Source :- LIVE HINDUSTAN
युद्ध के बीच ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने इराक के लोगों और वहां के नेतृत्व को धन्यवाद दिया है। उन्होंने इस युद्ध के दौर में इराक की जनता द्वारा ईरान के लिए चलाए गए सहायता अभियान की सराहना की है।
ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई का नया संदेश चर्चा का विषय बना हुआ है। 28 फरवरी के हमले में अपने परिवार के साथ घायल हुए मोजतबा तभी से सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं। अमेरिका और इजरायल से जुड़े कई सूत्रों ने कई बार तो उन्हें मृत करार तक दे दिया था। लेकिन बार-बार यह दावे खारिज होते रहे। अब नए खामेनेई की तरफ से एक संदेश सामने आया है, जिसमें उन्होंने इराक के नेतृत्व और वहां की जनता द्वारा ईरान को दिए जा रहे समर्थन की सराहना की है।
ईरान की सरकारी मीडिया के मुताबिक, बगदाद में मौजूद राजदूत मोहम्मद काजेम अल सादेग ने इराक के इस्लामिक काउंसिल के प्रमुख को यह संदेश दिया। राजदूत ने खामेनेई की ओर से इराक के ‘साहसी और स्पष्ट’ रुख की सराहना की, साथ ही उसके धार्मिक नेतृत्व द्वारा अपनाए गए ‘ईमानदार रुख’ की भी तारीफ की।
रिपोर्ट के मुताबिक इस संदेश में इराक की जनता द्वारा ईरान के समर्थन में दिखाई गई एकजुटता का जिक्र किया गया। इसके अलावा ईरान के समर्थन में चलाए गए सहायता अभियान के लिए भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इससे ईरान के लोगों के मन में इराक के प्रति गहरा जुड़ाव हुआ है। बता दें, यह संदेश ऐसे समय में सामने आया है, जब अमेरिका और इजरायल लगातार तेहरान के ऊपर हमला कर रहे हैं। ईरान के बड़े-बड़े उद्योगों को निशाना बनाया जा रहा है।
इराक को क्यों दिया धन्यवाद?
28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा शुरू किए गए हमलों का इराक की जनता से भारी विरोध किया था। इराक में मौजूद ईरान समर्थित समूहों ने अमेरिका के ठिकानों पर ड्रोन्स और रॉकेट्स से हमला किया था। इन हमलों में कुछ राजनयिक और सैन्य ठिकाने क्षतिग्रस्त भी हुए थे। इसके बाद ईरान का युद्ध, इराक में भी बढ़ने की आशंका बढ़ गई है।
गौरतलब है कि मोजतबा खामेनेई ने 28 फरवरी को अपनी पिता की मौत के बाद सुप्रीम लीडर का पद संभाला है। हालांकि, तब से लेकर अब तक वह सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं। हालांकि ईरानी अधिकारी उनके संदेश सरकारी मीडिया के जरिए जारी करते रहे हैं। पिछले सप्ताह जारी एक बयान में खामेनेई ने कहा था कि ईरान ने अपने विरोधियों को “चकरा देने वाला झटका” दिया है और देश में एकता व दृढ़ता पर जोर दिया। उन्होंने ईरान और उसके सहयोगियों को क्षेत्र के अन्य हिस्सों में हुए हमलों से जोड़ने के आरोपों को भी खारिज करते हुए इसे दुश्मनों की “भ्रामक चाल” बताया।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



