Home विश्व समाचार बर्दाश्त नहीं करेंगे, ख्वाजा आसिफ ने ऐसा क्या किया कि भड़क गया...

बर्दाश्त नहीं करेंगे, ख्वाजा आसिफ ने ऐसा क्या किया कि भड़क गया इजरायल; पाकिस्तान को चेताया

22
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

पाकिस्तानी रक्षा मंत्री के बयान पर जवाब देते हुए इजरायली प्रधानमंत्री के कार्यालय ने एक चेतावनी जारी की है। इस बयान में इजरायल ने साफ साफ कह दिया है कि इस तरह के बयानों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

ईरान और अमेरिका के बीच बिचौलिया बनने की कोशिश में पाकिस्तान बुरी तरह फंस गया है। एक तरफ जहां लेबनान पर इजरायल के भीषण हमलों के बाद सीजफायर टूटने का खतरा मंडराने लगा है, वहीं दूसरी तरफ अब इजरायल ने पाकिस्तान को जोरदार फटकार लगाई है। इसकी वजह है पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ का एक बयान। इजरायल ने शुक्रवार को इस्लामाबाद में होने वाली US-ईरान शांति वार्ता से पहले ख्वाजा आसिफ के बयान पर सख्त नाराजगी जाहिर करते हुए साफ साफ कह दिया कि इस तरह की टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

दरअसल ख्वाजा आसिफ ने हाल ही में लेबनान पर हुए हमलों को लेकर इजरायल पर नरसंहार का आरोप लगाया था। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में ख्वाजा आसिफ ने इजरायल को बुरा, मानवता के लिए अभिशाप और कैंसर जैसा बताया। आसिफ ने कहा, “जब इस्लामाबाद में शांति वार्ता चल रही है, तब लेबनान में नरसंहार किया जा रहा है। इजरायल द्वारा निर्दोष नागरिकों को मारा जा रहा है; पहले गाजा, फिर ईरान और अब लेबनान, खून-खराबा लगातार जारी है।” उन्होंने आगे कहा, “मुझे उम्मीद है और मैं प्रार्थना करता हूं कि जिन लोगों ने यूरोपीय यहूदियों से छुटकारा पाने के लिए फिलिस्तीनी जमीन पर इस ‘कैंसर जैसे’ देश को बनाया, वे नरक में जलें।”

इजरायल भड़का

इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने पाकिस्तानी मंत्री की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इजरायल के विनाश के लिए उनकी अपील घोर आपत्तिजनक है। इजरायली पीएमओ ने कहा, “यह ऐसा बयान नहीं है जिसे किसी भी सरकार बर्दाश्त नहीं करेगी, खासकर उस डिग से तो बिल्कुल नहीं, जो शांति के लिए एक निष्पक्ष मध्यस्थ होने का दावा करती है।”

वहीं इजरायली विदेश मंत्री गिदोन सार ने भी आसिफ की टिप्पणियों की आलोचना करते हुए उन्हें यहूदी-विरोधी बताया और कहा कि शांति वार्ता में मध्यस्थता करने का दावा करने वाले देश के लिए ऐसी टिप्पणियां अनुचित हैं। सार ने कहा कि इजरायल को कैंसर जैसा बताना, असल में असल में उसके खुद की बर्बादी का कारण बन सकता है। सार ने आगे कहा कि इजरायल उन समूहों से अपनी रक्षा करना जारी रखेगा, जो उसे तबाह करने की धमकी देते हैं।

बातचीत के लिए इजरायल- नेतन्याहू

इस बीच इजरायली मीडिया ने बेंजामिन नेतन्याहू के बयान का हवाला देते हुए बताया कि इजरायल लेबनान के साथ जितनी जल्दी हो सके सीधी शांति वार्ता शुरू करेगा। बता दें कि बीते दो दिनों में इजरायल ने लेबनान में हिजबुल्लाह पर बड़ा हमला किया है। इजरायली हमले में लगभग 300 लोगों के मारे जाने की खबर भी है। वहीं लेबनान पर इजरायली हमलों के बाद ईरान ने चेतावनी दी है कि इन हमलों ने बातचीत को बेमानी बना दिया है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN