Home राष्ट्रीय समाचार होर्मुज़ स्ट्रेट की नाकाबंदी और तेल को लेकर अमेरिका की धमकी पर...

होर्मुज़ स्ट्रेट की नाकाबंदी और तेल को लेकर अमेरिका की धमकी पर चीन ने दिया जवाब

2
0

Source :- BBC INDIA

ग्वा जाकुन

इमेज स्रोत, EPA-EFE/Shutterstock

7 घंटे पहले

पढ़ने का समय: 4 मिनट

चीन ने कहा है कि होर्मुज़ स्ट्रेट दुनिया के बेहद अहम व्यापारिक मार्ग है और उसकी नाकाबंदी करना सही फ़ैसला नहीं है.

12 अप्रैल को ट्रुथ सोशल पर डोनाल्ड ट्रंप ने एलान कर दिया कि अमेरिकी नौसेना होर्मुज़ स्ट्रेट में आने-जाने की कोशिश करने वाले हर जहाज़ की नाकाबंदी शुरू करेगी. उन्होंने यह भी जोड़ा कि इसमें दूसरे देश भी शामिल होंगे.

चीन विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ग्वा जाकुन ने नियमित प्रेस ब्रीफ़िंग में होर्मुज़ स्ट्रेट की नाकाबंदी से जुड़े सवाल के जवाब में कहा, “दुनिया भर में गैस और तेल सप्लाई के लिए होर्मुज़ अहम जलमार्ग है. इस इलाके़ को सुरक्षित रखना और बेरोक टोक जहाज़ों की आवाजाही सुरक्षित रखना अंतरराष्ट्रीय बिरादरी के हित में है.”

“इसलिए इस मामले में दोनों पक्षों (अमेरिका और ईरान) को संयम से काम लेना चाहिए और इस संघर्ष को जल्द ख़त्म होना चाहिए.”

चीन ने ये भी कहा कि वो संघर्ष को ख़त्म करने में रचनात्मक भूमिका निभाने को तैयार है.

बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

ग्वा जाकुन से जब पूछा गया कि ट्रंप ने चीन से कहा है कि वो अमेरिका से तेल ख़रीदे या वेनेज़ुएला से, इस पर चीन का क्या स्टैंड है?

इसके जवाब में ग्वा जाकुन ने कहा, “जहां तक तेल ख़रीदने की बात है तो हम दुनिया भर में ऊर्जा की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए दूसरे देशों के साथ मिलकर काम करने को तैयार है ताकि ग्लोबल सप्लाई चेन में दिक़्क़त ना आए.”

वेनेज़ुएला के सवाल पर उन्होंने कहा, “वो एक स्वायत्त देश है और उसे पूरा अधिकार है कि वो अपने व्यापारिक पार्टनर ख़ुद चुने. दूसरे देश को कोई हक़ नहीं है वेनेज़ुएला को ये बताने का कि वो क्या करे और क्या ना करे.”

टैरिफ़ वॉर पर चीन की राय

डोनाल्ड ट्रंप

इमेज स्रोत, Getty Images

जब उनसे ये पूछा गया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अगर चीन ईरान को हथियार सप्लाई करते हुए पाया जाता है तो वो चीन पर 50 प्रतिशत का अतिरिक्त टैरिफ़ लगा देंगे? इस पर चीन की क्या प्रतिक्रिया है?

जवाब में चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, “चीन ने हमेशा कहा है टैरिफ़ वॉर से किसी का भला नहीं होता.”

चीनी विदेश मंत्रालय की इस प्रेस ब्रीफ़िंग से चंद घंटों पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी आगामी चीन यात्रा के बारे में बात करते हुए मीडिया से कहा, “हमारे चीन के साथ बहुत अच्छे संबंध हैं. शी जिनपिंग भी चाहते हैं कि ईरान वॉर जल्द ख़त्म हो. हर कोई यही चाहता है.”

“मैं भी यही चाहता हूं. लेकिन मैं नहीं चाहता कि ऐसे लोगों के हाथ परमाणु हथियार लग जाएं जिन्होंने 47 सालों से आतंक मचाने के सिवा कुछ नहीं किया.”

होर्मुज़ की नाकाबंदी

अमेरिका-इसराइल के ईरान पर हमलों से पहले तक दुनिया का करीब 20 फीसदी तेल होर्मुज़ स्ट्रेट के रास्ते से आयात होता था

इमेज स्रोत, Getty Images

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने घोषणा की है कि राष्ट्रपति के आदेश के अनुसार, अमेरिकी सेनाएं सोमवार सुबह 10 बजे ईएसटी (और भारतीय समयानुसार शाम 7.30 बजे) से ईरानी बंदरगाहों की नौसैनिक नाकाबंदी लागू करना शुरू कर देंगी.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक नए ट्रुथ सोशल पोस्ट में कहा है कि अगर ईरान के “हमलावर जहाज़” अमेरिकी नौसैनिक नाके के पास आए, तो उन्हें “ख़त्म कर दिया जाएगा.”

जंग ख़त्म करने को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता फ़ेल होने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज़ स्ट्रेट को बंद करने की बात कही थी.

हालांकि सेंटकॉम का कहना है कि अमेरिकी सेनाएं होर्मुज़ स्ट्रेट से ग़ैर-ईरानी बंदरगाहों की ओर आने जाने वाले जहाज़ों की आवाजाही को नहीं रोकेंगी.

वहीं इस्लामाबाद में ईरान और अमेरिका की बातचीत नाकाम होने के बाद कच्चे तेल की क़ीमतें फिर से 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई हैं.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

SOURCE : BBC NEWS