Home विश्व समाचार तेहरान पर परमाणु हमला? UN डिप्लोमेट ने किया सनसनीखेज दावा; फिर दे...

तेहरान पर परमाणु हमला? UN डिप्लोमेट ने किया सनसनीखेज दावा; फिर दे दिया इस्तीफा

9
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

संयुक्त राष्ट्र से जुड़े कार्यकर्ता और पैट्रियटिक विजन एसोसिएशन के मुख्य प्रतिनिधि मोहम्मद सफा ने मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध के बीच अंतरराष्ट्रीय संगठन पर गंभीर आरोप लगाते हुए अपनी कूटनीतिक जिम्मेदारियों से इस्तीफा दे दिया है।

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच संयुक्त राष्ट्र में डिप्लोमेट रहे पैट्रियटिक विजन एसोसिएशन (PVA) के मुख्य प्रतिनिधि मोहम्मद सफा ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि संयुक्त राष्ट्र तेहरान पर संभावित परमाणु हमले की तैयारी कर रहा है। हालांकि इस दावे के साथ ही सफा ने अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी घोषणा में सफा ने लिखा कि वे इस ‘मानवता के खिलाफ अपराध’ के गवाह या हिस्सेदार नहीं बनना चाहते। उन्होंने अपनी सभी जिम्मेदारियां छोड़ दी हैं, ताकि ‘न्यूक्लियर विंटर’ को बहुत देर होने से पहले रोका जा सके। इस दौरान सफा ने आरोप लगाया कि संयुक्त राष्ट्र के कुछ वरिष्ठ अधिकारी किसी शक्तिशाली लॉबी के हितों की सेवा कर रहे हैं, न कि संयुक्त राष्ट्र के मूल सिद्धांतों की।

सोशल मीडिया पर सफा ने क्या लिखा?

इस दौरान सफा ने अंतरराष्ट्रीय संगठन पर ईरान में संभावित परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की स्थिति के लिए तैयारी करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के माध्यम से अपना इस्तीफा घोषित किया और एक पत्र भी जारी किया, जिसमें उन्होंने अपने फैसले के कारणों का विस्तार से उल्लेख किया। अपने पत्र में सफा ने कहा कि उन्होंने लंबे विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया है। उन्होंने दावा किया कि संयुक्त राष्ट्र के कुछ वरिष्ठ अधिकारी एक शक्तिशाली लॉबी के हितों की सेवा कर रहे हैं, न कि संगठन के मूल उद्देश्यों की। पोस्ट की शुरुआत उन्होंने तेहरान की एक तस्वीर के साथ की और लिखा कि मुझे नहीं लगता कि लोग स्थिति की गंभीरता को समझते हैं, क्योंकि संयुक्त राष्ट्र ईरान में संभावित परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की तैयारी कर रहा है।

तेहरान की तस्वीर के साथ पोस्ट

पोस्ट में उन्होंने आगे लिखा कि यह तेहरान की तस्वीर है। आप जैसे अनुभवहीन, कभी सेना में सेवा न कर चुके युद्ध के पैरोकारों के लिए, जो बमबारी के विचार से उत्साहित हो जाते हैं, यह कोई खाली रेगिस्तान नहीं है। यहां परिवार हैं, बच्चे हैं, पालतू जानवर हैं और सपने देखने वाले आम मेहनतकश लोग हैं। युद्ध की चाह रखना आपकी बीमारी है। सफा ने बताया कि तेहरान लगभग एक करोड़ लोगों का शहर है। उन्होंने पाठकों से वाशिंगटन, बर्लिन, पेरिस, लंदन या अन्य किसी बड़े शहर पर परमाणु हमले की कल्पना करने को कहा।

बहुत देर होने से पहले रोका जा सके

उन्होंने लिखा कि मैंने इस जानकारी को सार्वजनिक करने के लिए अपना राजनयिक करियर त्याग दिया है। मैंने अपने कर्तव्यों को निलंबित कर दिया ताकि मैं मानवता के खिलाफ इस अपराध का हिस्सा या गवाह न बनूं और न्यूक्लियर विंटर को बहुत देर होने से पहले रोका जा सके। इस दौरान सफा ने अमेरिका में हाल ही में हुए ‘नो किंग्स’ विरोध प्रदर्शनों का भी जिक्र किया, जहां करीब एक करोड़ लोगों ने हिस्सा लिया। उन्होंने परमाणु हथियारों की संभावना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि इसे हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए। अंत में उन्होंने अपील की कि अभी कार्रवाई करें। इस संदेश को दुनिया भर में फैलाएं। सड़कों पर उतरें। अपनी मानवता और भविष्य के लिए प्रदर्शन करें। केवल जनता ही इसे रोक सकती है। इतिहास हमें याद रखेगा।

2023 में ही देना चाहते थे इस्तीफा

सफा ने यह भी बताया कि वे 2023 से ही इस्तीफा देना चाहते थे और तीन वर्ष तक धैर्य बनाए रखा। उन्होंने दुनिया भर के चल रहे संघर्षों का उल्लेख किया और कहा कि संयुक्त राष्ट्र के कुछ अधिकारी इजरायल और अमेरिका पर अंतरराष्ट्रीय कानून के उल्लंघन का आरोप लगाने से बचते रहे। अक्टूबर 2023 में हमास के इजरायल पर हमले के बाद, जब सफा ने अपनी चिंताएं व्यक्त कीं और एक अलग दृष्टिकोण रखा, तो उन्हें आलोचना और आरोपों का सामना करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि संयुक्त राष्ट्र ने उन्हें छोड़ दिया है, उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकियां मिली हैं तथा कुछ वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें सेंसर किया है।

हालांकि अभी तक संयुक्त राष्ट्र ने मोहम्मद सफा के इस्तीफे और आरोपों पर अभी तक कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN