Home विश्व समाचार रूस की राजधानी में आसमान से बरसी ‘मौत’, एक भारतीय श्रमिक की...

रूस की राजधानी में आसमान से बरसी ‘मौत’, एक भारतीय श्रमिक की गई जान, तीन घायल

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

रूस की राजधानी मॉस्को में रविवार सुबह हुए ड्रोन हमले में एक भारतीय की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य भारतीय श्रमिक घायल हो गए। भारतीय दूतावास ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि घटना मॉस्को क्षेत्र में हुई है।

रूस की राजधानी मॉस्को में रविवार सुबह हुए यूक्रेनी ड्रोन हमले में एक भारतीय श्रमिक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य भारतीय घायल हो गए। रूस में भारतीय दूतावास ने इसकी पुष्टि की है। दूतावास ने आधिकारिक सूचना में बताया कि मॉस्को क्षेत्र में हुए ड्रोन हमले में एक भारतीय की जान चली गई। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। दूतावास के अधिकारियों ने तुरंत घटनास्थल का दौरा किया और घायल श्रमिकों से मुलाकात की और हालचाल जाना।

दूतावास ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि आज सुबह मॉस्को क्षेत्र में हुए ड्रोन हमले में एक भारतीय श्रमिक की जान चली गई और तीन अन्य घायल हो गए। दूतावास के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और अस्पताल में घायलों से मिले। हम इस दुखद घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हैं और कंपनी प्रबंधन तथा स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर प्रभावित श्रमिकों को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रहे हैं।

वहीं, रूसी अधिकारियों के अनुसार, रात भर चले हमलों में कम से कम तीन लोगों की मौत हुई, जबकि 12 से अधिक लोग घायल हुए हैं। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने बताया कि हमले में मॉस्को की तेल रिफाइनरी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा, हालांकि तीन आवासीय मकानों को क्षति पहुंची है। उन्होंने आगे बताया कि पिछले 24 घंटों में 120 से अधिक ड्रोन मार गिराए गए। रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि पूरे देश में, जिसमें मॉस्को क्षेत्र भी शामिल है, रात भर और सुबह तक कुल 556 यूक्रेनी ड्रोन नष्ट किए गए।

दूसरी ओर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने मॉस्को क्षेत्र पर हुए हमले को जायज़ ठहराते हुए कहा कि यह रूस के हमलों का प्रतिशोध है। सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा कि रूस द्वारा युद्ध को लंबा खींचने और हमारे शहरों पर हमलों के जवाब में हमारी कार्रवाई पूरी तरह जायज है। इस बार यूक्रेन के लंबी दूरी के ड्रोन मॉस्को क्षेत्र तक पहुंच गए। हम रूसियों से साफ कह रहे हैं कि अपना युद्ध समाप्त करो।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN