Home राष्ट्रीय समाचार ईरान और इसराइल का मीडिया ट्रंप के ‘बातचीत’ वाले बयान पर...

ईरान और इसराइल का मीडिया ट्रंप के ‘बातचीत’ वाले बयान पर क्या कह रहा है?

10
0

Source :- BBC INDIA

डोनाल्ड ट्रंप

इमेज स्रोत, Roberto Schmidt/Getty Images

ईरानी अधिकारियों ने इस बात से साफ़ इनकार किया है कि सीज़फ़ायर को लेकर उनकी अमेरिका से कोई बातचीत चल रही है. वहां के मीडिया ने भी यही रुख़ अपनाया हुआ है.

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 23 मार्च को कहा कि उन्होंने ईरान के साथ ‘बहुत अच्छी बातचीत’ के बाद ईरानी ठिकानों पर किसी भी तरह के हमलों को पांच दिनों के लिए टालने का फ़ैसला किया है.

ट्रंप ने 21 मार्च को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था, जिसमें चेतावनी दी गई थी कि यदि ईरान ने होर्मुज़ स्ट्रेट नहीं खोला, तो ईरान के पावर प्लांट्स को निशाना बनाया जाएगा.

ईरान के मुख्य सैन्य कमान ख़त्म-उल-अंबिया सेंट्रल हेडक़्वार्टर्स के प्रवक्ता ने होर्मुज़ स्ट्रेट पर साझा नियंत्रण के ट्रंप के सुझाव को ख़ारिज करते हुए कहा कि फ़ारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी में पूरी तरह ईरान का नियंत्रण है.

कर्नल इब्राहिम ज़ोलफ़क़ारी ने कहा कि “क्षेत्र के बाहर के देशों को फ़ारस की खाड़ी की सुरक्षा व्यवस्था में हस्तक्षेप करने का कोई अधिकार नहीं है,” और यह भी ज़ोर दिया कि ईरान की सशस्त्र सेनाएं क्षेत्रीय देशों के साथ मिलकर बिना बाहरी दखल के वहां की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकती हैं.

क्या कह रहा है ईरानी मीडिया

तेहरान में अमेरिका और इसराइल के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन (तस्वीर- 13 मार्च)

इमेज स्रोत, Majid Saeedi/Getty Images

कट्टरपंथी सांसद इस्माइल कोवसारी ने कहा कि “अमेरिका के साथ बातचीत को लेकर कोई कदम नहीं उठाया गया है और न ही उठाया जाएगा,” उन्होंने ट्रंप को “लापरवाह जुआरी” बताया.

संसद के उपाध्यक्ष अली निकज़ाद ने कहा, “हम ऐसे झूठे व्यक्ति से बातचीत नहीं करेंगे जिसमें सम्मान, मानवता या विवेक का कोई निशान नहीं है.”

कई कट्टरपंथी नेताओं और सरकार समर्थक ऑनलाइन यूज़र्स ने ट्रंप के रुख़ में बदलाव को उनके “पीछे हटने” के तौर पर पेश किया.

24 मार्च को, कुछ अखबारों ने लिखा कि ट्रंप ईरान के साथ बातचीत के बारे में “साफ़ तौर पर झूठ बोल रहे हैं” और उनके रुख़ को ‘कायरता’ कहा.

शॉर्ट वीडियो देखिए

प्लेबैक आपके उपकरण पर नहीं हो पा रहा

कट्टरपंथी माने जाने वाले अख़बार फ़रहीक्तगॉन ने चेतावनी दी कि बातचीत के संकेत को अलग-थलग नहीं देखना चाहिए, बल्कि इसे अमेरिका की बहु-स्तरीय रणनीति के हिस्से के रूप में समझना चाहिए, जिसमें राजनीतिक, आर्थिक और खुफ़िया लक्ष्य शामिल हैं.

अल्ट्रा कंजर्वेटिव माने जाने वाले नेता सईद जलीली ने होर्मुज़ स्ट्रेट पर ट्रंप के बदलते रुख़ का मज़ाक उड़ाते हुए इसे ‘पीछे हटना’ क़रार दिया.

आईआरजीसी से जुड़ी फ़ार्स न्यूज़ एजेंसी को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि “चार दशकों में ईरान को अमेरिका के साथ बातचीत से कभी कोई फ़ायदा नहीं हुआ” और अमेरिका की धमकियों के जवाब में ईरान को हमले करने पड़े.

पत्रकार पयम फ़ज़्लीनेजाद ने कहा कि अमेरिका अब मनोवैज्ञानिक युद्ध पर उतर सकता है और “धोखे के ज़रिए हमारी जीत को हार में बदल सकता है.”

‘अमेरिका कर रहा है फूट डालने की कोशिश’

तेहरान में आईआरजीसी के प्रवक्ता जनरल अली मोहम्मद नैनी के जनाज़े में उमड़े लोग (तस्वीर: 21 मार्च)

इमेज स्रोत, Fatemeh Bahrami/Anadolu via Getty Images

कट्टरपंथी मीडिया और कुछ यूज़र्स ने उन रिपोर्ट्स का भी खंडन किया जिनमें कहा गया था कि अमेरिकी अधिकारियों ने ईरान के संसद अध्यक्ष मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़ से संपर्क किया है.

