजी जुटाने में मजबूती मिलेगी। हालांकि, अभी यह नियामकीय स्वीकृतियों एवं बाजार की परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



