Source :- LIVE HINDUSTAN
सेंसेक्स की टॉप-10 सबसे बड़ी कंपनियों में से 5 के मार्केट कैप में बीते सप्ताह 1 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। HDFC समेत सेंसेक्स की 5 दिग्गज कंपनियों को तगड़ा झटका लगा। आइए जरा विस्तार से जानते हैं कि किस-किस कंपनी के मार्केट कैप में ज्यादा उतार और चढ़ाव आया?
सेंसेक्स की टॉप-10 सबसे बड़ी कंपनियों में से 5 के मार्केट कैप में बीते सप्ताह 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक की गिरावट आई। सबसे ज्यादा नुकसान में एचडीएफसी बैंक रहा। पिछले सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 30.96 अंक या 0.04 प्रतिशत नीचे आया, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 36.6 अंक या 0.15 प्रतिशत टूट गया। आइए जरा विस्तार से जानते हैं कि किन कंपनियों के मार्केट कैपिटलाइजेशन में ज्यादा उतार और चढ़ाव देखने को मिला।
इन कंपनियों के मार्केट कैपिटलाइजेशन में उतार चढ़ाव
पिछले सप्ताह में जहां एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), बजाज फाइनेंस और हिंदुस्तान यूनिलीवर के मार्केट कैपिटलाइजेशन में गिरावट आई, वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), इन्फोसिस और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) का मार्केट कैप बढ़ गया।
टॉप-10 में 5 कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन कुल 1,02,771.87 करोड़ रुपये कम हो गया। सप्ताह के दौरान एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैप 56,124.48 करोड़ रुपये घटकर 12,01,267.28 करोड़ रुपये रह गया।
हिंदुस्तान यूनिलीवर का मार्केट कैपिटलाइजेशन 18,009.62 करोड़ रुपये घटकर 4,89,631.32 करोड़ रुपये रह गई। बजाज फाइनेंस के मार्केट कैपिटलाइजेशन में 15,338.42 करोड़ रुपये की कमी आई और यह 5,16,715.12 करोड़ रुपये पर आ गया।
टीसीएस का मार्केट कैपिटलाइजेशन 7,127.63 करोड़ रुपये घटकर 8,64,940 करोड़ रुपये और आईसीआईसीआई बैंक का मूल्यांकन 6,171.72 करोड़ रुपये घटकर 8,91,673.06 करोड़ रुपये रह गया। इस रुख के उलट रिलायंस इंडस्ट्रीज का मूल्यांकन 45,942.75 करोड़ रुपये बढ़कर 19,14,235.92 करोड़ रुपये हो गया।
भारती एयरटेल का मार्केट कैपिटलाइजेशन 24,462.03 करोड़ रुपये बढ़कर 10,52,893.75 करोड़ रुपये और एसबीआई का मूल्यांकन 10,707.52 करोड़ रुपये बढ़कर 9,76,968.57 करोड़ रुपये रहा।
एलआईसी का मार्केट कैपिटलाइजेशन 2,624.88 करोड़ रुपये बढ़कर 4,91,610.45 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इन्फोसिस की बाजार हैसियत 2,473.79 करोड़ रुपये बढ़कर 5,08,789.37 करोड़ रुपये हो गई।
टॉप-10 कंपनियों की लिस्ट में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर रही। उसके बाद क्रमश: एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक, टीसीएस, बजाज फाइनेंस, इन्फोसिस, एलआईसी और हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड का स्थान रहा।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