एक इसराइली अधिकारी के हवाले से एक्सियोस ने रिपोर्ट की थी कि ट्रंप के दूत स्टीव विटकॉफ़ और जेराड कुशनर ने ग़ालिबाफ़ से संपर्क किया था, जबकि कुछ अन्य सूत्रों ने दावा किया था कि अमेरिका ने उनके और अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के बीच बातचीत का प्रस्ताव रखा था.

आईआरजीसी की क़रीबी तस्नीम न्यूज़ एजेंसी ने 24 मार्च को कहा कि ऐसी रिपोर्ट्स का मकसद ईरान में आंतरिक मतभेद पैदा करना है.

इसी तरह फ़ार्स ने भी कहा कि यह ‘गढ़ी हुई’ बातचीत की कहानी ग़ालिबाफ़ की छवि खराब करने, मतभेद पैदा करने और ‘हत्या की ज़मीन तैयार करने’ के लिए बनाई गई है.

क्या कह रहा है इसराइली मीडिया

तेल अवीव में ईरानी मिसाइल से ध्वस्त हुई एक इमारत (तस्वीर: 24 मार्च)

इमेज स्रोत, Erik Marmor/Getty Images

वहीं 24 मार्च को इसराइली मीडिया ने अमेरिका के इस एलान पर चिंता जताई कि वह ईरान के साथ बातचीत कर रहा है, हालांकि उसने ईरान की एनर्जी फ़ैसिलिटीज़ पर हमले टालने के डोनाल्ड ट्रंप के फ़ैसले की सीधे आलोचना करने से परहेज़ किया.

इससे एक दिन पहले, इसराइली मीडिया ने रिपोर्ट की थी कि होर्मुज़ स्ट्रेट को फिर से खोलने के लिए ट्रंप का ईरान को दिया गया 48 घंटों का अल्टीमेटम लड़ाई की दिशा तय करने वाला एक अहम मोड़ साबित हो सकता था.

तब दक्षिणपंथी मीडिया ने अमेरिका के संभावित हमलों का स्वागत किया और इसे अमेरिका के तुरंत फ़ैसले लेने की ताक़त बताया.

हालांकि इसके बाद ट्रंप ने घोषणा की कि उन्होंने हमला करने के इस फ़ैसले को टाल दिया है और कूटनीतिक समाधान तक पहुंचने के लिए वो ईरान के साथ बातचीत कर रहे हैं.

लेकिन ईरान ने ऐसी किसी भी बातचीत से इनकार किया है.

प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने 23 मार्च को एक वीडियो संदेश में कहा कि इसराइल के पास इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्सेस और अमेरिकी सेना की ‘बड़ी उपलब्धियों’ का फ़ायदा उठाकर समझौते के ज़रिए युद्ध के लक्ष्यों को हासिल करने का मौक़ा है.

नेतन्याहू ने यह भी कहा कि ईरान के साथ कोई समझौता इसराइल के ‘अहम हितों’ की रक्षा करेगा.

इसराइली मीडिया में डील पर बहस

चैनल 12 न्यूज़

इमेज स्रोत, Channel 12 News

इसराइली मीडिया ने चिंता जताई है कि अगर बातचीत होती है, तो ईरान इसराइल की अहम मांगों को मानने के लिए तैयार नहीं होगा.

इस डील को लेकर 24 मार्च को येदिओट अहरनॉट अख़बार की हेडलाइन थी- ‘चिंताजनक समर्पण’

अख़बार में कॉलम लिखने वाले मशहूर लेखक बेन-ड्रोर येमिनी ने लिखा, “डर है कि फिर से वही होगा. ईरान कभी युद्ध नहीं जीतता, लेकिन बातचीत में कभी हारता भी नहीं.”

उन्होंने कहा, “भले ही ट्रंप का झुकने का इरादा न हो, लेकिन जैसे ही उन्होंने बातचीत का रास्ता चुना, ईरान ठीक उसी जगह पहुंच गया जहाँ वह चाहता था.”

23 मार्च को चैनल 12 न्यूज़ पर विशेषज्ञों ने चर्चा की कि क्या कोई समझौता सच में ईरान के परमाणु कार्यक्रम को रोक पाएगा. कुछ ने निराशा जताई और कहा कि इसराइल को तब तक ईरान पर हमले जारी रखने चाहिए, जब तक कोई और निर्देश न मिले.

चैनल 12 की संवाददाता डाना वेस ने कहा कि इसराइल की सुरक्षा कैबिनेट के भीतर समझौते की संभावना को लेकर मतभेद हैं.

उनके अनुसार, एक वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी ने कहा कि उन्हें समझौते की “कोई संभावना नहीं” दिखती.

रिपोर्ट के मुताबिक, उस अधिकारी ने कहा कि ईरान के अपनी प्रमुख मांगों-जैसे एनरिच्ड यूरेनियम सौंपना, परमाणु कार्यक्रम खत्म करना और मिसाइल भंडार कम करना, को मानने की संभावना बहुत कम है.

शॉर्ट वीडियो देखिए

प्लेबैक आपके उपकरण पर नहीं हो पा रहा

SOURCE : BBC NEWS