Source :- LIVE HINDUSTAN
ड्रीम11 अपनी नई स्टॉक ब्रोकिंग प्लेटफॉर्म ड्रीम स्ट्रीट (Dream Street) लॉन्च करने जा रही है, जो AI आधारित निवेश टूल्स के जरिए यूजर्स को स्मार्ट इन्वेस्टिंग में मदद करेगा। यह प्लेटफॉर्म खासकर नए और छोटे शहरों के निवेशकों को ध्यान में रखकर बनाया गया है।
फैंटेसी स्पोर्ट्स प्लेटफॉर्म ड्रीम11 (Dream11) की पैरेंट कंपनी ड्रीम स्पोर्ट्स (Dream Sports) अब शेयर बाजार की दुनिया में बड़ा कदम रखने जा रही है। कंपनी जल्द ही ड्रीम स्ट्रीट (Dream Street) नाम से अपना स्टॉक ब्रोकिंग प्लेटफॉर्म लॉन्च करने वाली है, जो खास तौर पर नए और छोटे शहरों के निवेशकों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। आइए जरा विस्तार से इस प्लेटफॉर्म की खासियत जानते हैं।
ड्रीम स्ट्रीट में होंगे AI आधारित टूल्स
कंपनी के CEO हर्ष जैन (Harsh Jain) के मुताबिक, ड्रीम स्ट्रीट (Dream Street) में AI आधारित टूल्स होंगे, जो निवेशकों को पर्सनलाइज्ड सलाह और रिसर्च सपोर्ट देंगे, यानी अब आम निवेशकों को भी बड़े-बड़े इन्वेस्टमेंट बैंकों जैसे गोल्डमैन सैक्स (Goldman Sachs) या मॉर्गन स्टैनली (Morgan Stanley) जैसी एक्सपर्ट गाइडेंस का अनुभव मिल सकेगा। यह प्लेटफॉर्म खासकर उन लोगों की मदद करेगा, जो शेयर बाजार में नुकसान उठाते हैं या निवेश करने से डरते हैं।
ड्रीम स्ट्रीट का क्या मकसद?
ड्रीम स्ट्रीट (Dream Street) का मकसद सिर्फ ट्रेडिंग कराना नहीं, बल्कि निवेश को आसान और समझने योग्य बनाना है। AI की मदद से यह प्लेटफॉर्म यूजर्स के पोर्टफोलियो पर नजर रखेगा और समय-समय पर सुझाव भी देगा। कंपनी का मानना है कि भारत में तेजी से बढ़ रहे रिटेल निवेशकों के बीच यह प्लेटफॉर्म एक नया ट्रेंड सेट कर सकता है।
25 करोड़ से ज्यादा यूजर बेस
हालांकि, कंपनी ऐसे समय में इस सेक्टर में एंट्री कर रही है जब पहले से ही ग्रो (Groww), जेरोधा (Zerodha) और एंजल वन (Angel One) जैसे बड़े खिलाड़ी मौजूद हैं। इसके बावजूद ड्रीम स्पोर्ट्स (Dream Sports) अपने 25 करोड़ से ज्यादा यूजर्स बेस का फायदा उठाकर इस मार्केट में मजबूत पकड़ बनाने की कोशिश करेगा।
फाइनेंस और वेल्थ मैनेजमेंट सेक्टर में कंपनी
ड्रीम स्ट्रीट (Dream Street) के जरिए ड्रीम स्पोर्ट्स (Dream Sports) अब गेमिंग से आगे बढ़कर फाइनेंस और वेल्थ मैनेजमेंट सेक्टर में अपनी पकड़ मजबूत करना चाहता है। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या यह नया प्लेटफॉर्म निवेश की दुनिया में भी उतनी ही सफलता हासिल कर पाता है, जितनी ड्रीम11 (Dream11) ने गेमिंग में हासिल की है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



