Source :- LIVE HINDUSTAN
Bangladesh Election Live: बांग्लादेश में अगस्त 2024 में हुए व्यापक विरोध प्रदर्शनों और शेख हसीना की सरकार के बाद पहले आम चुनाव की घड़ी आ गई है। गुरुवार को वोटिंग की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जहां बड़ी संख्या में लोग मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। लोग शाम साढ़े 4 बजे तक अपना मत डाल सकते हैं। इस चुनाव को 2009 के बाद देश का पहला असली मुकाबला भी माना जा रहा है। लगभग 17 करोड़ की आबादी वाले देश में 12 करोड़ से ज्यादा लोग वोट देने के योग्य हैं। देश की संसदीय 300 सीटों में 299 सीटों पर वोटिंग हो रही है, जिसके लिए कुल 1,981 उम्मीदवार मैदान में हैं। मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने फ्री, फेयर और शांतिपूर्ण चुनाव का वादा किया है।
देश में चुनाव के साथ-साथ एक जटिल 84 सूत्री सुधार पैकेज पर जनमत संग्रह भी कराया जा रहा हैं। मुख्य मुकाबला बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) और उसके पूर्व सहयोगी जमात-ए-इस्लामी के बीच है। इससे पहले मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की अवामी लीग को पिछले साल भंग कर दिया था और पार्टी के चुनाव लड़ने पर रोक लगा दी थी।
Bangladesh Election LIVE: कब आएंगे नतीजे?
Bangladesh Election LIVE: बांग्लादेश में देश भर में 300 में से 299 संसदीय सीट पर मतदान स्थानीय समयानुसार सुबह 7:30 बजे शुरू हुआ और शाम 4:30 बजे तक जारी रहेगा। मतदान खत्म होने के तुरंत बाद मतों की गिनती शुरू होने की संभावना है।
Bangladesh Chunav 2026 LIVE: यूनुस ने दिया है शांतिपूर्ण तरीके से सत्ता सौंपने का भरोसा
Bangladesh Chunav 2026 LIVE: अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मु. यूनुस ने कहा है कि वह शीघ्र ही सत्ता निर्वाचित सरकार को सौंप देंगे। उन्होंने राजनीतिक दलों, उम्मीदवारों और संबंधित पक्षों से मतदान के दिन संयम, सहिष्णुता और लोकतांत्रिक व्यवहार बनाए रखने की अपील भी की है।
Bangladesh Chunav 2026 LIVE: बांग्लादेश में जेन Z वाला चुनाव, पहली बार वोट डालेंगे इतने युवा
Bangladesh Chunav 2026 LIVE: बांग्लादेश में हो रहे आम चुनावों को जेन Z वाला इलेक्शन भी कहा जा रहा है। देश के निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक करीब 12.7 करोड़ मतदाताओं में से 3.58 प्रतिशत मतदाता पहली बार मतदान करने वाले हैं। ये युवा शेख हसीना की सरकार के पतन के बाद ही वोट देने के लिए योग्य मतदाता बने हैं। ऐसे में इनके चुनाव पर पूरी दुनिया की निगाहें हैं। इसके अलावा देश में पहली बार करीब आठ लाख पंजीकृत प्रवासी बांग्लादेशी आईटी आधारित डाक मतपत्र प्रणाली के माध्यम से मतदान कर सकेंगे।
Bangladesh Chunav 2026 LIVE: बीएनपी ने उतारे सबसे अधिक उम्मीदवार
Bangladesh Chunav 2026 LIVE: बांग्लादेश में मतदान जारी है जहां कुल 50 राजनीतिक दलों के 1,755 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं 273 निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनाव लड़ रहे हैं। चुनावों में बीएनपी ने सबसे अधिक 291 उम्मीदवार उतारे हैं। चुनाव में 83 महिला उम्मीदवार भी हैं।
Bangladesh Chunav 2026 LIVE: तारिक रहमान ने ढाका के गुलशन में वोट डाला
Bangladesh Chunav 2026 LIVE: बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के नेता और देश के भावी PM बताए जा रहे तारिक रहमान ने ढाका के गुलशन इलाके में स्थित गुलशन मॉडल स्कूल और कॉलेज सेंटर में अपना वोट डाला। बता दें कि तारिक रहमान देश की पूर्व प्रधानमंत्री और BNP चीफ रहीं खालिदा जिया के बेटे हैं।
Bangladesh Chunav 2026 LIVE: जमात ने पहली बार उतारा हिंदू उम्मीदवार
