Source :- LIVE HINDUSTAN
रिपोर्ट के अनुसार, 2023 से 2026 के बीच कम से कम 10 से अधिक वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों के साथ ऐसी घटनाएं हुई हैं। इनमें NASA, MIT और अन्य संवेदनशील संस्थानों से जुड़े लोग शामिल हैं। कुछ मामलों में मौत के कारण साफ नहीं हैं।
अमेरिका में परमाणु और अंतरिक्ष कार्यक्रमों से जुड़े वैज्ञानिकों की रहस्यमयी मौतों और गायब होने की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। हाल के वर्षों में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें वैज्ञानिक या तो संदिग्ध परिस्थितियों में मारे गए या फिर बिना कोई स्पष्ट सुराग छोड़े लापता हो गए। इन घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए अब FBI समेत कई एजेंसियां जांच में जुट गई हैं और इसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा माना जा रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार, 2023 से 2026 के बीच कम से कम 10 से अधिक वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों के साथ ऐसी घटनाएं हुई हैं। इनमें NASA, MIT और अन्य संवेदनशील संस्थानों से जुड़े लोग शामिल हैं। कुछ मामलों में मौत के कारण साफ नहीं हैं, जबकि कुछ लोग अचानक गायब हो गए। उदाहरण के तौर पर, एक रिटायर्ड एयर फोर्स अधिकारी व वैज्ञानिक का गायब होना और कुछ वैज्ञानिकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने इस पूरे मामले को और रहस्यमय बना दिया है।
एजेंसियों से मांगी गई रिपोर्ट
इन घटनाओं ने अमेरिकी संसद और सुरक्षा एजेंसियों को भी सक्रिय कर दिया है। हाउस ओवरसाइट कमेटी ने इसे गंभीर मामला बताते हुए जांच की मांग की है और संबंधित एजेंसियों से विस्तार में जानकारी मांगी है। कुछ नेताओं ने आशंका जताई कि इन घटनाओं के पीछे कोई साजिश या बाहरी हस्तक्षेप हो सकता है, खासकर इसलिए क्योंकि ये वैज्ञानिक संवेदनशील और गोपनीय प्रोजेक्ट्स से जुड़े थे। हालांकि, कई विशेषज्ञ यह भी मानते हैं कि सभी मामलों को आपस में जोड़कर देखना जरूरी नहीं है और कुछ घटनाएं अलग-अलग कारणों से भी हो सकती हैं।
फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या इन सभी घटनाओं के बीच कोई कड़ी है या ये महज संयोग हैं। वाइट हाउस ने भी इस मामले को गंभीर बताते हुए बहु-एजेंसी जांच की बात कही है। आने वाले समय में इस जांच के नतीजे तय करेंगे कि क्या यह वास्तव में राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा है या फिर अलग-अलग घटनाओं को जोड़कर बनाई गई आशंका। तब तक यह मामला अमेरिका ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



