Source :- LIVE HINDUSTAN
कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 में क्रिकेट और हॉकी होंगे। खेलमंत्री मनसुख मांडविया ने कंफर्म कर दिया है। दो भारतीय पारंपरिक खेल भी पक्के हैं।
खेलमंत्री मनसुख मांडविया ने सोमवार को कहा कि भारत में 2030 में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स में हॉकी और क्रिकेट जरूर रहेंगे जबकि कबड्डी, योगासन, खोखो और मलखम्ब जैसे पारंपरिक भारतीय खेलों में से भी दो को जगह दी जायेगी। राष्ट्रमंडल खेल अध्यक्ष डोनाल्ड रूकारे की अध्यक्षता में इसके प्रतिनिधिमंडल ने पिछले सप्ताह मेजबान शहर अहमदाबाद में तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने शुक्रवार को मांडविया से भी मुलाकात की थी।
ग्लास्गो में क्रिकेट और हॉकी नहीं
खेलमंत्री ने दिल्ली में बातचीत के दौरान पत्रकारों को बताया, ”हमारे पारंपरिक खेलों में से कबड्डी, मलखम्ब , खोखो और योगासन में से दो को शामिल करने का प्रयास है।” ग्लास्गो में इस साल होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में बजट में कटौती के लिए क्रिकेट और हॉकी को शामिल नहीं किया गया है लेकिन मांडविया ने कहा कि भारत में होने वाले खेलों में इनकी वापसी होगी। ग्लास्गो खेलों में सिर्फ दस खेल शामिल किए गए हैं जिनमें निशानेबाजी, कुश्ती और बैडमिंटन भी नहीं हैं। मांडविया ने कहा, ”क्रिकेट और हॉकी दोनों 2030 खेलों में होंगे।”
‘भारत में अब खेल प्राथमिकता में’
उन्होंने कहा, ”राष्ट्रमंडल खेल के अध्यक्ष यहां से काफी प्रभावित होकर गए हैं। खासकर खेलो इंडिया की विभिन्न श्रेणियों और अस्मिता खेलों से वह काफी प्रभावित हुए। भारत में अब खेलों को प्राथमिकता में रखा जा रहा है जिसका उन पर अच्छा प्रभाव पड़ा है।” भारत में 2010 के बाद पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन हो रहा है। एथलेटिक्स, पैरा एथलेटिक्स, तैराकी और पैरा तैराकी, टेबल टेनिस और पैरा टेबल टेनिस, बॉल और पैरा बॉल, भारोत्तोलन और पैरा भारोत्तोलन, कलात्मक जिम्नास्टिक, नेटबॉल और मुक्केबाजी 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स का हिस्सा होंगे। टी20 क्रिकेट , रग्बी सेवंस और हॉकी में से दो खेल इनमें शामिल होंगे।
‘भारत में होगी फॉर्मूला वन की वापसी’
वहीं, मांडविया ने कहा कि उन्हें यकीन है कि 2027 में भारत में फॉर्मूला वन रेस की वापसी होगी और इसके लिए कर संबंधी बाधाओं को दूर किया जायेगा जिसकी वजह से 2013 के बाद भारत में रेस नहीं हुई है। खेलमंत्री ने कहा कि ग्रेटर नोएडा में बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट में इस रेस के आयोजन के लिए कम से कम तीन कंपनियों ने दिलचस्पी दिखाई है। उन्होंने कहा, ”भारत में 2027 में फॉर्मूला वन रेस होगी। पहली रेस बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट में आयोजित की जाएगी।” भारत इससे पहले फॉर्मूला वन रेस इंडियन ग्रां प्री आयोजित कर चुका है, लेकिन कर और नौकरशाही संबंधी समस्याओं के कारण 2013 में तीसरे संस्करण के बाद इसे फॉर्मूला वन रेस के कैलेंडर से हटा दिया गया था।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