Bangladesh Chunav 2026 LIVE: बांग्लादेश में इस बार हो रहा आम चुनाव कई मायनों में खास है। जमात-ए-इस्लामी पार्टी ने अपने इतिहास में पहली बार किसी हिंदू उम्मीदवार को मैदान में उतारा है। जमात के उम्मीदवार कृष्णा नंदी 13वें आम चुनाव में खुलना-1 सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। जमात ने नंदी को इस हिंदू-बहुल सीट पर अपना उम्मीदवार बनाया है।
Bangladesh Chunav 2026 LIVE: जमात चीफ शफीकुर रहमान ने डाला वोट
Bangladesh Chunav 2026 LIVE: बांग्लादेश में जारी मतदान के बीच जमात-ए-इस्लामी के चीफ शफीकुर रहमान ने सुबह करीब साढ़े 8 बजे मणिपुर हाई स्कूल पोलिंग सेंटर पर अपना वोट डाला। इससे पहले 67 वर्षीय जमात चीफ ने जमीनी स्तर पर फोकस करके कैंपेन चलाया है। अगर पार्टी को सफलता मिलती है तो वह बांग्लादेश में पहली इस्लामिस्ट सरकार का नेतृत्व कर सकते हैं।
Bangladesh Chunav 2026 LIVE: 17 साल बाद स्वदेश लौटे तारिक रहमान, बन सकते हैं बांग्लादेश के भावी PM
Bangladesh Chunav 2026 LIVE: बांग्लादेश में हो रहे चुनावों से ठीक पहले देश के पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान, लगभग 17 साल बाद स्वदेश लौटे हैं। आम चुनावों में वह प्रधानमंत्री पद के लिए एक लोकप्रिय उम्मीदवार के तौर पर उभरे हैं। अपनी मां के निधन के बाद उन्होंने बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की जिम्मेदारी संभाल ली है और उन्होंने बांग्लादेश फर्स्ट का नारा लगाकर लोगों का विश्वास जीतने की कोशिश की है।
Bangladesh Chunav 2026 LIVE: चुनाव से पहले जमात प्रमुख ने भारत के साथ सकारात्मक संबंधों की वकालत की
Bangladesh Chunav 2026 LIVE: बांग्लादेश जमात-ए-इस्लामी के प्रमुख शफीकुर रहमान ने बुधवार को कहा कि अगर चुनाव में जीत हासिल कर उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो वह भारत के साथ ‘मजबूत, सम्मानजनक और पारस्परिक रूप से लाभकारी’ संबंध बनाने के लिए काम करेगी। रहमान ने आम चुनाव की पूर्व संध्या पर ढाका में संवाददाताओं के एक समूह के साथ बैठक के दौरान ये टिप्पणियां कीं। जमात-ए-इस्लामी के प्रमुख ने कहा, ”हम अपने पड़ोसी देशों और दुनियाभर के मित्रों के साथ सकारात्मक और बेहतर संबंध स्थापित करना चाहते हैं। भारत हमारा निकटतम पड़ोसी है और यह हमारी प्राथमिकता बना रहेगा। हमारा लक्ष्य संघर्ष उत्पन्न करना नहीं, बल्कि विकास और शांति के लिए साझेदारी का निर्माण करना है। इसके लिए आपसी सम्मान और विश्वास अत्यंत आवश्यक हैं।”
Bangladesh Chunav 2026 LIVE: ओपिनियन पोल में किसे मिली है बढ़त?
Bangladesh Chunav 2026 LIVE: बांग्लादेश में लंबे अरसे के बाद हो रहे चुनावों में पार्टियों ने अपना सबकुछ झोंक दिया है। नतीजों की बात करें तो ओपिनियन पोल फिलहाल BNP बढ़त बनाती नजर आ रही है। दिसंबर 2025 में जारी यूनाइटेड स्टेट्स-बेस्ड इंटरनेशनल रिपब्लिकन इंस्टीट्यूट के एक पोल में BNP को 33 फीसदी सपोर्ट दिखाया गया। वहीं जमात 29 फीसदी के साथ BNP के ठीक पीछे है।
Bangladesh Chunav 2026 LIVE: सुरक्षा के कड़े इंतजाम
Bangladesh Chunav 2026 LIVE: बांग्लादेश में आम चुनाव के लिए आधे से अधिक मतदान केंद्रों को ‘संवेदनशील’ के रूप में चिह्नित किया गया है। अधिकारियों ने कहा है कि इनमें से 90 प्रतिशत मतदान केंद्र सीसीटीवी निगरानी में होंगे और राजधानी ढाका में ‘बॉडी कैमरे’ लगाए कई पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने कहा कि इन चुनाव में देश के चुनावी इतिहास में कानून प्रवर्तन कर्मियों की अब तक की सबसे बड़ी तैनाती और तकनीक का सबसे व्यापक उपयोग देखने को मिलेगा।
Bangladesh Chunav 2026 LIVE: वोटिंग की प्रक्रिया शुरू, साढ़े 4 बजे तक मत डाल सकेंगे लोग
Bangladesh Chunav 2026 LIVE: बांग्लादेश में गुरुवार को एक लंबे अरसे बाद आम चुनाव हो रहे हैं। मतदान की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



