Home  लाइफस्टाइल समाचार छोले उबालते हुए करें ये 1 काम, ढाबे जैसा परफेक्ट कलर आएगा!...

छोले उबालते हुए करें ये 1 काम, ढाबे जैसा परफेक्ट कलर आएगा! शेफ रणवीर ने बताई ट्रिक

13
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Cooking Tips: घर पर छोले बनाते समय स्वाद तो अच्छा आ जाता है, लेकिन उनका रंग अक्सर ढाबे या रेस्टोरेंट जैसा गहरा नहीं बन पाता। ऐसे में शेफ रणवीर की बताई ये आसान चायपत्ती ट्रिक आपके बड़े काम आ सकती है।

घर में कुछ स्पेशल बनाने की बात हो तो हर कोई छोले खाने की डिमांड करता है। पूड़ी हो या चावल, छोले सभी के साथ खूब टेस्टी लगते हैं। हालांकि घर में छोले बनाते हुए अक्सर लोगों की ये शिकायत रहती है कि उनका रंग गहरा और आकर्षक नहीं आता, जैसा रेस्टोरेंट या ढाबे वाले छोलों में आता है। कई बार अच्छा स्वाद होने के बाद भी छोले देखने में फीके लगते हैं। क्या आप जानते हैं कि रेस्टोरेंट वाले छोले की रंगत का क्या राज है? शेफ रणवीर बरार ने 1 ट्रिक शेयर की है, जिसे जान लेंगे तो हर बात छोले एकदम रेस्टोरेंट स्टाइल बनेंगे। उनका कलर भी काफी अच्छा आएगा, जो भटूरे या पूड़ी के साथ सर्व करने में काफी अच्छे लगते हैं। आइए जानते हैं वो ट्रिक क्या है।

चायपत्ती से आता है छोलों में परफेक्ट रंग

होटल और ढाबों में छोलों को परफेक्ट भूरा रंग देने के लिए चायपत्ती का इस्तेमाल किया जाता है। दरअसल चायपत्ती में नेचुरल टैनिन्स मौजूद होते हैं, जो छोले को हल्का भूरा रंग देने में मदद करते हैं। खासकर भटूरे के साथ बनने वाले छोलों में उबालते वक्त चायपत्ती डाली जाती है, जिससे काफी बढ़िया रंग आता है। घर पर भी काफी लोग ये ट्रिक फॉलो करते हैं, लेकिन फिर भी प्रॉपर रंग नहीं आता क्योंकि तरीका थोड़ा सा गलत होता है। आइए फिर जानते हैं सही तरीका क्या है।

छोले में चायपत्ती डालने का सही तरीका

छोले में परफेक्ट रंग के लिए चायपत्ती को हमेशा एक साफ सूती कपड़े में बांध लें, फिर इसे उबालते समय छोलों के साथ प्रेशर कुकर में डाल दें। शेफ रणवीर बताते हैं कि अगर आपको बिल्कुल बढ़िया गाढ़ा रंग चाहिए तो छोले को चाय के पानी में कुछ देर के लिए छोड़ दें। यानी उबालने के बाद चायपत्ती की पोटली को कम से कम आधा-पौने घंटे के लिए छोले के साथ रहने दें। इससे एकदम प्रॉपर भूरा रंग आएगा, जैसा होटल या ढाबे वाले छोलों में आता है।

कितनी चायपत्ती इस्तेमाल करनी चाहिए?

बहुत ज्यादा चायपत्ती डालने से छोले में कड़वापन आ सकता है। इसलिए हमेशा थोड़ी मात्रा में ही इसका इस्तेमाल करें। छोलों की मात्रा के हिसाब से 1-2 चम्मच चायपत्ती काफी रहती है। इससे रंग भी अच्छा आता है और खुशबू भी बढ़ जाती है।

छोले जल्दी गलाने की ट्रिक

कई बार या तो हम छोले भिगोना भूल जाते हैं या कम देर के लिए भिगो पाते हैं। ऐसे में एक ट्रिक आपके बड़े काम आ सकती है। इन्हें तेज खौलते हुए पानी में 30-40 मिनट के लिए भिगोकर रख दें, काफी हद तक फूल जाएंगे। फिर कुकर में थोड़ा सा नमक और चुटकी भर बेकिंग सोडा डालकर उबलने के लिए रख दें। इससे छोले जल्दी गल जाएंगे।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN