Source :- LIVE HINDUSTAN
युद्ध के बीच सोने-चांदी के रेट में आज भी गिरावट है। एमसीएक्स पर सोने का वायदा भाव ₹350 गिरकर ₹1,49,625 प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि एमसीएक्स चांदी की कीमत मंगलवार को शुरुआती सौदों में लगभग ₹1,600 गिरकर ₹2,31,800 प्रति किलोग्राम पर आ गई।
Gold Silver Price Today 7 April: युद्ध के बीच सोने-चांदी के रेट में आज भी गिरावट है। एमसीएक्स पर सोने का वायदा भाव ₹350 गिरकर ₹1,49,625 प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि एमसीएक्स चांदी की कीमत मंगलवार को शुरुआती कारोबार में लगभग ₹1,600 गिरकर ₹2,31,800 प्रति किलोग्राम पर आ गई। दूसरी ओर इंटरनेशनल मार्केट में भी सोने का भाव लगातार तीसरे दिन टूटा है। मंगलवार को सिंगापुर के कारोबार में सोने की कीमत 0.5% फिसलकर 4,627 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। कारोबार के दौरान यह 0.7% तक नीचे 4,620 डॉलर के स्तर पर भी चला गया था। पिछले दो सत्रों में सोना पहले ही 2% से अधिक गिर चुका है। सोने के साथ-साथ चांदी की कीमत भी 1.2% गिरकर 71.96 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।
क्यों गिर रहे सोने-चांदी के भाव
कारण 1. ट्रंप के ईरानी अल्टीमेटम से बढ़ी बेचैनी
इस गिरावट की मुख्य वजह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का ईरान को दिया गया नया अल्टीमेटम है। ट्रंप ने मंगलवार शाम 8 बजे (ईस्टर्न टाइम) तक ईरान के साथ समझौते की समय सीमा तय कर दी है। अगर समझौता नहीं हुआ, तो अमेरिकी सेना ईरान के बिजली संयंत्रों और पुलों पर हमला कर सकती है। इस युद्ध ने वैश्विक स्तर पर ईंधन संकट और महंगाई बढ़ने की आशंका पैदा कर दी है।
कारण 2. केंद्रीय बैंकों पर ब्याज दरों का दबाव
मिडिल-ईस्ट वॉर अब छठे हफ्ते में प्रवेश कर चुका है। इससे यह संभावना बढ़ गई है कि दुनिया के केंद्रीय बैंक ब्याज दरों में कटौती को टाल दें या फिर दरें बढ़ा दें। अमेरिकी ट्रेजरी बॉन्ड में मामूली तेजी आई है, क्योंकि निवेशकों को लगता है कि फेडरल रिजर्व इस साल बाकी बचे समय में ब्याज दरों को स्थिर रखेगा। गोल्ड पर इसका नकारात्मक असर पड़ता है, क्योंकि सोने पर कोई ब्याज नहीं मिलता।
कारण 3. तेल-सोने का उलटा रिश्ता
फरवरी के अंत में मिडिल ईस्ट संघर्ष शुरू होने के बाद से सोना करीब 12% टूट चुका है। युद्ध में निवेशकों को दूसरी जगहों के नुकसान की भरपाई के लिए सोने की बिक्री करनी पड़ रही है, जिससे इसकी सुरक्षित निवेश वाली इमेज कमजोर हुई है। फिलहाल सोना तेल से उलटे रिश्ते में चल रहा है। तेल के दाम लगातार तीसरे दिन बढ़े हैं।
कारण 4. अमेरिकी सर्विस सेक्टर
अमेरिकी सर्विस सेक्टर की ग्रोथ मार्च में धीमी पड़ गई, जबकि रोजगार में 2023 के बाद सबसे बड़ी गिरावट आई और इनपुट की कीमतें तेजी से बढ़ीं।
सोने में गिरावट के बाद डिप-बाइंग यानी निचले स्तर पर खरीदारी के भी संकेत मिल रहे हैं। ब्लूमबर्ग के अनुसार, गोल्ड-बैक्ड ईटीएफ में पिछले हफ्ते पहली बार निवेश बढ़ा है, जो युद्ध शुरू होने के बाद से ऐसा पहली बार हुआ है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



